मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने बैतूल जिले के मुलताई ब्लाक मुख्यालय पर जल गंगा संवर्धन अभियान के दौरान कहा कि पूरे प्रदेश में 212 नदियों पर अभियान चलाया जा रहा है। प्रदेश के भीतर 1 लाख 12 हजार से ज्यादा नागरिक इस अभियान का हिस्सा बने। 41 करोड़ 46 हजार से अधिक जलस्त्रोतों के जीर्णोंद्धार के काम बैतूल जिले में चल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यहां कलश यात्रा के दौरान रोड शो भी किया।
उन्होंने 346 करोड़ रुपए के 1008 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। कार्यक्रम को को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री एवं स्थानीय सांसद दुर्गादास उइके ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान को जीवन का हिस्सा बनाने की आवश्यकता है। प्रकृति का संरक्षण ही उन्नत जीवन का आधार है।
मुख्यमंत्री ने आज छिंदवाडा जिले में जनपद पंचायत मोहखेड़ के ग्राम खुनाझिर कलां में पुराने तालाब के जीर्णोद्धार कार्य का भूमिपूजन किया।
शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र के टोंगरा में विधायक देवेंद्र जैन और पिछोर विधानसभा क्षेत्र के मनपुरा में विधायक प्रीतम लोधी ने तालाबों पर श्रमदान किया और लोगों से इस अभियान से जुड़ने की अपील की।
आगरमालवा स्थित आजीविका भवन में आज महिलाओं ने रूफ वाटर हार्वेस्टिंग और स्वयं रिचार्ज पिट तैयार करने का व्यवहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।
छिंदवाडा जिले में आज जनपद पंचायत परासिया की ग्राम पंचायत साजवा में बोल्डर चेक डेम का निर्माण कार्य ग्रामवासियों द्वारा किया जा रहा है। शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परासिया में निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
मंदसौर में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत गांधी सागर में चंबल नदी के घाट पर वन विभाग, ग्राम पंचायत गांधी सागर एवं ग्रामीणों के सहयोग से सफाई अभियान चलाकर घाट पर श्रमदान किया गया।