मुख्य समाचार :-
- 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस देश-विदेश में बड़े उत्साह और भागीदारी के साथ मनाया गया; प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक सद्भाव के साधन के रूप में योग के महत्व पर जोर दिया, सभी देशों से इसे सार्वजनिक नीति के रूप में अपनाने का आग्रह किया।
- गृह मंत्री अमित शाह ने कहा – भारत पाकिस्तान के साथ सिंधु जल संधि कभी बहाल नहीं करेगा।
- डीजीसीए ने एयर इंडिया को चालक दल की समय-सारिणी और रोस्टरिंग से संबंधित गंभीर उल्लंघनों के लिए तीन अधिकारियों को सभी भूमिकाओं से हटाने का निर्देश दिया।
- इस्राइल और ईरान के बीच संघर्ष के नौवें दिन भी हवाई हमले जारी। इजराइल ने शीर्ष ईरानी कमांडरों को मारने का दावा किया।
- वियतनाम में अंडर-23 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय पहलवानों का शानदार प्रदर्शन।
- क्रिकेट में, यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल और ऋषभ पंत के शतकों ने भारत को इंग्लैंड के खिलाफ एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के पहले टेस्ट के दूसरे दिन मजबूत स्थिति पहुंचाया।
******
11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस आज पूरे देश और दुनियाभर में बडे उत्साह और भागीदारी के साथ मनाया गया। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने अलग-अलग योग सत्रों में शामिल होकर कार्यक्रम का नेतृत्व किया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज देहरादून की पुलिस लाइन में आयोजित योग शिविर में शामिल हुई। राष्ट्रपति ने वैश्विक मंच पर योग को बढ़ावा देने में भारत की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
योगाभ्यास करने से व्यक्ति की इम्यूनिटी बढ़ती है। योग के अनेक प्रशिक्षण, प्राणायाम एवं योगासन की उपयोगिता बताते हुए ये स्पष्ट करते हैं कि इस प्रक्रिया को करने से किन-किन रोगों का प्रतिरोध हो सकता है। आजकल जीवनचर्या से जुड़ी बीमारियों की रोकथाम में भी योग चिकित्सा को उपयोगी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आंध्रप्रदेश के विशाखापत्तनम में 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह का नेतृत्व किया। इस मुख्य योग दिवस कार्यक्रम में दो लाख 72 हजार लोगों ने भागीदारी की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विश्व के विभिन्न भागों में तनाव, अशांति और अस्थिरता की स्थिति है, ऐसे में योग शांति का मार्ग दिखाता है।
आज पूरी दुनिया किसी न किसी तनाव से गुजर रही है। कितने ही क्षेत्रों में अशांति और अस्थिरता बढ़ रही है। ऐसे में योग से हमें शांति की दिशा मिलती है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस वर्ष योग दिवस का विषय-एक पृथ्वी एक स्वास्थ के लिए योग स्मरण कराता है कि वर्तमान और भावी पीढि़यों का सुखद भविष्य सुनिश्चित करने के लिए पूरा विश्व एकजुट है। उन्होंने कहा कि दुनिया में योग का प्रसार करने के लिए भारत आधुनिक अनुसंधान के माध्यम से योग विज्ञान को और मजबूत कर रहा है और देश के प्रमुख चिकित्सा संस्थान योग पर अनुसंधान में लगे हुए हैं।
दिल्ली के एम्स ने भी बहुत अच्छा काम करके दिखाया है। एम्स की रिसर्च में सामने आया है कि योग की कॉर्डियाक और न्यूरोलॉजि डिसऑर्डर के उपचार और विमेन हेल्प और मेंटल वेल बीइंग में अहम भूमिका है। साथियों नेशनल आयुष मिशन के जरिए भी योग और वैलनेस के मंत्र को आगे बढ़ाया जा रहा है।
******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिला और बाल कल्याण नीतियों में योग को शामिल करने के महत्व पर एक लेख साझा किया है। महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी के लेख को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि महिला और बाल कल्याण नीतियों में योग को शामिल करने से पूरे देश में जमीनी स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य और कल्याण को बढ़ावा मिल रहा है।
अपने लेख में श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि गर्भावस्था से पहले और बाद में योग अपनाने से महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने में मदद मिलती है।
******
अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर,लद्दाख, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र सहित देश के सभी भागों में योग दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। तेलंगाना के चेगुर में कान्हा आरोग्य केंद्र में लगभग 19 राज्यों के तीन हजार से अधिक दिव्यांगजनों ने योग दिवस समारोह में हिस्सा लिया। भारतीय तटरक्षक बल ने भी आज योग संगम के साथ देश में साठ से अधिक तटीय क्षेत्रों और द्वीपों पर योग दिवस मनाया।
******
गुजरात में योग दिवस का राज्य स्तरीय समारोह मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृहनगर वडनगर में शर्मिष्ठा झील पर आयोजित किया गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद के प्रह्लाद नगर में योग दिवस कार्यक्रम में भाग लिया। ब्योरा हमारे संवाददाता से
राज्य में राज्य योग बोर्ड और खेल, युवा और सांस्कृतिक मामलों के विभाग के समन्वय से 60,000 से अधिक स्थानों पर सामूहिक योग सत्रों में 1.5 करोड़ से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस बीच, वडनगर में 2 हजार से अधिक लोगों ने एक साथ भुजंगासन किया, जिससे नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बना। इस बीच, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल वडोदरा में योग कार्यक्रम में शामिल हुए। राज्य के प्रमुख प्रतिष्ठित स्थानों जैसे कच्छ में यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल धोलावीरा और पाटन में रानी की वाव में भी योग दिवस मनाया गया। बनासकांठा जिले में भारत-पाक सीमा के निकट नाडाबेट में बीएसएफ द्वारा भी योग दिवस मनाया गया। मयूर सोलंकी, आकाशवाणी अहमदाबाद।
******
दुनिया के विभन्न देशों में भी योग दिवस पर कार्यक्रम आयोजन किया गया। अबू धाबी में भारतीय दूतावास ने आज अबू धाबी राष्ट्रीय प्रदर्शनी केंद्र में व्यापक स्तर पर 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह का आयोजन किया। रियाद में भारतीय दूतावास ने शहजादा फैजल बिन फहद खेल सिटी स्टेडियम में आज योग दिवस उत्साह के साथ मनाया गया।
******
श्रीलंका में भी योग दिवस के अवसर पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। एक रिपोर्ट –
श्रीलंका के प्रतिष्ठित इंडिपेंडेंस स्क्वायर में 1000 से अधिक योग उत्साही एकत्रित हुए, जहाँ 100 से अधिक प्रशिक्षकों ने योग अभ्यास का नेतृत्व किया। भारत के उच्चायोग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में श्रीलंका सरकार के वरिष्ठ मंत्री, पूर्व क्रिकेटर, फिल्म अभिनेता और कई उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल हुए। इससे पहले, 19 जून को श्रीलंका के आयुर्वेद विभाग के सहयोग से देशभर के 117 आयुर्वेदिक संस्थानों में एक साथ योग सत्र आयोजित किए गए, जो कि एक रिकॉर्ड है। कार्यक्रम के दौरान 15वीं सदी के संस्कृत योग ग्रंथ हठयोग प्रदीपिका का सिंहला अनुवाद और सिंहला, तमिल व अंग्रेज़ी में योग सिखाने वाले वीडियो-डीवीडी भी जारी किया गया। अहमद मुईन फारुखी, आकाशवाणी समाचार कोलंबो।
******
देश में पहली योग नीति आज उत्तराखंड में जारी की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह नीति उत्तराखंड को योग और आरोग्य के क्षेत्र में वैश्विक राजधानी बनाने के उद्देश्य के साथ तैयार की गई है।
आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आदरणीय प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से हमारी सरकार राज्य में देश की पहली योगनीति 2025 का शुभारंभ किया है आप सबके समक्ष। ये योगनीति उत्तराखंड को योग और वैलनेस की वैश्विक राजधानी के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से तैयार की गई है, जिसके अंतर्गत हम प्रदेश में योग और ध्यान केंद्र विकसित करने पर अधिकतम 20 लाख रुपये तक की सब्सिडी प्रदान कर रहे हैं।
******
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि भारत, पाकिस्तान के साथ सिंधु जल संधि कभी बहाल नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि सरकार पाकिस्तान में जा रहे अतिरिक्त पानी को राजस्थान ले जाने के लिए नहर का निर्माण करेगी। एक समाचार पत्र को दिये साक्षात्कार में गृह मंत्री ने कहा कि सरकार की आतंकवाद को कतई बर्दाशत नहीं करने की नीति बरकरार है। श्री शाह ने कहा कि सरकार कश्मीर, नक्सल क्षेत्र और पूर्वोत्तर में आतंकवाद के मूल कारणों को दूर करने पर काम कर रही है।
******
नागर विमानन महानिदेशालय ने एयर इंडिया को निर्देश दिया है कि वह चालक दल के कर्मचारियों के रोस्टर और समय निर्धारण संबंधी नियमों के गम्भीर उल्लंघन के आरोप में तीन अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सभी भूमिकाओं और जिम्मेदारियों से हटाये। निदेशालय ने तीनों अधिकारियों के खिलाफ तत्काल प्रभाव से आंतरिक अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने और इस संबंध में दस दिनों के अन्दर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का भी निर्देश दिया है।
******
बिहार सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन कार्यक्रम के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों, विधवाओं और दिव्यांगजनों की पेंशन में 700 रुपए की प्रति माह वृद्धि करने की घोषणा की है। एक रिपोर्ट –
बिहार में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभार्थियों को अब हर महीने ₹1100 मिलेंगे। इस पेंशन में बढ़ोतरी के बाद राज्य के एक करोड़ नौ लाख से अधिक लाभार्थियों को सहायता मिलेगी और यह हर महीने की 10 तारीख तक सीधे उनके बैंक खातों में जमा कर दी जाएगी। बिहार सरकार सामाजिक सुरक्षा के तहत कई योजनाओं को संचालित करती है। बिहार निःशक्तता पेंशन योजना में दिव्यांग जनों को मदद दी जाती है वहीं लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 18 वर्ष से अधिक उम्र की विधवाओं को सहायता प्रदान की जाती है। राज्य सरकार की मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के तहत 60 से 79 वर्ष आयु वर्ग के बुजुर्गों को सहायता प्रदान करती है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि इस पहल से बुजुर्गों और अन्य लाभार्थियों के आत्म-सम्मान को बढ़ावा मिलेगा। पटना से धर्मेन्द्र कुमार राय, की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्णवी।
******
इज़रायल और ईरान के बीच संघर्ष के नौवें दिन हवाई हमलों में तेजी आई। इज़रायली सेना ने कहा कि उसने मध्य ईरान में मिसाइल डिपो और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया। इसमें क़ोम और अन्य स्थानों पर वरिष्ठ ईरानी कमांडर सईद इज़ादी और बेहनम शाहरियारी मारे गए। ईरान ने जवाबी कार्रवाई में इज़रायल के बीरशेबा, हाइफ़ा और तेल अवीव में औद्योगिक क्षेत्रों के पास मिसाइल हमले किए। हाइफ़ा में 23 लोग घायल हुए हैं। ईरान ने कहा है कि संघर्ष में अब तक 430 नागरिकों की मौत हुई है। उधर इज़रायल ने 24 नागरिकों की मौत की पुष्टि की है।
******
भारत ऑपरेशन सिंधु के अंतर्गत नेपाल और श्रीलंका के लोगों को भी ईरान से सुरक्षित निकाल रहा है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया गया है कि नेपाल और श्रीलंका की सरकार के अनुरोध के बाद भारत ने ये कदम उठाया है। तेहरान में भारतीय दूतावास अपने नागरिकों के साथ-साथ दक्षिण एशिया के दो पडोसी देशों के नागरिकों की निकासी के लिए सहयोग और सहायता प्रदान कर रहा है।
******
मौसम विभाग ने कहा है कि पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में अगले दो दिनों में मानसून के आगे बढ़ने की अनुकूल परिस्थितियां हैं। विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक आर के जेनामनी ने आकाशवाणी को बताया कि अगले दो दिनों में मानसून दिल्ली और अन्य क्षेत्रों में पहुँच जाएगा।
कंडीशन ऐसे कि जो विंड के कंडीशन है और जैसे-जैसे आ रहा है क्लाउड वेल्टर तो कंडीशन अभी फिर फेवरेबल है कि मॉनसून अभी और आगे बढ़ेगा और कुछ राजस्थान का हिस्सा और पंजाब हरियाणा भी आएगा दो दिन में और आगे दो दिन में उसमें राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली आ सकता है दक्षिण-पश्चिम मॉनसून।
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के दौरान पूर्वोत्तर क्षेत्र में मूसलाधार वर्षा जारी रहने और उसके बाद अगले चार दिनों तक तेज वर्षा होने की संभावना भी व्यक्त की है।
******
भारतीय पुरूष पहलवानों ने वियतनाम के वुंग ताऊ में अंडर-23 एशियाई कुश्ती चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए फ्रीस्टाइल कुश्ती में छह पदक जीत लिए हैं। निखिल, सुजीत, जयदीप, चन्द्रमोहन और सचिन ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए। भारत, 11 स्वर्ण, 6 रजत और तीन कांस्य पदक सहित कुल 20 पदक हासिल कर चुका है। इससे पहले, कल पुरूषों के 97 किलोग्राम वर्ग में विक्की ने स्वर्ण पदक जीता। भारत ने पुरूषों फ्रीस्टाइल में शीर्ष रैंकिंग हासिल की और महिलाओं ने फ्रीस्टाइल का खिताब अपने नाम किया।
******
और क्रिकेट में भारत और इंग्लैंड के बीच लीड्स के हेडिंग्ले में पहले क्रिकेट टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 1 विकेट पर 89 रन बना लिए हैं। इससे पहले भारत ने अपनी पहली पारी में चार सौ 71 रन बनाए। कप्तान शुभमन गिल एक सौ 47 जबकि ऋषभ पंत एक सौ 34 रन और यशस्वी जायसवाल ने एक सौ एक रन का योगदान दिया। भारत ने आज दूसरे दिन अपने कल के स्कोर तीन विकेट पर तीन सौ 59 से आगे खेलना शुरू किया था। इंग्लैंड की ओर से कप्तान बेन स्टोक्स और जोश टंग ने चार-चार विकेट हासिल किए, जबकि ब्राइयडन कार्स और शोएब बशीर को एक-एक विकेट मिले।
******
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस देश-विदेश में बड़े उत्साह और भागीदारी के साथ मनाया गया; प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक सद्भाव के साधन के रूप में योग के महत्व पर जोर दिया, सभी देशों से इसे सार्वजनिक नीति के रूप में अपनाने का आग्रह किया।
- गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- भारत पाकिस्तान के साथ सिंधु जल संधि कभी बहाल नहीं करेगा।
- नागर विमानन निदेशालय-डीजीसीए ने एयर इंडिया को चालक दल की समय-सारिणी और रोस्टरिंग से संबंधित गंभीर उल्लंघनों के लिए तीन अधिकारियों को सभी भूमिकाओं से हटाने का निर्देश दिया।
- इस्राइल और ईरान के बीच संघर्ष के नौवें दिन भी हवाई हमले जारी। इजराइल ने शीर्ष ईरानी कमांडरों को मारने का दावा किया।
- वियतनाम में अंडर-23 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय पहलवानों का शानदार प्रदर्शन।
- क्रिकेट में, यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल और ऋषभ पंत के शतकों ने भारत को इंग्लैंड के खिलाफ एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के पहले टेस्ट के दूसरे दिन मजबूत स्थिति पहुंचाया।
******