कृषि मंत्री गणेश जोशी ने आज देहरादून में कृषि विभाग की ओर से आयोजित किए जाने वाले एग्री मित्रा उत्तराखण्ड महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने महोत्सव की सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। कृषि मंत्री ने बताया कि यह महोत्सव 14 और 15 जून को देहरादून के गढ़ीकैंट स्थित जसवंत ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा।
इसमें प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले किसान, एफपीओ, कृषि स्टार्टअप्स, विश्वविद्यालय, अनुसंधान संस्थान, कृषि वैज्ञानिक, सहकारी समितियाँ और स्वयं सहायता समूह और कृषि विश्वविद्यालयों के छात्र छात्राएं सहित कई प्रदेशों के कृषि मंत्री भाग लेंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में किया जाएगा। कृषि मंत्री ने कहा कि यह महोत्सव किसानों को नए विचारों, तकनीकों और नेटवर्किंग का बेहतर मंच प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि यह महोत्सव इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो राज्य की कृषि को आर्थिक रूप से समृद्ध और टिकाऊ बना सकता है। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में किसानों को इस महोत्सव में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।