केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर न्यूनतम समर्थन मूल्य- एम.एस.पी. को लेकर किसानों को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के शासन में सभी फसलों का एम.एस.पी. लागत के मुकाबले नाममात्र अधिक था, जबकि भाजपा सरकार ने समर्थन मूल्य में काफी वृद्धि की है।
श्री चौहान ने कहा कि सरकार एम.एस.पी. सहित किसानों के लिए पारिश्रमिक की पूरी प्रणाली को मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने एमएसपी के तहत किसानों को 23 लाख करोड़ रुपये वितरित किए हैं, जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार ने अपने 10 वर्ष के कार्यकाल में सात लाख करोड़ रुपये आवंटित किए थे।
कृषि मंत्री ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने हर मोर्चे पर किसानों के लिए ऐतिहासिक काम किया है, चाहे वह एम.एस.पी. हो या उनकी आय बढ़ाना या फिर खेती में नई तकनीक और विविधता लाना। मोदी सरकार में दाल, तिलहन और कपास की कीमतें कई गुना बढ़ी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जनता का विश्वास खो चुकी कांग्रेस अब बेबुनियाद आरोप लगाने वाले प्रभावहीन नेताओं तक सीमित हो कर रह गई है।