कृषि मंत्री गणेश जोशी ने आज टिहरी जिले के नैनबाग स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में विकसित कृषि संकल्प अभियान का शुभारंभ किया। इससे पहले उन्होंने नैनबाग के संस्थापक स्वर्गीय सरदार सिंह रावत को श्रद्धांजलि अर्पित की और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत विद्यालय परिसर में बांज का पौधा रोपा।
उन्होंने कृषि यंत्रों और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। साथ ही स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को एन.आर.एल.एम. के तहत डेढ लाख रुपए के डमी चेक वितरित किए। इस अवसर पर कृषि मंत्री ने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
उन्होंने बताया कि 29 मई से शुरू हुआ यह अभियान 12 जून तक चलेगा। इसके तहत प्रदेश के हर जिले में प्रतिदिन तीन टीमें लगभग छह सौ किसानों से संपर्क करेंगी। श्री जोशी ने कहा कि यह पहली बार है जब वैज्ञानिक प्रयोगशालाओं से निकलकर सीधे खेतों तक जाकर किसानों को आधुनिक तकनीकों की जानकारी देंगे। इससे फसल उत्पादन और उत्पादकता में बड़ा बदलाव आएगा।