कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य और रवांडा गणराज्य ने 2 मई तक शांति समझौते का मसौदा तैयार करने और सशस्त्र समूहों को अपना समर्थन समाप्त करने पर सहमति व्यक्त की है। कांगो के विदेश मंत्री, थेरेस काइकवाम्बा वैगनर और रवांडा के विदेश मंत्री ओलिवियर नदुहुंगिरेहे ने कल वाशिंगटन में सिद्धांतों की घोषणा पर हस्ताक्षर किए।
अमरीका विदेश मंत्री मार्को रुबियो गवाह के रूप में मौजूद थे। समझौते के हिस्से के रूप में, दोनों देशों ने क्षेत्र में सक्रिय सशस्त्र समूहों और आपराधिक नेटवर्क से निपटने के लिए एक संयुक्त सुरक्षा समन्वय तंत्र के निर्माण का प्रयास करने की भी प्रतिबद्धता जताई।
अमरीका और कांगो सरकार ने रवांडा पर M23 विद्रोही समूह का समर्थन करने का आरोप लगाया है, जिसने कांगो के खनिज-समृद्ध पूर्वी क्षेत्र के बड़े हिस्से पर नियंत्रण कर लिया है। इस समूह ने सोने, टैंटालम, टंगस्टन और टिन अयस्क का उत्पादन करने वाले मूल्यवान खनन क्षेत्रों पर कब्ज़ा कर लिया है और इनकी कार्रवाइयों से दस लाख से अधिक लोग विस्थापित हो गए हैं।