दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार आखिरी पड़ाव पर पहुंच गया है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह ने आज राष्ट्रीय राजधानी में कई सार्वजनिक रैलियों को संबोधित किया। उन्होंने आम आदमी पार्टी के नेता पर आरोप लगाया कि उन्होंने अन्ना हजारे आंदोलन के दौरान दिल्ली के लोगों से झूठ बोला था कि वे आम आदमी पार्टी को राजनीतिक पार्टी नहीं बनाएंगे। उन्होंने दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि शराब घोटाला और जल बोर्ड घोटाला सहित हजारों करोड़ रुपये के घोटाले किये गये हैं।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज दिल्ली के द्वारका से भाजपा उम्मीदवार प्रद्युम्न राजपूत के पक्ष में प्रचार किया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने सदर बाजार में एक रैली में दावा किया कि देश में दो विचारधाराओं के बीच लड़ाई है। उन्होंने कहा कि एक तरफ नफरत और हिंसा है तो दूसरी तरफ प्रेम और भाईचारा है। श्री गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रही है।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने चांदनी चौक में एक रैली में पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाने के लिए आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल की आलोचना की। श्रीमती वाड्रा ने कहा कि उन पर लगाया गया कोई भी आरोप साबित नहीं हुआ। उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि लोगों को आपस में लड़ाने की राजनीति केवल स्वार्थ के लिए की जाती है।
इस बीच, आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने राजधानी में कई सार्वजनिक बैठकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने शहर के स्कूलों और अस्पतालों में सुधार किया है और दिल्ली के लोगों को बिजली तथा पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अगर भाजपा सत्ता में आई तो लोगों का मासिक खर्च बढ़ जाएगा।