अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल के. टी. परनायक ने आज राजधानी ईटानगर के राजभवन में आयोजित समारोह में राज्य की असम राइफल्स इकाइयों के अधिकारियों और कर्मियों को राज्यपाल पदक प्रदान किए। इस अवसर पर असम राइफल्स के जवानों को 13 स्वर्ण पदक और 10 रजत पदक प्रदान किए गए।
समारोह में राज्यपाल ने उत्तर पूर्वी क्षेत्र में असम राइफल्स की सेवा की सराहना की। उन्होंने कहा कि सशस्त्र बल ने क्षेत्र के लोगों के लिए कल्याणकारी सेवाएं सफलतापूर्वक संचालित की हैं और लोगों का विश्वास जीता है। उन्होंने कहा कि एक सौ 89 वर्षों के अपने गौरवशाली इतिहास में असम राइफल्स की उपलब्धियां उसके सैनिकों की वीरता, साहस और बलिदान को प्रदर्शित करती हैं।