बैडमिंटन में भारतीय खिलाड़ियों ने ताइपे ओपन सुपर 300 में कई वर्गों के दूसरे दौर में प्रवेश करने के साथ ही अपने अभियान की मजबूत शुरूआत की। पुरूष सिंगल्स में किदांबी श्रीकांत ने अपने ही देश के शंकर सुब्रह्मण्यम को पहले दौर में 21-16, 21-15 से हराया।
दूसरे दौर में आज श्रीकांत का सामना भारत के ही आयुष शेट्टी से होगा, जिन्होंने चीनी ताइपे के तीसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी ली चिया हाओ को 21-17, 21-18 से हराया। यह मैच भारतीय समय के अनुसार सुबह साढे़ 11 बजे शुरू हो सकता है।
अन्य मैचों में तरूण मन्नेपल्ली ने जापान के शोगो ओगावा को 21-17, 19-21, 21-12 से हराया। मन्नेपल्ली आज सुबह 10 बजकर 50 मिनट पर इंडोनेशिया के मोहम्मद जकी उबैदिल्लाह के साथ खेलेंगे।
महिला सिंगल्स के दूसरे दौर में प्रवेश करने के लिए उन्नति हुडा ने अपने ही देश की अनुपमा उपाध्याय को 21-13, 21-17 से हरा दिया। आज उनका सामना ताइपे की लिन शीह यून के साथ होगा। यह मैच सुबह 10 बजकर 10 मिनट पर शुरू होगा।