कजाख्स्तान में, आज एक यात्री विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से दर्जनों लोगों की मौत हो गई। विमान में लगभग 70 लोग सवार थे। अजरबैजान के अधिकारियों ने कहा कि हादसे में कम से कम 30 लोग जीवित बचे हैं। अजरबैजान एयरलाइंस की उड़ान संख्या जे 2-8243 में उस समय आग लग गई, जब यह कजाख्स्तान के अकतौ के पास आपातकालीन लैंडिंग करने का प्रयास कर रही थी। एयरलाइन ने मीडिया को बताया कि यह विमान रूस के ग्रोज़नी जा रहा था, लेकिन कोहरे के कारण इसका मार्ग बदल दिया गया। वीडियो में विमान तेज गति से जमीन की ओर बढ़ते हुए दिख रहा है, और फिर उतरते ही उसमें आग लग गई। रूस की मीडिया की खबरों में बताया गया है कि विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले पक्षियों के झुंड से टकराया था, लेकिन इसकी अभी तक पुष्टि नहीं हुई है। एयरलाइन ने बताया कि विमान में 62 यात्री और चालक दल के पांच सदस्य सवार थे, लेकिन अन्य खबरों में कुल 72 लोगों का जिक्र है। हादसे में जीवित बचे लोगों की कथित संख्या 28 से 32 के बीच बताई जा रही है। विमान में अधिकतर अजरबैजान के नागरिक थे, लेकिन रूस, कजाख्स्तान और किर्गिस्तान के भी कुछ यात्री सवार थे। अजरबैजान और कजाख्स्तान ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
Site Admin | दिसम्बर 25, 2024 6:46 अपराह्न
कजाख्स्तान में, यात्री विमान दुर्घटना की जांच शुरू
