प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज क्रोएशिया की राजधानी जाग्रेब पहुंचे। किसी भारतीय प्रधानमंत्री की क्रोएशिया की यह पहली यात्रा है। यह ऐतिहासिक यात्रा द्विपक्षीय संबंधों में एक नया अध्याय है। क्रोएशिया के प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच ने फ्रांजो टुडमैन हवाई अड्डे पर उनकी अगवानी की। श्री मोदी का पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ स्वागत किया गया। औपचारिक स्वागत के दौरान, क्रोएशियाई बच्चों ने नमस्ते अभिवादन के साथ उनका स्वागत किया। क्रोएशिया के आध्यात्मिक लोगों के समूह ने वैदिक मंत्रों का जाप किया और स्थानीय नर्तकियों ने कत्थक नृत्य प्रस्तुत किया। श्री मोदी ने भारतीय प्रवासियों और भारत के क्रोएशियाई मित्र से मुलाकात की।
प्रधानमंत्री मोदी आज क्रोएशिया के प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच के साथ उनके आधिकारिक निवास पर प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। वे महत्वपूर्ण सहयोग और बहुपक्षीय मुद्दों पर बातचीत कर सकते हैं। वार्ता के बाद कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इसके बाद दोनों नेता मातृभूमि के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और शहर के केंद्र का दौरा करेंगे, जो लोगों के बीच बढ़ते संबंधों का प्रतीक है।
भारत और क्रोएशिया विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी, कृषि, शिक्षा और संस्कृति के क्षेत्रों में प्रमुख समझौतों पर हस्ताक्षर करेंगे। विज्ञान में सहयोग का एक कार्यक्रम संयुक्त अनुसंधान और ज्ञान के आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करेगा, जबकि एक व्यापक कृषि समझौता प्राथमिकता वाले 30 क्षेत्रों के संदर्भ में होगा। 2030 तक सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम के विस्तार पर एक समझौते पर भी हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। इसमें प्रदर्शन कला, संग्रहालय, पुरातत्व और मीडिया शामिल हैं। जाग्रेब विश्वविद्यालय में हिंदी चेयर का भी विस्तार किया जाएगा, जिससे भारत की भाषाई और शैक्षिक पहुंच को बढ़ावा मिलेगा। यह यात्रा आतंकवाद पर भारत के रुख और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सीट के लिए उसके दावे के लिए क्रोएशिया से बढ़ते समर्थन के बीच हो रही है। दोनों देशों के बीच भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते और यूरोप, पश्चिम एशिया और भारत को जोड़ने वाले व्यापक संपर्क गलियारों के संदर्भ में तालमेल की संभावनाएं तलाशे जाने की भी आशा है।