मुख्य समाचार :-
- भारत और थाईलैंड ने आईटी, समुद्री और एमएसएमई सहित महत्वपूर्ण क्षेत्रों में रणनीतिक साझेदारी के लिए छह समझौते किए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने थाइलैंड की प्रधानमंत्री पैतोंगतार्न शिनावात्रा के साथ द्विपक्षीय वार्ता की।
- वक्फ (संशोधन) विधेयक 2025 पर राज्यसभा में चर्चा जारी।
- लोकसभा ने तटीय नौवहन विधेयक 2024 पारित किया। इसमें भारतीय तटीय जल के भीतर व्यापार में लगे जहाजों को विनियमित किया जाएगा।
- उच्चतम न्यायालय ने अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के कारण पच्चीस हजार से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति को अमान्य करने का कलकत्ता उच्च न्यायालय का आदेश बरकरार रखा।
- मनीष राठौर, हितेश और अभिनाश जामवाल ने विश्व मुक्केबाजी कप के सेमीफाइनल में पहुंच कर पदक पक्का किया।
- आईपीएल क्रिकेट में कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ मैच में सनराइजर्स हैदराबाद टॉस जीतकर गेंदबाजी कर रहा है।
———-
भारत और थाईलैंड ने आज सूचना प्रौद्योगिकी, समुद्री, सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्यम, हस्तशिल्प और हथकरघा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के लिए छह समझौते किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और थाईलैंड की प्रधानमंत्री पैतोंगतार्न शिनावात्रा के बीच बैंकॉक में द्विपक्षीय वार्ता के बाद ये समझौते हुए। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों ने द्विपक्षीय संबंधों की प्रगति की समीक्षा की तथा द्विपक्षीय साझेदारी को और प्रगाढ़ करने पर चर्चा की।
भारत की ऐक्ट ईस्ट पॉलिसी में थाईलैंड का विशेष स्थान है आज हमने अपने संबंधों को स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप का रूप देने का निर्णय लिया है। सुरक्षा एजेंसियों के बीच स्ट्रेटजी डायलॉग स्थापित करने पर भी चर्चा की। हमारी एजेंसी ह्यूमन ट्रैफिकिंग और इल्लीगल माइग्रेशन के खिलाफ एकजुट होकर काम करेंगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों पक्षों ने पूर्वोत्तर भारत और थाईलैंड के बीच पर्यटन, संस्कृति और शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग पर बल दिया। श्री मोदी ने कहा कि भारत आसियान एकता और आसियान एकजुटता का पूरा समर्थन करता है। उन्होंने कहा कि भारत और थाईलैंड स्वतंत्र, मुक्त और समावेशी हिंद-प्रशांत का समर्थन करते हैं।
इंडो पेसिफिक में फ्री ओपन इंक्लूसिव एंड रूल बेस्ड आर्डर का हम दोनों समर्थन करते हैं हम विस्तारवाद नहीं विकासवाद की नीति में विश्वास रखते हैं। इंडो पेसिफिक ओशन इनीशिएटिव के मैरिटाइम इकोलॉजी पिलर को लीड करने के लिए थाइलैंड के निर्णय का हम स्वागत करते हैं।
थाइलैंड सरकार ने श्री मोदी की यात्रा के अवसर पर 18वीं शताब्दी के रामायण भित्ति चित्रों को दर्शाते हुए एक विशेष डाक टिकट जारी किया। श्री मोदी को थाइलैंड की प्रधानमंत्री ने पाली में बौद्ध धर्म के पवित्र ग्रंथ ति-पिटक का एक विशेष संस्करण भी भेंट किया। प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात से लाए गए भगवान बुद्ध के अवशेषों को थाईलैंड भेजने की पेशकश की। इससे पहले आज सुबह बैंकॉक पहुंचने पर श्री मोदी का थाईलैंड के उप प्रधानमंत्री सूर्या जुंगरुंगरेंगकिट ने हवाई अड्डे पर स्वागत किया। श्री मोदी कल छठे बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। इसके बाद श्री मोदी श्रीलंका की यात्रा के लिए रवाना होंगे।
———-
चिली के राष्ट्रपति श्री गेब्रियल बोरिक फॉन्ट ने कहा है कि चिली दक्षिण अमरीकी देशों के लिए भारत का प्रवेश द्वार बन सकता है। श्री फॉन्ट ने कहा कि चिली भारत की संस्कृति से सीखने का इच्छुक है तथा दोनों देशों के बीच आर्थिक और वाणिज्यिक सहयोग बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुंबई में श्री फॉन्ट ने दोनों देशों के बीच फिल्म निर्माण में सहयोग का आह्वान किया।
———-
भारत, अमेरिका द्वारा लगाए गए जवाबी शुल्कों के प्रभावों की सावधानीपूर्वक जांच कर रहा है। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने कहा है कि विभाग भारतीय उद्योग और निर्यातकों सहित सभी हितधारकों से बातचीत कर शुल्कों के बारे में प्रतिक्रिया ले रहा है। अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने भारत पर 27 प्रतिशत का अतिरिक्त शुल्क लगाया है।
———-
वक्फ संशोधन विधेयक, 2025 पर राज्यसभा में चर्चा जारी है। लोकसभा ने कल रात विधेयक पारित किया था। विधेयक का उद्देश्य वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन को सुव्यवस्थित करना है। इसमें विरासत स्थलों की सुरक्षा और सामाजिक कल्याण को बढ़ावा देने के प्रावधान हैं। इससे संपत्ति प्रबंधन में पारदर्शिता बढ़ाकर, वक्फ बोर्ड और स्थानीय अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित हो सकेगा। विधेयक में मुस्लिम महिलाओं, विशेष रूप से विधवाओं और तलाकशुदा महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक स्थिति में सुधार करने का भी प्रयास किया गया है।
अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि हितधारकों के साथ-साथ संयुक्त संसदीय समिति के साथ विस्तृत परामर्श के बाद विधेयक लाया गया है। उन्होंने विपक्षी दलों से इस विधेयक का समर्थन करने का आग्रह किया। विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि वक्फ का लाभ केवल मुस्लिम को ही मिल सकता है और कोई गैर मुस्लिम वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में हस्तक्षेप नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि वक्फ बोर्ड को समावेशी बनाने के लिए इसमें मुसलमानों के सभी संप्रदायों और महिलाओं का प्रतिनिधित्व होगा।
हमने जो नया प्रोग्राम लेकर आए हैं उसमें हर वक्त बोर्ड में मुसलमान में जो भी जो रिकॉग्नाइज्ड सेक्ट है। सब मिलकर के वक्त बनेगा। जो पिछड़ा वर्ग हैं, वह भी वक्फ बोर्ड का मेम्बर होगा और ऑउट ऑफ टेन मुस्लिम्स टू मेम्बर मिनिमम शैल बी वोमेन।
केन्द्रीय मंत्री और नेता सदन जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि विधेयक राष्ट्र हित में है।
हम यहां डिक्सकशन का हमारा ऑब्जेक्टिव क्या है क्या ऑब्जेक्टिव पार्टी का इंटरेस्ट है या ऑब्जेक्टिव नेशन का इंटरेस्ट है। हमको दोनों के बीच में तय करना है। मैं अपने सरकार के बारे में मोदी जी के नेतृत्व में डंके की चोट पर कह सकता हूं कि यह बिल नेशन के इंटरेस्ट में है और उसके लिए लेकर हम आए हैं। यह किसी पार्टी के इंटरेस्ट में नहीं है, यह किसी वोट बैंक को सैटिसफाई करने के इंटरेस्ट में नहीं है। यह देश के इंटरेस्ट में है।
कांग्रेस के सैयद नसीर हुसैन ने कहा कि यह विधेयक भ्रामक है और इसे सांप्रदायिक ध्रुवीकरण के इरादे से लाया गया है। द्रविड मुनेत्र कझगम के तिरुचि शिवा ने कहा कि विधेयक में एक विशेष समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है। राष्ट्रीय जनता दल के मनोज झा ने विधेयक पर सवाल उठाए।
देश का माहौल कैसा है इस पर एक नजर डाला जाए। गाहे–बगाहे इकोनामिक बॉयकॉट की बात होती है। प्लेसेस ऑफ वर्शिप एक्ट पर सवाल उठता है। सर, इस तरह के माहौल में आपके बिल का कंटेंट और आपके बिल का इंटेंट दोनों सवालिया निशान खड़े करता है।
ज्यादा जानकारी के लिए संसद भवन में मौजूद हमारे संवाददाता आनंद कुमार के पास चलते हैं। आनंद क्या ताजा जानकारी है आपके पास ?
———-
लोकसभा ने तटीय नौवहन विधेयक 2024 पारित कर दिया है। विधेयक का उद्देश्य भारतीय समुद्री सीमा के भीतर व्यापार में लगे जहाजों को विनियमित करना है। विधेयक में तटीय नौवहन के विनियमन से संबंधित कानून को समेकित और संशोधित करने, तटीय व्यापार को बढ़ावा देने और घरेलू भागीदारी को प्रोत्साहित करने का प्रावधान है। केंद्रीय पत्तन, पोत और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि यह क्षेत्र देश का सबसे बड़ा परिवाहक है और भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में मंत्रालय ने कई उपलब्धियां हासिल की हैं।
कार्गो हैंडलिंग की सिलसिले में हमारे ग्रोथ 103% हुई है। हमारे 2014 में बोट का पोजीशन 54 में थे और आज हम 38 तक पहुंच चुका है और ….. शिपमेंट कैटेगरी में इंडिया का पोजीशन 2014 में 44 में थे और आप 22 तक हम आगे बढ़ने में सफलता प्राप्त की है।
———-
सर्वोच्च न्यायालय ने आज पश्चिम बंगाल के स्कूलों में पच्चीस हजार से अधिक शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों की नियुक्ति को अमान्य करार देने वाले कलकत्ता उच्च न्यायालय के फैसले को बरकरार रखा। शीर्ष न्यायालय ने कहा कि पूरी चयन प्रक्रिया में धोखाधड़ी हुई है और इसकी विश्वसनीयता तथा वैधता खत्म हो गई है।
———-
विपक्षी दलों ने नियुक्ति रद्द होने के फैसले पर तृणमूल कांग्रेस सरकार की आलोचना की है। भाजपा ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के त्यागपत्र की मांग की है। विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि इस घटना के लिए मुख्यमंत्री जिम्मेदार हैं। कांग्रेस और वामपंथी दलों ने भी घोटाले के लिए राज्य सरकार की आलोचना की है। इस बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार तीन महीने में नई भर्ती की जाएगी।
———-
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वर्तमान भू-रणनीतिक अनिश्चितताओं को देखते हुए सशस्त्र बलों को दीर्घकालिक और अल्पकालिक चुनौतियों के लिए तैयार रहने की आवश्यकता पर बल दिया है। उन्होंने सेना कमांडरों के दो दिन के सम्मेलन में कहा कि हाइब्रिड युद्ध सहित गैर-परंपरागत युद्ध भविष्य में पारंपरिक युद्धों का हिस्सा होंगे। उन्होंने कहा कि साइबर, सूचना, संचार, व्यापार और वित्त सभी भविष्य के संघर्षों के अभिन्न अंग बन गए हैं।
———-
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने घरेलू निवेशकों से देश की स्टार्टअप व्यवस्था में शामिल होने का आग्रह किया है। श्री गोयल ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में आज स्टार्टअप महाकुंभ के दूसरे संस्करण का उद्घाटन किया। उन्होंने भारत के चालू वित्त वर्ष के अंत तक दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की संभावना व्यक्त की।
———-
गृह मंत्रालय ने आज नई दिल्ली में गोरखा समुदाय से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करने के लिए उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने की। गोरखा प्रतिनिधिमंडल ने गोरखाओं और क्षेत्र से संबंधित कई मुद्दों और समस्याओं के शीघ्र समाधान का आग्रह किया। श्री राय ने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार पश्चिम बंगाल सरकार के साथ समन्वय करके संवैधानिक ढांचे के भीतर गोरखाओं के मुद्दों का समाधान करेगी।
———-
युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने युवाओं से नेतृत्व क्षमता विकसित करने और देश के विकास के लिए काम करने का आग्रह किया है। नई दिल्ली में विकसित भारत युवा संसद के समापन समारोह में श्री मांडविया ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
———-
मनीष राठौड़, हितेश और अभिनाश जामवाल अपने-अपने वजन वर्ग में जीत के साथ विश्व मुक्केबाजी कप ब्राजील के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। जामवाल ने जर्मनी के डेनिस ब्रिल को, हितेश ने इटली के गैब्रिएल गुइडी रोनतानी को और मनीष ने ऑस्ट्रेलिया के यूसुफ चोटिया को हराया।
———-
आईपीएल क्रिकेट में कोलकाता के ईडन गार्डन्स में सनराइजर्स हैदराबाद के साथ मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने ताजा समाचार मिलने तक 18वें ओवर में 4 विकेट पर 160 रन बना लिये हैं। आज हैदराबाद ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया।
———-
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित यमुनोत्री धाम के कपाट 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया के दिन श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे।
गंगोत्री के कपाट भी 30 अप्रैल को और केदारनाथ धाम के कपाट 2 मई तथा बद्रीनाथ धाम के कपाट 4 मई को खुलेंगे।
———-
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- भारत और थाईलैंड ने आईटी, समुद्री और एमएसएमई क्षेत्रों सहित महत्वपूर्ण क्षेत्रों में रणनीतिक साझेदारी के लिए छह समझौते किए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने थाइलैंड की प्रधानमंत्री पैतोंगतार्न शिनावात्रा के साथ द्विपक्षीय वार्ता की।
- वक्फ (संशोधन) विधेयक 2025 पर राज्यसभा में चर्चा जारी।
- लोकसभा ने तटीय नौवहन विधेयक 2024 पारित किया। इसमें भारतीय तटीय जल के भीतर व्यापार में लगे जहाजों को विनियमित किया जाएगा।
- उच्चतम न्यायालय ने अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के कारण पच्चीस हजार से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति को अमान्य करने का कलकत्ता उच्च न्यायालय का आदेश बरकरार रखा।
- मनीष राठौर, हितेश और अभिनाश जामवाल ने विश्व मुक्केबाजी कप के सेमीफाइनल में पहुंच कर पदक पक्का किया।
- आईपीएल क्रिकेट में कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ मैच में सनराइजर्स हैदराबाद टॉस जीतकर गेंदबाजी कर रहा है।
———-