असम में बाढ़ की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। राज्य में 19 जिलों के 5 लाख 60 हजार से अधिक लोग बाढ़ की चपेट में हैं। मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में दो और लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति लापता है।
राज्य भर में करीब 14 सौ गांव बाढ़ से प्रभावित हैं और 1900 हेक्टेयर से अधिक फसल क्षेत्र को नुकसान पहुंचा है। राज्य सरकार ने बचाव कार्यों के लिए राज्य और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीमों को लगाया है। ब्रह्मपुत्र, बराक, बूढ़ी दिहिंग, कोपिली, सोनाई, कटखल कुशियारा नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, 175 राहत शिविरों में 41 हजार से अधिक लोग हैं। राज्य भर में विभिन्न स्थानों पर सड़क, रेल और नौका सेवाएं बाधित हुई हैं।
इस बीच, मौसम विभाग ने पूरे राज्य में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ हल्की से भारी बारिश की चेतावनी दी है।