मौसम विभाग ने गुजरात, कोंकण, गोवा, कर्नाटक और केरल में अगले तीन दिनों के लिए तेज बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले 36 घंटों के भीतर पूर्वी मध्य अरब सागर पर बने कम दबाव के क्षेत्र के उत्तर की ओर बढ़ने तथा दबाव में बदलने की संभावना है। इसके कारण अगले 6 से 7 दिनों तक इन क्षेत्रों में बिजली और तेज़ हवाओं के साथ अत्यधिक तेज बारिश होने का अनुमान है। मध्य महाराष्ट्र, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, असम, मेघालय, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, झारखंड, केरल, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग स्थानों पर इसी तरह के मौसम के बने रहने की संभावना है।
वहीं पूर्वी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, ओडिशा, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में अलग-अलग स्थानों पर अगले 2 से 3 दिनों तक गरज, बिजली और तेज़ हवाओं के साथ छिटपुट बारिश होगी। इस बीच, 24 मई तक पश्चिमी राजस्थान, जम्मू, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तरी मध्य प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में भीषण गर्मी पडने का अनुमान है।