पवित्र चार धाम यात्रा की शुरुआत कल उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ होगी। सरकार और प्रशासन ने यात्रा के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुकबा गांव में छह महीने के शीतकालीन प्रवास के बाद आज विधिवत पूजा-अर्चना के साथ मां गंगा की पालकी को गंगोत्री धाम के लिए रवाना किया गया। पालकी भैरवघाटी स्थित भैरव मंदिर में रात्रि विश्राम करेगी। तीर्थ पुरोहित राजेश सेमवाल ने बताया कि पालकी यात्रा कल भैरवघाटी से गंगोत्री के लिए रवाना होगी। इसके बाद सुबह साढे दस बजे पारंपरिक पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मंदिर के कपाट खोले जाएंगे।
मां यमुना की पालकी कल सुबह अपने शीतकालीन प्रवास खरसाली से यमुनोत्री धाम के लिए रवाना होगी। मंदिर के कपाट सुबह 11 बजकर 55 मिनट पर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। वहीं केदारनाथ धाम के कपाट दो मई और बद्रीनाथ धाम के कपाट चार मई को खुलेंगे।