झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने आज संक्षिप्त घोषणा पत्र जारी किया। पार्टी के रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में घोषणा पत्र जारी करते हुए प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर गोगो दीदी योजना के तहत प्रत्येक महिला को हर महीने की ग्यारह तारीख को 2100 रुपए खाते में दिये जायेंगे। उन्होंने बताया कि लक्ष्मी जोहार योजना के तहत सभी घरों में 500 रूपये में एलपीजी गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया जाएगा।
श्री मरांडी ने बताया कि भाजपा युवाओं के लिए पांच वर्ष में पांच लाख युवाओं को स्वरोजगार उपलब्ध कराएगी। उन्होंने बताया राज्य में प्रत्येक स्नातक और स्नातकोत्तर पास बेरोजगार युवाओं को दो वर्ष के लिए 2000 रूपये युवा साथी भत्ता के रूप में प्रतिमाह दिया जायेगा। श्री मरांडी ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास के तहत 21 लाख घरों का निर्माण किया जाएगा।
इस दौरान भाजपा के चुनाव प्रभारी सह केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और चुनाव सह प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा भी मौजूद थे।