गुजरात में आज अहमदाबाद और सूरत में चलाए गए अभियानों में 550 से अधिक अवैध अप्रवासियों को हिरासत में लिया गया। अहमदाबाद में अवैध रूप से रह रहे 450 से अधिक अप्रवासियों को आज सुबह पुलिस ने गिरफ्तार किया। इनमें मुख्य रूप से बांग्लादेश के लोग शामिल हैं।
अहमदाबाद क्राइम ब्रांच के संयुक्त पुलिस आयुक्त शरद सिंघल ने बताया कि 457 घुसपैठियों को गिरफ्तार किया गया है। सूरत में भी व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया और सौ से अधिक बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया। ये लोग फर्जी दस्तावेजों के जरिए वर्षों से शहर में रह रहे थे।