गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि सशस्त्र बलों के त्याग और बलिदान के कारण आज देश सुरक्षित है। श्री शाह ने आज आबूरोड में ब्रम्हकुमारी संस्थान मुख्यालय में सुरक्षा बलों के एक कार्यक्रम को संबोधित किया। गृह मंत्री ने कहा कि सुरक्षा बल बर्फीले स्थानों और तपते रेगिस्तान में देश की सीमाओं की सुरक्षा में अपना जीवन समर्पित करते हैं। उन्होंने कहा कि सैन्य बलों के अलावा सभी राज्यों की पुलिस भी आंतरिक सुरक्षा में अपना महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।
गृहमंत्री ने कहा कि भारत ने दुनिया को सबसे पहले वसुधैव कुटुंबकम की भावना का संदेश दिया। श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने का आह्वान कर योग की वैदिक परंपरा और धरोहर को पूरी दुनिया को देने का काम किया। दुनिया के करोड़ों लोग आज योग और आध्यात्म से जुड़कर अपने जीवन का कल्याण कर रहे हैं। यही आस्था आने वाले दिनों में विश्व शांति का मार्ग प्रशस्त करेगी। गृह मंत्री ने ब्रम्हकुमारी संस्थान के कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि संस्थान ने त्याग, तपस्या और तेज से दुनियाभर में सादगी, संयम और सहयोग का अद्भुत वातावरण तैयार करने का काम किया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड भी कार्यक्रम में उपस्थित थे।