रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन ने कल मध्य प्रदेश के श्योपुर परीक्षण स्थल से स्ट्रेटोस्फेरिक एयरशिप प्लेटफॉर्म का पहला सफल परीक्षण किया। एयरशिप को लगभग 17 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक इंस्ट्रूमेंटल पेलोड के साथ छोड़ा गया। इसे उत्तर प्रदेश के आगरा में हवाई वितरण अनुसंधान और विकास प्रतिष्ठान ने तैयार किया है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रणाली के पहले सफल परीक्षण के लिए संगठन को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह प्रणाली भारत की पृथ्वी अवलोकन और खुफिया, निगरानी तथा टोही क्षमताओं को कई गुणा बढ़ाएगा।
रक्षा मंत्री ने कहा कि इस एयरशिप से भारत स्वदेशी क्षमता वाले दुनिया के चुनिंदा देशों में शामिल हो गया है।