एशियाई योगासन खेल चैंपियनशिप का दूसरा संस्करण 25 से 27 अप्रैल तक दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया जायेगा। इस प्रतियोगिता का आयोजन खेल मंत्रालय और भारतीय खेल प्राधिकरण-साइ के सहयोग से किया जा रहा है। इसमें 21 एशियाई देशों के कुल 170 खिलाड़ी भाग लेंगे और 40 तकनीकी अधिकारी तथा 30 टीम मैनेजर और कोच शामिल होंगे। यह चैंपियनशिप चार आयु वर्ग 10 से 18, 18 से 28, 28 से 35 और 35 से 45 वर्ष में आयोजित की जाएगी। योगासन भारत के अध्यक्ष उदित सेठ ने कल चैंपियनशिप के लिए ‘थीम सॉन्ग’ और शुभंकर का अनावरण किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह योगासन के लिए बड़ी उपलब्धि है। उदित सेठ ने भारतीय टीम को शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह ऐतिहासिक क्षण प्रतिस्पर्धी खेलों में जीवन भर गूंजता रहेगा। इससे पहले योगासन खेल चैंपियनशिप का पहला सत्र 2022 में थाईलैंड के बैंकॉक में हुआ था।