मुख्य समाचार :-
- भारत और साइप्रस ने आतंकवाद और उग्रवाद के सभी रूपों की निंदा की; प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और साइप्रस के राष्ट्रपति रक्षा, समुद्री सुरक्षा, व्यापार और निवेश सहित कई प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमत।
- प्रधानमंत्री जी-7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने और शीर्ष नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करने के लिए कनाडा रवाना।
- अहमदाबाद विमान दुर्घटना की जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति की पहली बैठक नई दिल्ली में सम्पन्न; तीन महीने के भीतर रिपोर्ट पेश की जाएगी।
- ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन इस्राइल के साथ बढ़ते संघर्ष के बीच परमाणु संधि छोड़ने की योजना बना रहे हैं।
- मौसम विभाग ने सौराष्ट्र और कच्छ में कल अलग-अलग स्थानों पर मूसलाधार वर्षा का अनुमान व्यक्त किया; दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार तक गरज के साथ बारिश की संभावना।
- आईसीसी ने भारत और श्रीलंका में 30 सितंबर से शुरू होने वाले महिला एकदिवसीय क्रिकेट विश्व कप के लिए विस्तृत कार्यक्रम की घोषणा की।
****
भारत और साइप्रस ने आतंकवाद और हिंसक अतिवाद के सभी स्वरूपों और अभिव्यक्तियों की निंदा की है। दोनों देशों ने शांति और स्थिरता को कम करने वाले आधुनिक खतरों का मुकाबला करने के लिए साझा प्रतिबद्धता व्यक्त की। सीमा पार आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए एक व्यापक और समन्वित कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया। निकोसिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद जारी संयुक्त घोषणा-पत्र में इसकी घोषणा की गई।
वार्ता में प्रधानमंत्री मोदी और साइप्रस के राष्ट्रपति ने रक्षा, समुद्री सुरक्षा, व्यापार और निवेश सहित प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ाने पर सहमति जताई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत-साइप्रस भागीदारी साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और कानून के शासन में दृढ़ता से निहित है। श्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच मित्रता परिस्थितियों या सीमाओं से बंधी न होकर समय की कसौटी पर खरी उतरी है।
आज राष्ट्रपति जी और मैने द्विपक्षीय सम्बंधों के सभी पहलुओं पर व्यापक चर्चा की। साइप्रस के विज़न 2035 विकसित भारत 2047 के विज़न के कई पहलुओं में समानता है।
प्रधानमंत्री ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता के लिए साइप्रस के निरंतर समर्थन का स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने पश्चिम एशिया और यूरोप के संघर्षों पर भी चिंता व्यक्त की।
पश्चिम एशिया और यूरोप में चल रहे कॉन्फ्लिक्ट को लेकर हम दोनों ने चिंता व्यक्त की है। इनका नकारात्मक प्रभाव केवल उस क्षेत्र तक सीमित नहीं हैं। हम दोनों मानते हैं कि यह युद्ध का युग नहीं है। संवाद से समाधान और स्थिरता की बहाली यह मानवता की पुकार है।
प्रधानमंत्री ने सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में साइप्रस के समर्थन के लिए भी धन्यवाद दिया। दोनों पक्ष क्षेत्र में शांति और समृद्धि के लिए भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे के महत्व पर सहमत हुए। श्री मोदी ने बताया कि दोनों देशों ने आतंकवाद सहित कई मुद्दों पर नया तंत्र विकसित करने की घोषणा की।
आतंकवाद, ड्रग्स और आर्म्स की तस्करी की रोकथाम के लिए हमारी एजेंसीज के बीच, रियल टाइम इंफोर्मेंशन एक्सचेंज का मैकेनिज्म तैयार किया जाएगा। हम दोनों सहमत है कि हमारे आपसी व्यापार और निवेश में बहुत पोटेंशियल है।
इससे पहले, साइप्रस के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी को साइप्रस गणराज्य के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस-थ्री से सम्मानित किया। हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रधानमंत्री की साइप्रस यात्रा कई मायने में ऐतिहासिक रही।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की साइप्रस यात्रा के सफल समापन ने न केवल द्विपक्षीय संबंधों को पुनर्जीवित किया है, बल्कि रणनीतिक सहयोग में एक नया अध्याय भी शुरू किया है। साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स के साथ व्यापक वार्ता में, दोनों नेताओं ने भारत-साइप्रस संबंधों के पूरे क्षेत्र की समीक्षा की। यात्रा का एक महत्वपूर्ण आकर्षण निकोसिया के ऐतिहासिक केंद्र का संयुक्त दौरा था, जिसमें संयुक्त राष्ट्र युद्धविराम रेखा के साथ-साथ चलना भी शामिल था। राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलाइड्स ने प्रधानमंत्री मोदी को उत्तरी साइप्रस के पहाड़ भी दिखाए – जो 1974 से तुर्की के कब्जे में हैं। साइप्रस स्टॉक एक्सचेंज ने GIFT सिटी में NSE इंटरनेशनल एक्सचेंज के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए, और साइप्रस के निवेशकों ने भारत में 100 मिलियन डॉलर से अधिक के निवेश का आश्वासन दिया। दोनों देशों ने इस वर्ष के अंत तक भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की आवश्यकता पर बल दिया। संक्षेप में, प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा ने भारत-साइप्रस संबंधों में नई गति भर दी है, तथा एक मजबूत और दूरंदेशी रणनीतिक साझेदारी के लिए मजबूत नींव रखी है। निकासिया से राजादुरई पी की रिपोर्ट के साथ मुकेश कुमार
****
प्रधानमंत्री साइप्रस की सफल यात्रा के बाद आज शाम कनाडा के लिए रवाना हो गए। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के निमंत्रण पर दो दिन की यात्रा के दौरान, श्री मोदी जी-7 शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे और कई द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे।
****
अहमदाबाद विमान दुर्घटना की जांच के लिए सरकार द्वारा गठित उच्च स्तरीय समिति की पहली बैठक आज नई दिल्ली में हुई। गृह सचिव गोविंद मोहन ने बैठक की अध्यक्षता की। समिति तीन महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो अलग से इस मामले की जांच कर रहा है।
****
विमान दुर्घटना में मारे गए गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का अंतिम संस्कार राजकोट में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जा रहा है। हमारी संवाददाता ने बताया कि गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने दिवंगत नेता को पुष्पांजलि अर्पित की।
गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी के निधन पर पूरा राज्य शोक में डूबा हुआ है। राजकोट में चल रहे अंतिम संस्कार में हजारों लोगों ने अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई दी। राज्य सरकार ने उनके सम्मान में एक दिवसीय शोक की घोषणा की है। वहीं, अहमदाबाद विमान हादसे के पीड़ितों की पहचान के लिए चल रहे प्रयासों में अब तक 119 शवों के डीएनए नमूनों का मिलान किया जा चुका है, और 76 शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। अहमदाबाद सिविल अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी ने बताया कि डीएनए सैंपल मिलान की प्रक्रिया तेजी से चल रही है और एक या दो दिन में यह पूरी होने की उम्मीद है। मयूर सोलंकी के साथ अपर्णा खुंट, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।
****
सरकार ने जनगणना कराने की अधिसूचना आज जारी कर दी। जनगणना के लिए संदर्भ तिथि पहली मार्च 2027 होगी। लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में जनगणना पहली अक्तूबर 2026 से कराई जाएगी।
****
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि भारत आपदा प्रबंधन क्षेत्र में वैश्विक प्रमुख बनने की ओर अग्रसर है। नई दिल्ली में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के राहत आयुक्तों और आपदा मोचन बलों के वार्षिक सम्मेलन में श्री शाह ने कहा कि भारत ने पूर्व चेतावनी प्रणाली के विकास में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि सटीक पूर्वानुमान और पूर्व चेतावनी के माध्यम से राहत और बचाव कार्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया गया है।
****
सरकार ने देश में दो हजार ड्राइविंग प्रशिक्षण स्कूल खोलने का निर्णय लिया है। नई दिल्ली में सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि ये प्रशिक्षण स्कूल देश के पिछड़े और जनजातीय क्षेत्रों में खोले जाएंगे और इससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि देश में करीब 22 लाख चालकों की कमी है।
****
जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओरांव ने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने की आवश्यकता पर बल दिया है। नई दिल्ली में उन्होंने कहा कि इस बार जनजातीय क्षेत्रों में यह समारोह आधुनिक योग के साथ स्वदेशी कल्याण प्रथाओं के अनूठे सम्मेलन को उजागर करेगा।
****
भाजपा ने कांग्रेस के नेतृत्व वाली कर्नाटक सरकार के राज्य में फिर से जाति जनगणना कराने के फैसले की आलोचना की है। नई दिल्ली में वरिष्ठ पार्टी नेता और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के लिए अन्य पिछडा वर्ग महज वोट बैंक है।
****
ईरान, इस्राइल के साथ बढ़ते संघर्ष के बीच परमाणु अप्रसार संधि से हटने की योजना बना रहा है। राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने कहा कि ईरान की संसद परमाणु संधि से बाहर निकलने के कानून का मसौदा तैयार कर रही है।
इस बीच, ईरान-इस्रायल संघर्ष के आज चौथे दिन दोनों देशों ने अपने सैन्य अभियान और तेज़ कर दिए हैं। दोनों देशों में मरने वाले नागरिकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। एक रिपोर्ट-
ईरान में शुक्रवार से संघर्ष शुरू होने के बाद से करीब 224 लोग मारे गए हैं। इस्राइली हताहतों की संख्या अब 20 से अधिक हो गई है, जबकि 300 से अधिक लोग घायल हुए हैं। ईरान की सेना ने कल रात और आज इस्राइल के नागरिक इलाकों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए, जिसमें आठ इस्राइली मारे गए और दर्जनों अन्य घायल हो गए। इस्राइल ने आज ईरान के सैन्य, परमाणु और ऊर्जा ठिकानों पर कई बार हवाई हमले किए। प्रधानमंत्री बेंयामिन नेतन्याहू ने कहा कि इजरायली वायु सेना ने राजधानी तेहरान सहित ईरान के भीतर जाकर हमले किए हैं। इस्राइली बलों ने इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स से संबंधित कुद्स फोर्स जैसे कमांड सेंटरों को निशाना बनाया। इस्राइल के रक्षा बलों ने बताया कि चार दिन के दौरान ईरान के 120 से अधिक मिसाइल लांचरों को नष्ट किया गया है। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जया भारती।
****
वित्तीय कार्यवाही कार्यबल – एफ ए टी एफ ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा करते हुए कहा है कि यह हमला वित्तीय सहायता के बिना नहीं हो सकता है। वैश्विक निगरानी संगठन ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमला और हाल के अन्य हमले बिना वित्तीय सहायता के नहीं हो सकते थे। कार्यबल शीघ्र ही वैश्विक नेटवर्क द्वारा आतंकवादी वित्तपोषण का एक व्यापक विश्लेषण जारी करेगा।
****
मौसम विभाग ने सौराष्ट्र और कच्छ में कल मूसलाधार बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, तटीय कर्नाटक, गांगेय पश्चिम बंगाल, गुजरात, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों में भी अगले 2-3 दिनों के दौरान तेज़ वर्षा होने की संभावना है। दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में 20 जून तक गरज, बिजली और तेज़ हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में पिछले दो दिनों में 14 जिलों में बिजली गिरने से 25 लोगों की मौत हो गई। –
जारी आंकडों के अनुसार प्रयागराज जिले में पांच, जौन में चार, ललितपुर, गौरखपुर बरैली और बिजनौर में दो-दो मौतें हुई हैं। इसके अलावा लखनऊ कानपुर, देहात, कुशीनगर, शाहजहांपुर, हरदोई, सम्भल, झांसी और जालौन जिलों में एक-एक व्यक्ति की जान गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को प्रभावी क्षेत्रों का सर्वेक्षण करने और परिवारों की मदद करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान करने को भी कहा है। श्री योगी ने कहा है कि अधिकारी फसलों के नुकसान के आंकडों का आकलन करने के लिए सर्वेक्षण करें। उधर, मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में राज्य के पश्चिमी इलाकों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के लिए यलो अलर्ट और पूर्वी इलाकों के लिए ऑरेन्ज अलर्ट जारी किया है। ओम अवस्थी आकाशवाणी समाचार लखनऊ।
******
आईसीसी ने भारत और श्रीलंका में 30 सितंबर से शुरू होने वाले महिला एकदिवसीय क्रिकेट विश्व कप के लिए विस्तृत कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। एक रिपोर्ट-
विश्व कप की आधिकारिक मेजबानी भारत के पास है जबकि राजनीतिक तनाव के कारण पाकिस्तान के सभी मुकाबले श्रीलंका में होंगे। भारत 2013 के बाद से चौथी बार महिला विश्व कप की मेजबानी कर रहा है। भारत का पहला मुकाबला 30 सितंबर को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में श्रीलंका के साथ होगा। भारत और पाकिस्तान का बहुप्रतीक्षित मुकाबला पांच अक्टूबर को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में होगा। इस विश्व कप में आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं जिसमें भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, बांग्लादेश और पाकिस्तान शामिल हैं। समाचार कक्ष से सरफिरोज़ी।
******
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, साप्ताहिक फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में आज रात साढे नौ बजे “साइबर धोखाधड़ी: ऑनलाइन घोटालों से सुरक्षा” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। भारतीय साइबर अपराध समन्वय केन्द्र की साइबर धोखाधड़ी रोकथाम इकाई के निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल बादल कौशिक और साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ गुलशन राय इस परिचर्चा में भाग लेंगे। श्रोता कार्यक्रम के दौरान साइबर घोटालों और ऑनलाइन धोखाधड़ी से सुरक्षा के बारे में हमारे टेलीफोन नंबर और व्हाट्सऐप पर प्रश्न पूछ सकते हैं।
******
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- भारत और साइप्रस ने आतंकवाद और उग्रवाद के सभी रूपों की निंदा की; प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और साइप्रस के राष्ट्रपति रक्षा, समुद्री सुरक्षा, व्यापार और निवेश सहित कई प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमत।
- प्रधानमंत्री जी-7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने और शीर्ष नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करने के लिए कनाडा रवाना।
- अहमदाबाद विमान दुर्घटना की जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति की पहली बैठक नई दिल्ली में सम्पन्न; तीन महीने के भीतर रिपोर्ट पेश की जाएगी।
- ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन इजरायल के साथ बढ़ते संघर्ष के बीच परमाणु संधि छोड़ने की योजना बना रहे हैं।
- मौसम विभाग ने सौराष्ट्र और कच्छ में कल अलग-अलग स्थानों पर मूसलाधार वर्षा का अनुमान व्यक्त किया; दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार तक गरज के साथ बारिश की संभावना।
- आईसीसी ने भारत और श्रीलंका में 30 सितंबर से शुरू होने वाले महिला एकदिवसीय क्रिकेट विश्व कप के लिए विस्तृत कार्यक्रम की घोषणा की।
*****