छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज रायपुर में नशामुक्ति अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे की लत समाज के सामने बड़ा संकट है। उन्होंने कहा कि नशे से अनेक तरह की बुराईयां जन्म लेती हैं। नशे की आदत से छुटकारा दिलाने में समाज की सक्रिय भूमिका होनी चाहिए। नशामुक्ति के साथ ही भावी पीढ़ी को इससे बचाना बहुत जरूरी है। श्री साव ने कार्यक्रम में सत्तर वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाकर वितरित भी किया। इस अवसर पर उन्होंने आमंत्रित अतिथियों और गणमान्य नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना।
गौरतलब है कि युवाओं को नशे से मुक्त कराने के लिए रायपुर की विभिन्न संस्थाओं द्वारा नशामुक्ति अभियान शुरू किया गया है।