38वें राष्ट्रीय खेलों के तहत प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर ट्रायथलॉन प्रतियोगिता का आयोजन जारी है। 26 जनवरी से शुरू हुई ये प्रतियोगिता 30 जनवरी तक आयोजित की जाएगी। हल्द्वानी के गौलापार स्टेडिएम में 27 जनवरी को आयोजित तैराकी, साइकिलिंग और दौड़ वाली ट्रायथलॉन मिक्स्ड रिले प्रतियोगिता में महाराष्ट्र ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता।
महाराष्ट्र की चार सदस्यीय टीम ने इस प्रतियोगिता को पूरा करने में दो घंटा बारह मिनट और छह सैकेंड का समय लिया। टिहरी के शिवपुरी स्थित सैंड बीच पर कल बीच हैंडबॉल लीग मैचों की शुरुआत हुई। पहले दिन पुरुषों और महिलाओं के विभिन्न पूलों में रोमांचक मुकाबले खेले गए। पुरुषों के मैच पूल ए में उत्तराखंड ने तेलंगाना को 17-6 और 19-12 के स्कोर से हराकर 2-0 से जीत दर्ज की।
उत्तराखंड की टीम के दिग्गज खिलाड़ी दिनेश ने 14 और भूपेंद्र सिंह ने 13 गोल किए। इस तरह एस.एस.सी.बी ने झारखंड को 2-0, उत्तर प्रदेश ने आंध्र प्रदेश को 2-0, राजस्थान ने गोवा को 2-0 से हराया। वहीं, महिलाओं के मैच पूल ए में उत्तराखंड को महाराष्ट्र के खिलाफ 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। साथ ही हरियाणा ने असम को 2-0 से हराया।