राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कल नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में पहले नागरिक अलंकरण समारोह में वर्ष 2025 के लिए 71 प्रतिष्ठित हस्तियों को पद्म पुरस्कार प्रदान किए। इनमें से चार पद्म विभूषण, 10 पद्म भूषण और 57 पद्मश्री प्रदान किया गया।
मध्य प्रदेश के लोक गायक भेरूसिंह चौहान को कला क्षेत्र और श्रीमती शालिनी देवी होलकर को व्यापार एवं उद्योग क्षेत्र में हथकरघा उद्योग को बढ़ावा देने और कारीगरों के सशक्तिकरण के लिए किए गए उत्कृष्ट योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया है।
इसके अलावा डी. नागेश्वर रेड्डी को चिकित्सा क्षेत्र में और डॉ. लक्ष्मीनारायण सुब्रमण्यम को कला के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्म विभूषण प्रदान किया गया। पद्म भूषण से सम्मानित होने वालों में नंदमुरी बालकृष्ण, शेखर कपूर, भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान श्रीजेश पी. आर. शामिल हैं। पद्मश्री से सम्मानित होने वालों में क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन, भारतीय स्टेट बैंक की पूर्व अध्यक्ष अरुंधति भट्टाचार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश की दो विभूतियों को पद्मश्री सम्मान से सम्मानित किए जाने पर हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी है।