पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ की अध्यक्षता में देहरादून स्थित पुलिस मुख्यालय में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी का उद्देश्य नये आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए न्याय प्रक्रिया की आवश्यकताओं, मशीनों, उपकरणों और अन्य संयत्रों की मांग और आकलन पर विचार करना था। गोष्ठी में पुलिस, न्याय विभाग, एफएसएल, सीआईडी, एसटीएफ, साइबर क्राइम, अभियोजन और कारागार विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान पुलिस महानिदेशक ने विभिन्न विभागों को मशीनों, उपकरणों और अन्य संयत्रों की एकरूपता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इनकी कीमतों का समेकित आकलन किया जाना चाहिए। उन्होंने मशीनों और उपकरणों की कीमतों में समानता के लिए सभी विभागों के लिए एक औचित्यपूर्ण प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।