भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर अमरीका यात्रा के दौरान चुनाव आयोग के खिलाफ की गई टिप्पणियों को लेकर भारतीय लोकतंत्र को बदनाम करने का आरोप लगाया। आज नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत में पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि भारत में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव प्रणाली है। उन्होंने कहा कि विदेश में भारत का अपमान करने वाले राहुल गांधी को याद रखना चाहिए कि वह नेशनल हेराल्ड मामले में भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे हैं और 50 हजार रुपये के मुचलके पर जमानत पर हैं।
बॉस्टन में कल भारतीय प्रवासियों को संबोधित करते हुए श्री गांधी ने आरोप लगाया था कि भारत में चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं रहा। श्री पात्रा ने नेशनल हेराल्ड मामले से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी कांग्रेस की आलोचना की।