केंद्रीय विधि और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कल भारतीय मध्यस्थता परिषद द्वारा आयोजित भारत-ब्रिटेन वाणिज्यिक विवादों में मध्यस्थता पर तीसरे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित किया। सम्मेलन में भारत के मुख्य न्यायाधीश बी.आर गवई भी शामिल हुए।
दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक विदेश व्यापार समझौता, एफटीए के बाद आयोजित इस सम्मेलन में व्यापार करने में आसानी, वाणिज्यिक मध्यस्थता को बढ़ावा देने, आपसी सहयोग को सुदृढ करने और अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने में व्यापक सुधार की दिशा में उपयोगी बातचीत हुई।
सम्मेलन को संबोधित करने के बाद श्री मेघवाल ने विश्व पर्यावरण दिवस पर लंदन के हेस स्थित नवनत केंद्र में ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के अंतर्गत एक पौधा भी लगाया। यह कार्यक्रम ओवरसीज फ्रेंड्स ऑफ बीजेपी यूके (ओएफबीजेपी यूके) द्वारा उनके निरंतर सामुदायिक जुड़ाव और सांस्कृतिक प्रयासों के तहत आयोजित किया गया था। श्री मेघवाल ने ब्रिटेन में जैन विश्व भारती लंदन इकाई के सदस्यों के साथ भी बातचीत की।
विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक वीडियो संदेश साझा किया, जिसमें लोगों से ग्रह की रक्षा करने और पर्यावरणीय चुनौतियों पर काबू पाने के लिए अपने प्रयासों को बढ़ाने का आग्रह किया गया।