अगस्त 26, 2025 10:22 अपराह्न

printer

जम्मू-कश्मीर में वर्षा से जुड़ी घटनाओं में 10 लोगों की मौत, माता वैष्णो देवी यात्रा स्थगित

जम्मू-कश्मीर में वर्षा से जुड़ी घटनाओं में 10 लोगों की मौत हो गई है। श्री माता वैष्णो देवी यात्रा स्थगित कर दी गई है। मंदिर मार्ग पर भारी वर्षा के कारण भूस्खलन में छह लोगों की मौत हो गई है और 18 अन्य घायल हो गए हैं। हिमकोटि मार्ग भी बंद कर दिया गया है। डोडा जिले में भी चार लोगों मौत हो गई है। जम्मू क्षेत्र के कुछ इलाकों में विद्युत आपूर्ति और इंटरनेट सेवाएं प्रभावित हैं। आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर सभी सरकारी कार्यालय कल बंद रहेंगे। इस बीच, बाढ़ प्रभावित जिलों में बचाव कार्यों से जुड़े अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।

    वर्षा के कारण अधिकांश नदियाँ खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने स्थिति से निपटने के लिए श्रीनगर में एक उच्च-स्तरीय बैठक की। उन्‍होंने हाई अलर्ट बनाए रखने और त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

    तवी, चिनाब, नेरू और कलनई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। मौसम विभाग ने लगातार बारिश का अनुमान जताया है, जिससे और अधिक जलभराव का खतरा बढ़ गया है। मरमत और तांता में तीन पुल और 15 घर बह गए। जम्मू संभाग के सभी सरकारी और निजी स्कूल आज लगातार दूसरे दिन भी बंद रहे। जम्मू कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड ने कल होने वाली कक्षा 10वीं और 11वीं की परीक्षा स्थगित कर दी है। जम्मू में, प्रमुख राजमार्गों पर यातायात रोक दिया गया है। भूस्खलन और जलभराव के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद है। कटरा-शिव खोड़ी मार्ग पर भी यातायात रोक दिया गया है। कई जिलों में भूस्खलन, बादल फटने और अचानक बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है।

    अधिकारियों ने हेल्पलाइन नंबर जारी कर सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रखा है। ये नंबर हैं: जम्मू- 01912571616 और 0191-2520542, सांबा-01923241004, कठुआ-01922238796, डोडा- 95967762043, किश्तवाड़- 9484217492। ये नंबर सभी आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं।