Download
Mobile App

android apple
signal

April 30, 2024 9:25 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण का प्रचार अभियान तेज। विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रमुख प्रचारक रैलियां और रोड़ शो कर रहे हैं।
  • बाहरी मणिपुर संसदीय क्षेत्र के छह मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान जारी।
  • भारत ने कनाडा में एक कार्यक्रम के दौरान खालिस्तान के नारों का कड़ा विरोध किया। दिल्ली में  कनाडा के उपउच्चायुक्त को तलब किया।
  • मौसम विभाग का अगले चार दिन तक देश के दक्षिण हिस्सों में लू की स्थिति जारी रहने का अनुमान।
  • माले में छठी एशियाई कैरम चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों ने पुरुष और महिला दोनों डबल्स खिताब जीते।
  • चीन में थॉमस कप बैडमिंटन में, भारतीय पुरुष टीम ने इंग्लैंड को 5-शून्य से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

——–

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण का प्रचार तेज हो गया है। विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रमुख प्रचारक लगातार रैलियां कर रहे हैं। इस चरण में 10 राज्‍यों और 2 केन्‍द्र शासित प्रदेशों में सात मई को मतदान होगा।

——–

प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी आज महाराष्ट्र के माढा, उस्मानाबाद और लातूर में महायुति उम्मीदवारों के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। श्री मोदी ने कल सोलापुर, सतारा और पुणे में जनसभाएं की।

——–

प्रधानमंत्री मोदी आज तेलंगाना में जहीराबाद संसदीय क्षेत्र के अल्‍लादुर्ग में जनसभा को संबोधित करेंगे। वरिष्‍ठ नेता अमित शाह कल हैदराबाद में चुनाव प्रचार करेंगे।   भाजपा अध्‍यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कल खम्‍मम तथा महबूबाबाद में चुनाव प्रचार किया और निजामपेट में एक रोड शो में भाग लिया। उन्‍होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हताश होकर भाजपा और उसके वरिष्‍ठ नेताओं के खिलाफ झूठी खबरें फैला रही है।

——–

इससे पहले कल कांग्रेस अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कर्नाटक में यादगीर जिले में चुनावी सभा में देश में बढती कीमतों और बेरोजगारी का मुद्दा उठाया। उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी गरीबों के हित के बारे में सोचती है।

——–

गृहमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने बिहार में और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने छत्तीसगढ में प्रचार किया। इनके अतिरिक्त समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ऐटा में, बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने बँदायू में तथा अन्य दलों के प्रमुख नेताओं ने देश के विभिन्न हिस्सों में प्रचार में शामिल हुए । 

——–

मध्‍य प्रदेश में लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में 74 उम्‍मीदवार मैदान में हैं। इस चरण में कल नाम वापस लेने के आखिरी दिन 16 उम्‍मीदवारों ने अपना नाम वापस लिए। एक रिपोर्ट …

मध्य प्रदेश में नाम वापसी में सबसे चौकाने वाला नाम इंदौर के कांग्रेस उम्मीदवार अक्षय कांति बम का रहा। उन्होंने न केवल नाम वापस लिया बल्कि कांग्रेस से त्यागपत्र देकर भाजपा की सदस्यता भी ले ली। चौथे चरण में देवास, उज्जैन, मंदसौर, रतलाम, धार, इंदौर, खरगोन और खंडवा में 13 मई को मतदान होगा। मतगणना 4 जून को होगी। वहीँ, मध्य प्रदेश में अब तक 21 करोड़ रुपये की नगद राशि सहित करीब 258 करोड़ रुपये मूल्य की विभिन्न सामग्री जब्त की गयी हैं। इसमें 37 करोड़ रुपये से ज्यादा की शराब और 23 करोड़ रुपये के ड्रग्स शामिल हैं। मध्य प्रदेश में चुनाव प्रचार भी चरम पर है। केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज खंडवा और बड़वानी में प्रचार करेंगे जबकि वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गाँधी भिंड में पार्टी के लिए जनता का समर्थन मांगेगे। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।

——–

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में उत्‍तर प्रदेश की दस सीटों पर 7 मई को वोट डाले जाएंगे।  इस चरण में बदायूँ की महत्वपूर्ण सीट भी शामिल है। बदायूँ क्षेत्र पर समाजवादी पार्टी की गहरी पकड है। 2019 के चुनाव में 23 साल बाद भारतीय जनता पार्टी ने यह सीट जीती थी। यहां इस बार भाजपा ने क्षेत्रीय उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य को उम्मीदवार बनाया है। समाजवादी पार्टी ने अपने राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव के पुत्र आदित्य यादव को आई.एन.डी.आई.ए. गठबंधन से उम्‍मीदवार के बनाया है। यहां से बहुजन समाज पार्टी ने मुस्लिम खान को टिकट दिया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि तीन महिलाओं सहित आठ अन्‍य उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में हैं।

बदायूँ लोकसभा सीट में पांच विधानसभा क्षेत्र आते हैं। इसमें गुन्नौर, बिसौली, सहसवान, बिल्सी और बदांयू शामिल हैं। यहां कुल 24 लाख 9 हजार और 905 मतदाता 7 मई को 11 प्रत्‍याशियों के भाग्‍य का फैसला करेंगे। इनमें 12 लाख 92 हजार 286 पुरुष मतदाता, 11 लाख 17 हजार 516 महिला मतदाता और 103 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। समाजवादी पार्टी का गढ़ मानी जाने वाली इस सीट से पहले शिवपाल सिंह यादव को उम्मीदवार बनाया गया था, लेकिन बाद में उनके बेटे आदित्य यादव को चुनावी मैदान में उतारा गया। खास बात यह है कि इस बार भाजपा और सपा दोनो ने ही अपने प्रत्‍याशी बदल दिए हैं। सपा ने आदित्य यादव तो भाजपा ने क्षेत्रीय उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य को टिकट दिया है। वहीं, बसपा शेखपुर के पूर्व विधायक मुस्लिम खान को मैदान में उतारकर मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने की कोशिश कर रही है। भाजपा इस सीट पर जीत बरकरार रखने के लिए जमकर प्रचार कर रही है। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री ब्रिजेश पाठक, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेन्द्र सिंह यहां जनसभाएं कर चुके हैं। इसके साथ ही सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस के राहुल गांधी की जनसभाएं आने वाले दिनों में यहां प्रस्तावित हैं। इनके अलावा अन्य दल भी अपने प्रत्‍याशियों के पक्ष में माहौल बना रहे हैं। ओम अवस्थी, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।

——–

मणिपुर में बाहरी मणिपुर संसदीय क्षेत्र के छह मतदान केन्‍द्रों पर पुन: मतदान करवाया जा रहा है। उखरूल जिले में पांच मतदान केन्‍द्रों और सेनापति में एक मतदान केन्‍द्र पर सुबह सात बजे से मतदान शुरु हुआ। यह मतदान शाम चार बजे तक चलेगा। इन केन्‍द्रों पर 26 अप्रैल को वोट डाले गये थे, लेकिन निर्वाचन आयोग ने इसे निरस्‍त करते हुए फिर मतदान के आदेश दिये।

——–

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि सरकार ने गरीबों को सशक्त बनाया है और 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है। उन्होंने कहा कि उनकी रणनीति गरीबों को सशक्‍त बनाने की है। एक प्राइवेट टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में प्रधानमंत्री ने कहा कि देश ने 30 साल तक गठबंधन सरकारों के दौरान अस्थिरता देखी है। श्री मोदी ने कहा कि आज भारत पर दुनिया का भरोसा बढ़ा है, क्योंकि 140 करोड़ देशवासियों ने एक स्थिर, मजबूत और स्पष्ट बहुमत की सरकार बनाई है।

——–

भारत ने कनाडा में एक कार्यक्रम में खालिस्तान के नारों का कड़ा विरोध किया है। इस कार्यक्रम को कनाडा के प्रधानमंत्री संबोधित कर रहे थे। विदेश मंत्रालय ने इस संबंध में नई दिल्ली में कनाडा के उप-उच्चायुक्त को तलब किया। मंत्रालय ने कहा कि इस आयोजन में इस तरह की अलगाववादी गतिविधियों को जारी रखने की अनुमति देने पर भारत ने गहरी चिंता और कड़ा विरोध व्यक्त किया है। मंत्रालय ने कहा कि यह कनाडा में एक बार फिर अलगाववाद, उग्रवाद और हिंसा को बढावा देना प्रदर्शित करता है। मंत्रालय ने कहा कि इन नारों की निरंतर अभिव्यक्ति न केवल भारत-कनाडा संबंधों को प्रभावित करती है।

———

खेल खबरों के साथ है अभिषेक 

मालदीव में कल छठी एशियाई कैरम चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों ने पुरुष और महिला डबल्‍स का खिताब जीत लिया। पुरुष डबल्‍स के फाइनल में भारत के मोहम्मद गुफरान और के श्रीनिवास की जोड़ी ने मालद्वीव के इस्माइल आजमीन और हसन नाजिम की जोडी को 25-15 और 25-16 से हराया। महिला डबल्‍स में भारत की आकांक्षा कदम और शाइनी सेबेस्टियन की जोडी ने फाइनल में भारत की ही रश्मी कुमारी और के नागाजोथी को 21-25, 25-17, 25-17 से हराया। वहीं चीन के चेंग्दू में थॉमस कप बैडमिंटन टूर्नामेंट में गत चैंपियन भारत ने ग्रुप सी के मुकाबले में इंग्लैंड को 5-शून्य से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। पहले मैच में शीर्ष बैडमिंटन खिलाडी एच एस प्रणय ने हैरी हुआंग को हराकर भारत को बढ़त दिलाई। वहीं दूसरे मैच में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने बेन लेन और सीन वेंडी को हराया। तीसरे मैच में किदांबी श्रीकांत ने नदीम दलवी को हराया और आईपीएल क्रिकेट में कल शाम कोलकाता नाइट राइडर्स ने डेल्‍ही कैपिटल्स को सात विकेट से हरा दिया। कोलकाता ने एक सौ चौवन रन के लक्ष्य को 16 ओवर और तीन गेंद में तीन विकेट पर एक सौ सत्‍तावन रन बनाकर हासिल किया। वहीं आज लखनऊ के एकाना क्रिकेट स्टेडियम में लखनऊ सुपर जाइंट्स का मुकाबला मुंबई इंडियंस से होगा। वहीं महिला क्रिकेट में भारत आज सिलहट में पांच मैचों की टीट्वेंटी श्रृ्ंखला के दूसरे मैच में बांग्लादेश के साथ खेलेगा। यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर साढे तीन बजे से शुरू होगा।

——–

मौसम विभाग ने तेलंगाना, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और पुद्दुचेरी सहित लगभग समूचे दक्षिणी हिस्‍से में अगले चार दिन लू जैसी स्थिति बने रहने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। मौसम विभाग के वरिष्‍ठ वैज्ञानिक आर के जेनामणि ने बताया है कि देश के पूर्वी हिस्‍से में अगले 2 दिन अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री और मध्‍य भारत में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढोतरी का अनुमान बताया गया है।

पूर्व तटीय भारत का इलाका का बात करें तो जो बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिसा, रायलसीमा ये सब जगह में हीट वेब जारी है। मेनली जो हमारा वेस्‍ट बंगाल एरिया है चाहे गेंगटिक वेस्‍ट बंगाल हो, तराई क्षेत्र में जो काफी उष्‍म लहर प्रकोप जारी है। दक्षिण भारत का बात करें तो रायलसीमा, तेलंगाना, उचला आन्‍ध्र प्रदेश में तापमान ज्‍यादा चल रहा है और अगर जो पश्चिम भारत का बात करें तो गुजरात का जो कच्‍छ इलाका है तो वहां भी हीट वेब्‍स चल रहा है तो उसके लिए भी ऑरेंज कलर दो दिन है।

——–

विश्‍वविद्यालय अनुदान आयोग- राष्‍ट्रीय पात्रता परीक्षा-यूजीसी नेट अब इस वर्ष 18 जून को होगी। पहले यह 16 जून को आयोजित होनी थी। विश्‍वविद्यालय अनुदान आयोग ने उम्‍मीदवारों की प्रतिक्रिया के बाद यह फैसला लिया है। यूजीसी-नेट, विश्‍वविद्यालयों और कॉलेजों में जूनियर रिसर्च फैलोशिप तथा सहायक प्रोफेसर की नियुक्ति के लिए पात्रता परीक्षा होती है।

——–

ये समाचार हमारी वेबसाइट news on air.gov.in/hindi पर भी उपलब्ध हैं

——–

समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं निखिल कुमार।

  • चुनावी सर‍गर्मियां अखबारों के मुख पृष्‍ठ पर छाई हुई हैं। केंद्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता अमित शाह के फर्जी वीडियो मामले पर जनसत्‍ता की सुर्खी है – पूछताछ के लिए तेलंगाना के मुख्‍यमंत्री रेवंत रेड्डी तलब, पुलिस ने चुनाव नतीजों को प्रभावित करने की कोशिश सहित विभिन्‍न धाराएं लगाईं।
  • राजस्‍थान पत्रिका की बडी खबर है – सूरत के बाद अब इंदौर में कांग्रेस प्रत्‍याशी नामांकन वापस लेकर भाजपा में। भाजपा ने बताया- मोदी की गारंटी, कांग्रेस ने कहा दबाव की राजनीति।
  • दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविन्‍द केजरीवाल की गिरफ्तारी से दिल्‍ली स‍रकार की स्थिति पर उच्‍च न्‍यायालय की टिप्‍पणी पर नवभारत टाइम्‍स लिखता है – सी एम पद पर बैठे शख्‍स की गैरमौजूदगी ठीक नहीं।
  • संदेशखाली मामले में सीबीआई जांच के खिलाफ पश्चिम बंगाल सरकार की याचिका पर सर्वोच्‍च न्‍यायालय की टिप्‍पणी पर अमर उजाला की सुर्खी है – चंद व्‍यक्तियों को बचाने के लिए राज्‍य सरकार याचिकाकर्ता क्‍यों। सुनवाई ग्रीष्‍मावकाश के बाद तक स्‍थगित।
  • दैनिक जागरण की खबर है – ब्‍याज वसूली के अनुचित तरीकों के प्रयोग पर भारतीय रिजर्व बैंक चिंतित। केंद्रीय बैंक ने ऋणदाताओं से प्रक्रिया में सुधार करने और वसूले गए अतिरिक्‍त शुल्‍क को वापस करने का निर्देश दिया।
  • हिन्‍दुस्‍तान तैयारी शीर्षक से लिखता है – एक पॉलिसी में कई तरह की बीमा सुरक्षा का लाभ मिलेगा। गांव समेत देश की ज्‍यादा आबादी तक मुहैया कराना इस पॉलिसी का मकसद। हर बीमा के लिए दावा निपटान अलग। पांच सौ रूपए में स्‍वास्‍थ्‍य कवर और सौ रूपए के प्रीमियम में व्‍यक्तिगत दुर्घटना कवर मिल सकता है।
  • नवभारत टाइम्‍स का कहना है – एन पी एस ने कमाई में म्‍युचुअल फंड को पीछे छोडा। एन पी एस इक्विटी फंड्स पिछले दस साल में लॉर्ज कैप म्‍युचुअल फंड कैटेगरी को लगातार पीछे छोडा। मैनेजमेंट फीस के जाल से बचाता है एन पी एस।
  • मेडिकल पत्रिका लेंसेट के शोध के हवाले से राजस्‍थान पत्रिका का शीर्षक है – लंबे समय तक प्रदूषित हवा में रहने से टाइप-टू मधुमेह का खतरा।

——–

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण का प्रचार अभियान तेज। विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रमुख प्रचारक रैलियां और रोड़ शो कर रहे हैं।
  • बाहरी मणिपुर संसदीय क्षेत्र के छह मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान जारी।
  • भारत ने कनाडा में एक कार्यक्रम के दौरान खालिस्तान के नारों का कड़ा विरोध किया। दिल्ली में  कनाडा के उप-उच्चायुक्त को तलब किया।
  • मौसम विभाग का अगले चार दिन तक देश के दक्षिण हिस्सों में लू की स्थिति जारी रहने का अनुमान।
  • माले में छठी एशियाई कैरम चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों ने पुरुष और महिला दोनों डबल्स खिताब जीते।
  • चीन में थॉमस कप बैडमिंटन में, भारतीय पुरुष टीम ने इंग्लैंड को 5-शून्य से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

——–