ईरान ने शांति वार्ता में गतिरोध समाप्त करने के प्रयास में आज अमरीका को एक नया प्रस्ताव भेजा है। हालांकि, अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि वे पश्चिम एशिया संघर्ष को समाप्त करने के लिए ईरान के इस नए प्रस्ताव से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिया है कि अमरीका द्वारा किसी भी ऐसे ढांचे को स्वीकार करने की संभावना नहीं है जिसमें ईरान को परमाणु हथियार विकसित करने से रोकने की ठोस गारंटी शामिल न हो।
एक पाकिस्तानी अधिकारी ने कहा है कि ईरान के नवीनतम प्रस्ताव में तनाव कम करने की एक चरणबद्ध योजना की रूपरेखा दी गई है, जिसमें तात्कालिक संघर्ष प्रबंधन को दीर्घकालिक परमाणु विवाद से अलग किया गया है। इस योजना के तहत, ईरान ने संकेत दिया है कि यदि अमरीका अपनी सैन्य उपस्थिति कम करता है और ईरानी तेल निर्यात पर प्रतिबंध सहित आर्थिक दबाव में ढील देता है, तो वह होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास तनाव कम करने को तैयार है। ईरान ने परमाणु वार्ता से अलग समुद्री व्यापार और तेल प्रवाह को बहाल करने का भी प्रस्ताव दिया है। परमाणु मुद्दे पर, ईरान ने संकेत दिया है कि वह यूरेनियम संवर्धन पर नियंत्रण और कड़ी निगरानी पर विचार कर सकता है। लेकिन उसने कहा है कि यह केवल एक व्यापक समझौते के हिस्से के रूप में ही हो सकता है जिसमें प्रतिबंधों में राहत शामिल हो।
एक अन्य सूत्र ने बताया कि ईरान अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत नागरिक उपयोग के लिए परमाणु प्रौद्योगिकी विकसित करने के अपने अधिकार की औपचारिक मान्यता चाहता है। ईरान यह आश्वासन भी चाहता है कि इस संबंध में कोई भी समझौता टिकाऊ हो जिसे एकतरफा समाप्त न किया जा सके।