प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्रीलंका यात्रा के दौरान कोलम्बो में राष्ट्रपति सचिवालय में श्रीलंकाई राष्ट्रपति अनुरा दिसानायके के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की है। दोनों नेताओं की बातचीत भारत तथा श्रीलंका के बीच निकटतम द्विपक्षीय सहयोग को और सुदृढ बनाने पर केन्द्रित रही। दोनों नेताओं ने साझा भविष्य के लिए मजबूत भागीदारी के संयुक्त दृष्टिकोण पर प्रतिबद्धता जताई। श्री मोदी को श्रीलंका के राष्ट्रपति ने मित्र विभूषण से सम्मानित किया और कहा कि यह दोनों राष्ट्रों के बीच मित्रता का प्रतीक है।
दोनों नेताओं ने सामपुर बिजली परियोजना के शिलान्यास समारोह में ऑनलाईन भागीदारी की। यह परियोजना एनटीपीसी और सिलोन बिजली बोर्ड संयुक्त रूप से पूरी करेंगे। इसका उद्देश्य श्रीलंका की ऊर्जा सुरक्षा में वृद्धि करना है।
भारत दामबुल्ला में तापमान नियंत्रित कृषि गोदाम स्थापित करने में मदद करेगा। इसके अलावा पांच हजार धार्मिक संस्थानों की छतों पर सौर ऊर्जा प्रणाली लगाने में भारत मदद करेगा। इससे श्रीलंका में 25 मेगावॉट बिजली की वृद्धि होगी। प्रधानमंत्री विपक्ष के नेता साजित प्रेमदासा और तमिल राजनीतिक दलों के नेताओं से भी मिले।