जम्मू-कश्मीर में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आज पुंछ में नियंत्रण रेखा पर हाल ही में हुई गोलाबारी से प्रभावित पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने प्रभावित लोगों को व्यापक सहायता देने का वादा किया। श्री सिन्हा ने जानमाल के अपूरणीय नुकसान को स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया कि परिजनों को अधिकतम वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि घायल व्यक्तियों को समय पर उपचार मिल रहा है और वे ठीक हो रहे हैं। उपराज्यपाल ने कहा कि सरकार ने मृतकों के परिवारों को अधिकतम वित्तीय सहायता और घायलों को सहायता प्रदान की है। सरकार ने बंकरों और अन्य सुरक्षा बुनियादी ढांचे की आवश्यकता की भी समीक्षा की है। इसे सुरक्षा-संबंधी कोष के अंतर्गत प्राथमिकता दी जाएगी। उपराज्यपाल ने कहा कि प्रशासन सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए एक व्यापक पुनर्वास योजना तैयार करेगा। उन्होंने कहा कि गोलीबारी में जान गंवाने वालों के परिजनों को एक सरकारी नौकरी दी जाएगी। बड़ी संख्या में व्यक्तिगत और सामुदायिक बंकर बनाए जाएंगे।
श्री सिन्हा ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना की त्वरित और रणनीतिक प्रतिक्रिया की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के हालिया हमलों का भारतीय सेना ने दृढ़ और रणनीतिक जवाब दिया। उपराज्यपाल ने शांति के लिए भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया और चेतावनी दी कि भारत युद्ध का समर्थक नहीं है, लेकिन अगर फिर से उकसाया गया, तो प्रतिक्रिया और भी निर्णायक होगी।