दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने आज मुख्यमंत्री आतिशी से मांग की है कि वह दिल्ली नगर निगम अधिनियम की भावनाओं के सम्मान, दिल्ली की जनता और दलितों के अधिकारों की रक्षा के लिए अविलंब दलित महापौर और स्थाई समिति के अध्यक्ष की नियुक्ति सुनिश्चित करें।
श्री सचदेवा ने मुख्यमंत्री आतिशी का दिल्ली नगर निगम अधिनियम और व्यवस्थाओं पर बयान पूरी तरह राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित होने का आरोप लगाते हुये कहा कि उनका मकसद केवल भ्रम फैलाना है। उन्होंने कहा कि उनका बयान नगर निगम स्थाई समिति चुनाव में आम-आदमी पार्टी की हार और पार्टी के पार्षदों के बिखराव से जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास है।
श्री सचदेवा ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि वह जिस दिल्ली नगर निगम अधिनियम की दुहाई दे रही हैं, उसके अनुसार तीसरे वर्ष में दलित महापौर बनना चाहिए तो आखिर आम आदमी पार्टी क्यों दलित महापौर की नियुक्ति नहीं होने दे रही है।