केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के मुख्यालय में बल के संचालन और प्रशासनिक कुशलता की व्यापक रूप से समीक्षा की। श्री शाह ने कहा कि देश में शांति और आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में बल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
बैठक के बाद श्री शाह ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि वामपंथी उग्रवाद हो या आपदा में राहत कार्य हो या देश की अंदरूनी या बाहरी सुरक्षा हो, बल हमेशा आगे रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि नरेंद्र मोदी सरकार कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से बल के जवानों और उनके परिजनों का जीवन सुगम बनाने के लिए निरंतर काम कर रही है।
बैठक के दौरान बल के महानिदेशक अनीश दयाल सिंह ने गृह मंत्री को बल के शहीद जवानों के परिजनों के लिए लागू की जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया। उन्होंने बल में अनुकंपा के आधार पर नियुक्तियों की भी जानकारी दी।