प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में वर्ल्ड फूड इंडिया 2025 का उद्घाटन करेंगे। चार दिवसीय इस आयोजन में खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में भारत की क्षमताओं का प्रदर्शन किया जाएगा। इससे अंतर्राष्ट्रीय सहयोग और निवेश के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस आयोजन में 21 से अधिक देशों, 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों तथा दस केंद्रीय मंत्रालयों की भागीदारी होगी। वर्ल्ड फूड इंडिया में, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम औपचारिकीकरण योजना के तहत खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में सूक्ष्म परियोजनाओं के लिए लगभग 26 हजार लाभार्थियों को 770 करोड़ रुपये से अधिक की ऋण-आधारित सहायता प्रदान की जाएगी। इस आयोजन में सीईओ गोलमेज सम्मेलन, तकनीकी सत्र, प्रदर्शनियां और व्यावसायिक बातचीत सहित कई सत्र आयोजित होंगे।