दिल्ली में पांच फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव तैयारियां जोरों पर हैं। प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता चुनाव प्रचार में जुटे हैं। भारतीय जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के प्रमुख नेता अपने उम्मीदवारों के पक्ष में रैलियां और रोड-शो कर रहे हैं। वे घर-घर जाकर मतदाताओं से मिल रहे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज रोहिणी, वजीरपुर, शालीमार बाग और नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित किया। रोहिणी में अपने संबोधन के दौरान श्री शाह ने वादा किया कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आई तो शहर की महिलाओं को ढाई हजार रुपए दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हर गर्भवती महिला को इक्कीस हजार रुपए दिए जाएंगे और दिल्ली के लोगों को पांच सौ रुपए में रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। श्री शाह ने कहा कि आप संयोजक अरविंद केजरीवाल चुनावी लाभ के लिए यमुना नदी में जहर मिलाने का आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने शहर में सफाई के मुद्दे पर भी श्री केजरीवाल से सवाल किए।
श्री शाह के अलावा पार्टी के वरिष्ठ नेता और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह तथा पार्टी के अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने भी राजधानी में विभिन्न जनसभाओं और रैलियों को संबोधित किया।
वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने भी यमुना नदी में प्रदूषण के साथ-साथ कथित शराब घोटाले और अन्य मुद्दों पर श्री केजरीवाल पर हमला बोला। बादली इलाके में एक रैली को संबोधित करते हुए श्री गांधी ने आप संयोजक पर अपने कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया।
इस बीच, आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी विधानसभा चुनावों में आप की हार सुनिश्चित करने के लिए भाजपा के साथ मिलकर काम कर रही है। मीडिया को संबोधित करते हुए, उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कांग्रेस पार्टी को वोट न देने का आग्रह किया। इसके अलावा श्री केजरीवाल समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ किराड़ी विधानसभा में एक रोड शो में शामिल हुए।
वरिष्ठ आप नेता और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी शहर में कई जनसभाओं को संबोधित किया और रोड शो किए। अमृतपुरी क्षेत्र में पार्टी उम्मीदवार और दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के साथ जनता को संबोधित करते हुए, श्री मान ने कहा कि आप ने चुनावों के दौरान किए गए वादों को पूरा किया है। उन्होंने मुफ्त बिजली, मुफ्त पानी और स्कूलों और अस्पतालों के लिए बेहतर बुनियादी ढांचे जैसे उदाहरणों का हवाला दिया। भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के कई अन्य प्रमुख नेता शहर के विभिन्न हिस्सों में सक्रिय रूप से प्रचार कर रहे हैं।