पराग्वे के राष्ट्रपति सैंटियागो पेना पालासिओस तीन दिन की भारत यात्रा पर आज सुबह नई दिल्ली पहुंचे। विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने उनसे भेंट की और दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ाने के लिए राष्ट्रपति सैंटियागो की सकारात्मक भावनाओं और मार्गदर्शन की सराहना की।
डॉ. जयशंकर ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ श्री पालासिओस की बातचीत से पैराग्वे और दक्षिण अमरीका के साथ भारत के जुड़ाव के नए मार्ग खुलेंगे। पैराग्वे लैटिन अमरीका में भारत का एक महत्वपूर्ण व्यापारिक साझेदार देश है।
राष्ट्रपति सैंटियागो पेना पालासिओस आज दोपहर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ बातचीत करेंगे, इस दौरान दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों के संपूर्ण पहलुओं की समीक्षा करेंगे। श्री पालासिओस का राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से भी मिलने का कार्यक्रम है।
राष्ट्रपति सैंटियागो पेना बुधवार को मुंबई जाएंगे और वे वहां पर महाराष्ट्र के राजनीतिज्ञों, व्यापार तथा उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और तकनीकी कर्मियों से भेंट करेंगे।
भारत तथा पैराग्वे के बीच राजनयिक संबंध वर्ष 1961 में स्थापित हुए थे और तब से दोनों देशों के बीच मधुर और मैत्रीपूर्ण संबंध बने हुए हैं। भारत और पैराग्वे ने व्यापार, कृषि, स्वास्थ्य, फार्मास्यूटिकल्स तथा सूचना प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाया है।
ऑटोमोबाइल और फार्मास्यूटिकल्स क्षेत्र की कई भारतीय कंपनियां पैराग्वे में मौजूद हैं। वहीं पैराग्वे की कंपनियां भी भारत में कारोबार करती हैं। भारत और पैराग्वे संयुक्त राष्ट्र सुधार, जलवायु परिवर्तन, नवीकरणीय ऊर्जा तथा आतंकवाद से निपटने सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर एक समान विचार रखते हैं।