दिल्ली में, आम आदमी पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए 38 उम्मीदवारों की चौथी और अंतिम सूची जारी कर दी है। मुख्यमंत्री आतिशी, कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लडेंगी।
पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली सीट से मैदान में उतरेंगे। कांग्रेस ने इस सीट से पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के पुत्र और कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित को खड़ा किया है।
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ग्रेटर कैलाश से, पर्यावरण और विकास मंत्री गोपाल राय बाबरपुर से तथा खाद्य आपूर्ति मंत्री इमरान हुसैन बल्लीमारन से उम्मीदवार होंगे।
श्री केजरीवाल ने कहा उनकी पार्टी पूरे आत्मविश्वास के साथ चुनाव लड़ रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी चुनाव से ग़ायब है और दिल्ली के लिए भाजपा के पास कोई दृष्टिकोण नहीं है।
उधर, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने श्री केजरीवाल के दावे को हास्यास्पद बताया है। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली में जल और वायु प्रदूषण की समस्या गंभीर है और सड़क, जल निकास, परिवहन, स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था खस्ताहाल है और विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को हार झेलनी पडेगी।