Download
Mobile App

android apple
signal

March 15, 2025 10:21 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

 

  • केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा – सरकार पिछले 10 वर्षों से पूर्वोत्तर को मजबूत और एकीकृत करने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है। असम राइफल्स मुख्यालय को सेंट्रल आइजोल से ज़ोखावसंग में स्थानांतरित किया गया।
  • तेलंगाना में 64 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया।
  • भारतीय मानक ब्यूरो ने असुरक्षित गैर-प्रमाणित उत्पादों को बेचने वाले ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर कार्रवाई की।
  • भारतीय रिज़र्व बैंक को ब्रिटेन में सेंट्रल बैंकिंग द्वारा डिजिटल ट्रांसफॉरमेशन अवॉर्ड 2025 के लिए चुना गया।
  • मौसम विभाग ने कल ओडिशा में अलग-अलग स्थानों पर भीषण गर्मी की चेतावनी दी।
  • टेनिस में, भारत की वैदेही चौधरी और रश्मिका भामिदीपती ने थाईलैंड में डब्‍ल्‍यू-35 नॉन्थाबुरी महिला डबल्‍स का खिताब जीता।

 

***

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम राइफल्स के बटालियन मुख्यालय को आइजोल शहर से ज़ोखावसंग में स्थानांतरित करने के निर्णय को मिजोरम के विकास के लिए महत्वपूर्ण करार दिया है।

 

श्री शाह ने आज आइजोल में कहा कि यह कदम आइजोल शहर के लिए नया अध्याय और राज्य के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि बटालियन मुख्यालय को आइजोल शहर के केंद्र से लगभग 15 किलोमीटर दूर ज़ोखावसंग में स्थानांतरित करने का निर्णय मिजोरम के विकास को ध्‍यान में रखकर किया गया है।

 

श्री शाह ने कहा कि केंद्र सरकार समूचे पूर्वोत्तर को एकजुट करने और मजबूती प्रदान करने के लिए पिछले दस वर्ष से निरंतर कार्य कर रही है। उन्‍होंने कहा कि मोदी सरकार क्षेत्र में पर्यटन से प्रौद्योगिकी, खेल से अंतरिक्ष और कृषि से उद्यमिता तक हर क्षेत्र में अप्रत्‍याशित विकास कर रही है।

 

केंद्रीय गृह मंत्री ने पूर्वोत्तर क्षेत्र को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने, विकास को बढ़ावा देने और नागरिकों के बीच शांति और सद्भाव सुनिश्चित करने के केंद्र सरकार के लक्ष्‍य को भी दोहराया।

 

1890 से आइजोल में सेना के पहला कैंप बना तब से लेकर आज तक के इतिहास में आईजोल के विकास के लिए यह सबसे बड़ा निर्णय माना जाएगा। यह केवल एक एडमिनिस्ट्रेटिव डिसीजन नहीं है, भारत सरकार की मिजो जनता के प्रति रिस्पांसिबिलिटी का प्रतीक है। मिजोरम के विकास के लिए भारत सरकार के कमिटमेंट का यह परिचायक है।

 

समारोह में असम राइफल्स के लेफ्टिनेंट जनरल विकास लखेड़ा और मिजोरम सरकार के सचिव वनलालदीना फनाई के बीच मानचित्रों का आदान-प्रदान भी हुआ।

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में आज असम राइफल्स को सेंट्रल आइजोल से ज़ोखावसंग स्थानांतरित करने के समारोह के साथ मिज़ोरम में इतिहास का एक नया अध्याय लिखा गया। यह स्थानांतरण लंबे समय से मिज़ो लोगों का एक सपना रहा है। पिछले वर्ष अक्टूबर में लालडुहोमा के नेतृत्व वाली जेडपीएम सरकार और असम राइफल्स के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए थे जो इस साल अप्रैल से प्रभावी होंगे। आइज़ोल से गिन गांगटे की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्‍णवी। 

 

***

 

तेलंगाना में प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी – माओवादी के 64 सदस्यों ने पुलिस महानिरीक्षक, मल्टी जोन-वन चंद्रशेखर रेड्डी और भद्राद्री कोठागुडेम जिले के पुलिस अधीक्षक रोहित राज के समक्ष आज स्वेच्छा से आत्म समर्पण किया। इसके साथ ही पिछले दो महीनों में समर्पण करने वाले माओवादियों की कुल संख्या 122 हो गई है। पुलिस महानिरीक्षक ने मीडिया को बताया कि समर्पण करने वालों में 48 पुरुष और 16 महिलाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि समर्पण करने वाले माओवादियों को तत्काल सहायता के रूप में 25-25 हजार रुपये दिए जाएंगे।

 

***

 

इलेक्‍ट्रॉनिक और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने कहा है कि इस वर्ष भारत में पहली चिप जारी कर दी जाएगी। श्री वैष्‍णव ने आज चेन्‍नई में आईआईटी छात्रों से संवाद में कहा कि अगले दो वर्ष में देश में भारत निर्मित चार चिप जारी हो जाएंगी

 

केन्द्रिय मंत्री ने कहा कि भारत के पास तेज मेधावी प्रतिभा है जो किसी भी क्षेत्र का डाटा विकसित करने में सक्षम है। उन्‍होंने कहा कि भारत जल्‍दी ही तकनीकी नियमन तय करेगा जो डीपफेक से संरक्षण प्रदान करेगा।

 

***

 

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने मतदाता फोटो पहचान पत्र और आधार को लिंक करने के मुद्दे पर चर्चा के लिए मंगलवार को बैठक बुलाई है। सूत्रों ने बताया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त, गृह सचिव, विधायी विभाग के सचिव और यूआईडीएआई के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी के साथ इस बारे में चर्चा करेंगे।

 

***

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने लोगों से कल प्रसारित होने वाले लेक्‍स फ्रिडमैन के साथ बातचीत का अपना पॉडकास्‍ट साक्षात्‍कार सुनने का अनुरोध किया है। श्री मोदी ने एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा है कि उनकी श्री फ्रिडमैन के साथ बातचीत शानदार रही है। इस बातचीत में श्री मोदी के बचपन, हिमालय में बिताएं गए वर्ष और सार्वजनिक जीवन समेत कई अन्‍य मुद्दों को शामिल किया गया है।

 

***

 

भारतीय मानक ब्‍यूरो- बीआईएस ने लखनऊ, गुरूग्राम और दिल्‍ली जैसे कई शहरों में अमेजॉन और फ्लिपकार्ट समेत कई प्रमुख ई-कामर्स प्‍लेटफार्म के अनेक गोदामों पर तलाशी और जब्‍ती अभियान चलाया है। हमारी संवाददाता ने बताया है कि इस अभियान का उद्देश्‍य असुरक्षित और अप्रमाणित उत्‍पादों के वितरण पर रोक लगाना है।  

 

बीआईएस ने निगरानी के दौरान पाया है कि अमेजॉन, फ्लिपकार्ट, मीशो, मिंत्रा, बिग बासकेट के ईकामर्स प्‍लेटफार्म पर अनेक अप्रमाणित उत्‍पाद बेचे जा रहे हैं। हालांकि इन उत्‍पादों पर बीआईएस चिन्‍ह अनिवार्य है। यह परीक्षण सुरक्षा और कामकाज के न्‍यूनतम मानकों के लिए आवश्‍यक है। बीआईएस ने उपभोक्‍ताओं से ऐसे उत्‍पादों की सूचना देने के लिए बीआईएस केयर ऐप का उपयोग करने का अनुरोध किया है। यह ऐप उपभोक्‍ताओं को उत्‍पाद के संबंध में महत्‍वपूर्ण जानकारी उपलब्‍ध कराता है। सुपर्णा सेकिया की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से करिश्‍मा राय।

 

***

 

केन्‍द्रीय उपभोक्‍ता मामलों के मंत्री प्रल्‍हाद जोशी ने कहा है कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि उपभोक्‍ता भ्रामक दावों के विरूद्ध पूरी तरह जागरूक और सुरक्षित हों। श्री जोशी आज विश्‍व उपभोक्‍ता अधिकार दिवस के अवसर पर एक वेबिनार को वीडियो कान्‍फ्रेंस के माध्‍यम से संबोधित कर रहे थे। श्री जोशी ने कहा कि सरकार न केवल उपभोक्‍ताओं के संरक्षण बल्कि उपभोक्‍ताओं की समृद्धि पर भी ध्‍यान केंद्रित कर रही है।

 

***

 

भारतीय रिज़र्व बैंक को ब्रिटेन में सेंट्रल बैंकिंग द्वारा डिजिटल ट्रांसफॉरमेशन अवॉर्ड 2025 के लिए चुना गया है। केंद्रीय बैंक को प्रवाह और सारथी नाम की डिजिटल पहलों के लिए सम्मानित किया गया है। इन्‍हें बैंक की इन-हाउस टीम द्वारा विकसित किया गया था। पुरस्कार समिति ने कहा है कि इन डिजिटल पहलों से कागज़ के इस्‍तेमाल में कमी आई है।

 

***

 

जम्मू-कश्मीर के कृषि उत्पादन मंत्री जावेद अहमद डार ने कहा है कि पिछले चार वर्षों में मुमकिन, तेजस्वनी, पीएमईजीपी और आरईजीपी जैसी योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार के कुल 9 लाख 58 हजार अवसर सृजित हुए हैं। उन्‍होंने आज विधानसभा को बताया कि 2019 के बाद से जम्मू-कश्मीर में बेरोजगारी दर में भारी वृद्धि नहीं देखी गई।

 

***

 

केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में प्रशासन ने आगामी वित्त वर्ष के दौरान अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष मनाने का निर्णय लिया है। इस दौरान केंद्र शासित प्रदेश में कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी और  निष्क्रिय सहकारी क्षेत्र को पुनर्जीवित करने के लिए आवश्‍यक कदम उठाए जाएंगे। लद्दाख के मुख्य सचिव डॉ. पवन कोतवाल ने कहा कि यह आयोजन लद्दाख में किया जाएगा।

 

***

 

हरियाणा के नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल ने कहा है कि हिसार हवाई अड्डे को संचालित करने के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण से लाइसेंस मिल गया है और जल्द ही हिसार से उड़ानें शुरू हो जाएंगी। श्री गोयल ने कहा कि हिसार हवाई अड्डे से अयोध्या, जम्मू, जयपुर, दिल्ली और अहमदाबाद के लिए उड़ानें शुरू की जाएंगी।

 

***

 

अगले वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर घोषित किए जाने वाले पद्म पुरस्‍कार-2026 के लिए ऑनलाइन नामांकन आज से शुरू हो गये। नामांकन की अंतिम तारीख 31 जुलाई 2025 है। पद्म पुरस्‍कारों के लिए नामांकन और सिफारिशें केवल राष्‍ट्रीय पुरस्‍कार पोर्टल पर ऑनलाइन स्‍वीकार की जाएंगी।

 

पद्मविभूषण, पद्मभूषण और पद्मश्री देश के सर्वोच्‍च नागरिक सम्‍मानों में शामिल हैं। इन पुरस्‍कारों के अंतर्गत उत्‍कृष्‍ट कार्यके लिए सम्‍मानित किया जाता है। पद्म पुरस्‍कार कला, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, चिकित्सा, समाज सेवा, विज्ञान एवं इंजीनियरी, लोक कार्य, सिविल सेवा, व्यापार एवं उद्योग आदि जैसे सभी क्षेत्रों और विषयों में विशिष्‍ट और असाधारण उपलब्धियों तथा सेवा के लिए प्रदान किए जाते हैं। जाति, व्यवसाय, पद या लिंग के भेदभाव के बिना सभी व्यक्ति इन पुरस्कारों के लिए पात्र हैं। समाचार कक्ष से राजेश मीणा।

 

***

 

मौसम विभाग ने ओडिशा में कल अलग-अलग स्थानों पर भीषण गर्मी का पूर्वानुमान व्‍यक्‍त किया है। विभाग के अनुसार, विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड, उत्तरी तेलंगाना और अगले दो दिनों के दौरान गांगेय पश्चिम बंगाल, सौराष्ट्र और कच्छ में लू चलने की संभावना है।

 

मौसम विभाग की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. सोमा सेन रॉय ने मीडिया से बात करते हुए कहा है कि कल तक ओडिशा में भीषण लू चलने के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अगले दो से तीन दिनों के लिए झारखंड और पश्चिम बंगाल के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

 

उड़ीसा में हीटवेव स्थिति कांटिन्यू करेगा साथ में वार्म नाइट्स भी रहेगी और दोनों के चलते इंपैक्ट बहुत ज्यादा होगा, जिसके कारण रेड अलर्ट आज के लिए दिया जा रहा है। 15-16 तारीख को रेड अलर्ट के बाद 17-18 तारीख को ऑरेंज अलर्ट चलेगी। मगर झारखंड और बंगाल में दो से तीन दिन तक हीटवेव की स्थिति येलो अलर्ट के साथ चलेगा। उसके बाद थोड़ा सा मॉस्‍चर्य आने के कारण से थंडरस्‍टॉर्म एक्टिविटी ईस्ट इंडिया में शुरू होने का चांसेस हैं।

 

इसके अलावा, विभाग ने कल उत्तराखंड और अगले दो दिनों में अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया है।

 

***

 

और अब खेल खबरें- भारत की वैदेही चौधरी और रश्मिका भामिदीपति ने डब्ल्यू-35 नॉन्थाबरी टेनिस टूर्नामेंट में महिला डबल्स का खिताब जीत लिया है। आज फाइनल में भारतीय जोड़ी ने दूसरी वरीयता प्राप्त थाइलैंड की पुनिन कोवापिटुकतेद और जापान की यूकी नाइतो को हराया। तीसरी वरीयता प्राप्त भारतीय जोडी का मैच पर दबदबा रहा और विरोधी पर 6-4, 6-3 से जीत दर्ज की।

 

***

 

नयी दिल्ली में आज हॉकी इंडिया के सातवें सालाना पुरस्कारों की घोषणा की गई। पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक विजेता भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह को वर्ष 2024 के सर्वश्रेष्ठ पुरूष खिलाड़ी का पुरस्कार दिया गया। दिग्गज गोलकीपर सविता को सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का बलबीर सिंह सीनियर पुरस्कार मिला।

 

पचास वर्ष पहले 15 मार्च को ही कुआलालम्पुर में भारत को एकमात्र विश्व कप जिताने वाली अजितपाल सिंह की कप्तानी वाली भारतीय टीम को ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार प्रदान किया गया।

 

***

 

केन्‍द्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया कल नई दिल्‍ली के जवाहर लाल नेहरू स्‍टेडियम में फिट इंडिया उत्‍सव का उद्घाटन करेंगे। तीन दिन चलने वाले फिटनेस और वैलनेस उत्‍सव का उद्देश्‍य फिट इंडिया अभियान के अनुरूप ज्‍यादा स्‍वस्‍थ और सक्रिय जीवन शैली तथा मोटापा मुक्‍त राष्‍ट्र को प्रोत्‍साहन देना है।

 

***

 

मुंबई में वीमेन्स प्रीमियर लीग- डब्ल्यूपीएल के फाइनल में मुंबई इंडियंस और डेल्‍ही कैपिटल्‍स का मुकाबला इस समय जारी है। मुंबई की टीम पहले बल्लेबाजी कर रही है। ताजा समचार मिलने तक मुंबई ने 13 ओवर में 02 विकेट पर 87 रन बना लिये हैं।

 

***

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा – सरकार पिछले 10 वर्षों से पूर्वोत्तर को मजबूत और एकीकृत करने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है। असम राइफल्स मुख्यालय को सेंट्रल आइजोल से ज़ोखावसंग में स्थानांतरित किया गया।
  • तेलंगाना में 64 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया।
  • भारतीय मानक ब्यूरो ने असुरक्षित गैर-प्रमाणित उत्पादों को बेचने वाले ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर कार्रवाई की।
  • भारतीय रिज़र्व बैंक को ब्रिटेन में सेंट्रल बैंकिंग द्वारा डिजिटल ट्रांसफॉरमेशन अवॉर्ड 2025 के लिए चुना गया।
  • मौसम विभाग ने कल ओडिशा में अलग-अलग स्थानों पर भीषण गर्मी की चेतावनी दी।
  • टेनिस में, भारत की वैदेही चौधरी और रश्मिका भामिदीपती ने थाईलैंड में डब्‍ल्‍यू-35 नॉन्थाबुरी महिला डबल्‍स का खिताब जीता।

***