मुख्य समाचार
- अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का दावा– इजरायल और ईरान युद्ध विराम पर सहमत। ईरान ने इनकार किया; इजरायल की अभी तक कोई टिप्पणी नहीं।
- ईरान ने परमाणु संयंत्रों पर अमरीका के हमले के जवाब में कतर में अमरीका के सैन्य ठिकाने पर हमला किया।
- वैश्विक तेल की कीमतों में पिछले पांच वर्षों में एक दिन में सबसे ज्यादा गिरावट आई।
- ऑपरेशन सिंधु के अंतर्गत ईरान से 290 भारतीय और एक श्रीलंकाई नागरिक नई दिल्ली पहुंचे।
- मौसम विभाग ने कल से उत्तर–पश्चिम क्षेत्र में मूसलाधार वर्षा में तेजी का अनुमान व्यक्त किया है।
- लीड्स में एंडरसन–तेंदुलकर ट्रॉफी के पहले टेस्ट मैच में भारत ने इंग्लैंड को 371 रन का लक्ष्य दिया।
———-
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनाल्ड ट्रम्प ने घोषणा की है कि ईरान और इस्राइल पूर्ण संघर्ष विराम पर सहमत हो गए हैं। संघर्ष विराम अगले कुछ घंटों में प्रभावी होगा। यह घोषणा कल रात कतर स्थित अमरीकी एयरबेस पर ईरान के मिसाइल हमले के बाद की गई। एक रिपोर्ट –
एक बयान में श्री ट्रम्प ने कहा कि दोनों देशों द्वारा अपने अंतिम मिशन समाप्त करने के बाद यह संघर्ष विराम लागू होगा। यह संघर्ष विराम चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ईरान युद्ध विराम की पहल करेगा और 12 घंटे बाद इस्राइल युद्ध विराम लागू करेगा। 24 घंटे बाद 12 दिन के युद्ध की आधिकारिक समाप्ति की घोषणा की जाएगी। समाचार कक्ष से, मनोज।
इस बीच, ईरान ने संघर्ष विराम से इनकार किया है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि ईरान पर इस्राइल का हमला बंद होने पर ही ईरान जबावी कार्रवाई नहीं करेगा। हमले जारी रखने का ईरान का कोई इरादा नहीं है। उधर इजरायल की अभी तक कोई टिप्पणी नहीं आयी है।
———-
इससे पहले ईरान ने कतर में अमरीकी हवाई एयर बेस अल उदीद पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया है। कतर में यह एयरबेस पश्चिम एशिया में अमरीका का सबसे बडा सैनिक केंद्र है। ईरान के परमाणु केंद्रों पर अमरीका के हमले के बाद यह ईरान की जवाबी कार्रवाई है। ईरान का मुख्य लक्ष्य दोहा के दक्षिण-पश्चिम में स्थित यह सैन्य ठिकाना था लेकिन उसने इराक में एन–अल–असद बेस को भी निशाना बनाया है। कतर और अमरीका ने कहा है कि हमलों में कोई हताहत नहीं हुआ है। कतर ने कहा है कि एयरबेस को पहले ही खाली करा लिया गया था और उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने ईरान के मिसाइल हमलों को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया। एक रिपोर्ट –
अमरीका ने कहा है कि ईरान की कोई भी बैलिस्टिक मिसाइल कतर के अल उदीद एयर बेस के अंदर नहीं गिरी। हालाँकि, हमले की पश्चिम एशिया और विश्वभर में कड़ी निंदा हुई है। बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब, यूएई, मिस्र, मोरक्को, जॉर्डन, लेबनान, तुर्की, यमन और फलिस्तीनी सहित सभी देशों ने इन हमले की निंदा की है। इस बीच, कतर ने लोगों को आश्वस्त किया है कि सुरक्षा स्थिति स्थिर है। अमरीका के विदेश विभाग ने लोगों को कुवैत की यात्रा के लिए चेतावनी जारी की है। इस संकट से विमानन उद्योग में हड़कंप मच गया है। एयर इंडिया ने पश्चिम एशिया के लिए सभी उडानों को तत्काल निलंबित करने की घोषणा की है। दुबई से, विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से एस.बी. त्रिपाठी।
इस बीच, बहरीन, कुवैत और संयुक्त अरब अमीरात ने अपने-अपने वायु क्षेत्र फिर खोल दिए हैं। ईरान के हमले के जवाब में उन्होंने एयरबेस अस्थाई रूप से बंद कर दिया था।
———-
इससे पहले इजराइल ने ईरान के करमनशाह प्रांत में सैन्य बुनियादी ढाँचे को निशाना बनाया और सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइल लॉन्चर और हथियार भण्डार पर हमले किए। ईरान ने भी इज़राइल में मिसाइल और ड्रोन हमले किए। वहीं ईरान की संसद ने दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल और गैस पारगमन मार्गों में से एक हौर्मुज़ जलडमरूमध्य को बंद करने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी थी। इस बीच, संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतोनियो गुतेरस ने न्यूयॉर्क में सुरक्षा परिषद के एक आपातकालीन विशेष सत्र के दौरान शांति की अपील की और संकट कम करने के लिए तत्काल कार्रवाई का आग्रह किया।
———-
इस बीच, ईरान के हमलों के बाद तेल की वैश्विक कीमतों में पिछले पांच वर्षों में एक ही दिन में सबसे तेज गिरावट दर्ज की गई है। तेल की कीमतें पांच डॉलर प्रति बैरल कम हुई और इसमें छह प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई। सप्ताहांत के तनावों के कारण तेल बाजार में शुरूआत में उछाल आया लेकिन तेल की बिकवाली तेजी से शुरू हुई।
———-
ऑपरेशन सिंधु के अंतर्गत मशहद से सुरक्षित निकाले गए 290 भारतीय और एक श्रीलंकाई नागरिक कल शाम विशेष उड़ान से नई दिल्ली पहुंचे। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि इन्हें मिलाकर अब तक ईरान से 2003 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित वापस लाया गया है। स्वदेश लौटे नागरिकों ने भारत सरकार और दूतावास को धन्यवाद दिया है।
इस बीच, ऑपरेशन सिंधु के अंतर्गत जॉर्डन के अम्मान से 161 यात्रियों का पहला समूह आज दिल्ली पहुंचेगा। इन 161 लोगों को इजराइल से निकालकर सड़क मार्ग से अम्मान ले जाया गया।
———-
भारत सरकार उन भारतीय नागरिकों को इस्राइल से निकाल रही है जो वहां से निकलना चाहते हैं। तल अवीव में भारतीय दूतावास ने अनुरोध किया गया है कि वे दूतावास में अपना पंजीकरण कराएं। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए दूतावास में स्थापित नियंत्रण कक्ष से चौबीसों घंटे संपर्क किया जा सकता है।
———-
भारत ने इस्लामिक सहयोग संगठन के विदेश मंत्रियों की परिषद की बैठक में देश के बारे में की गई टिप्पणियों को सिरे से खारिज कर दिया है और उन्हें अवांछित तथा तथ्यात्मक दृष्टि से गलत बताया है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि पाकिस्तान द्वारा संचालित यह बयान, संकीर्ण राजनीतिक उद्देश्यों के लिए ओआईसी मंच के निरंतर दुरुपयोग को दर्शाता है।
भारत ने कहा कि ओआईसी को देश के आंतरिक मामलों पर टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है। इसमें भारत का अभिन्न अंग जम्मू-कश्मीर भी शामिल है।
———-
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
———-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल नई दिल्ली में प्रधानमंत्री संग्रहालय और पुस्तकालय सोसायटी की 47वीं वार्षिक आम बैठक की अध्यक्षता की। प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया भर में संग्रहालयों का बहुत महत्व है और उनमें लोगों को इतिहास का अनुभव कराने की शक्ति है। उन्होंने संग्रहालयों में लोगों की रुचि उत्पन्न करने और इनकी प्रतिष्ठा बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासों पर बल दिया। प्रधानमंत्री ने आपातकाल के आगामी 50वें वर्ष के मद्देनजर उस अवधि से संबंधित सभी कानूनी दस्तावेजों और अभिलेखों को भी संकलित करने का सुझाव दिया ताकि इतिहास के उस अध्याय को संरक्षित रखा जा सके।
———-
प्रधानमंत्री आज नई दिल्ली में देश के दो महान आध्यात्मिक और नैतिक गुरु, श्री नारायण गुरु और महात्मा गांधी के बीच ऐतिहासिक वार्तालाप के शताब्दी समारोह का शुभारंभ करेंगे। यह समारोह आध्यात्मिक गुरुओं और अन्य सदस्यों को एक साथ लाएगा, ताकि लोग उनके दूरदर्शी संवाद सुन सकें और उन्हें याद कर सकें। उनके संवाद भारत के सामाजिक और नैतिक ताने-बाने को आकार देते रहे हैं। यह श्री नारायण गुरु और महात्मा गांधी के सामाजिक न्याय, एकता और आध्यात्मिक सद्भाव के साझा दृष्टिकोण के लिए श्रद्धांजलि है।
———-
संविधान हत्या दिवस कल मनाया जाएगा। यह दिन 25 जून 1975 को भारत के संविधान को कुचलने की घटनाओं की याद दिलाता है। इस दिवस पर उन सभी लोगों को श्रद्धांजलि दी जाती है, जिन्होंने आपातकाल की ज्यादतियों के कारण कष्ट झेले। यह भारतीय इतिहास का सबसे काला समय था। इस दिन उन सभी लोगों के योगदान को भी याद किया जाता है, जिन्होंने आपातकाल के अमानवीय दर्द को सहन किया था। एक रिपोर्ट-
पिछले साल सरकार ने 25 जून को संविधान हत्या दिवस के रूप में घोषित किया था, ताकि आपातकाल के दौरान सत्ता के घोर दुरुपयोग के खिलाफ लड़ने वाले सभी लोगों के महान योगदान को याद किया जा सके और भारत के लोगों को भविष्य में सत्ता के ऐसे घोर दुरुपयोग का समर्थन न करने के लिए प्रतिबद्ध किया जा सके। 25 जून 1975 को एक तानाशाही मानसिकता दिखाते हुए तत्कालीन इंदिरा गांधी सरकार ने 18 महीने के लिए देश पर आपातकाल थोप दिया था। लाखों लोगों को बिना किसी गलती के सलाखों के पीछे डाल दिया गया और मीडिया की आवाज़ को खामोश कर दिया गया। संविधान हत्या दिवस का उद्देश्य उन लाखों लोगों की भावना को सम्मान करना है, जिन्होंने एक दमनकारी सरकार के हाथों अकथनीय उत्पीड़न का सामना करने के बावजूद, लोकतंत्र को पुनर्जीवित करने के लिए संघर्ष किया। अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
———-
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने पेईचिंग में चीन के विदेश मंत्री वांग ई से मुलाकात की। श्री डोभाल ने क्षेत्र की समग्र शांति और स्थिरता बनाए ररखने के लिए आतंकवाद के सभी रूपों से निपटने की आवश्यकता का उल्लेख किया।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि इस बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने भारत- चीन के द्विपक्षीय संबंधों में हाल के घटनाक्रमों की समीक्षा की।
———-
मौसम विभाग ने कल से पश्चिमोत्तर में तेज बारिश में वृद्धि होने का अनुमान व्यक्त किया है। आज मध्य प्रदेश में अत्यधिक तेज बारिश होने की संभावना है। बिहार, झारखंड, ओडिसा, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरूणाचल प्रदेश, कोंकण, गोआ, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, केरल और कर्नाटक में आज मूसलाधार बारिश होने के आसार हैं।
मछुआरों को गुजरात, कोंकण, आंध्र प्रदेश, मध्य बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के तटों पर नहीं जाने की सलाह दी गई है।
———-
दक्षिण असम, त्रिपुरा, मणिपुर और मिजोरम से गुवाहाटी होते हुए देश के शेष भागों के बीच रेल सेवा कल शाम से बंद कर दी गई है। ब्योरा हमारे संवाददाता से-
एन.एफ.आर. के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिन्जल किशोर शर्मा ने बताया कि न्यू हाफलोंग–जटिंगा लामपुर सेक्शन में पत्थर और मिट्टी रेलवे ट्रैक पर गिरने की वजह से लुमडिंग–बदरपुर हिल सेक्शन में ट्रेन सेवाएं 23 जून की शाम से निलंबित कर दी गईं, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। प्राप्त जानकारी के अनुसार उस क्षेत्र में सड़क मरम्मत का कार्य चल रहा था, जिसके कारण सड़क और रेल लाइन के बीच डाउनस्ट्रीम की ढलान पर दबाव बढ़ गया और पूरा मलबा रेलवे ट्रैक की ओर खिसकने लगा। चूंकि यह स्थान अत्यंत जोखीम भरा और असुरक्षित है, इसलिए लमडिंग–न्यू हाफलोंग–बदरपुर सेक्शन के बीच रेल यातायात को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके कारण कई ट्रेनों को रद्द किया गया है और कुछ को आंशिक रूप से समाप्त किया गया है। एन.एफ.आर. ने एन.एच.ए.आई. को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि वे पर्याप्त सुरक्षात्मक उपाय करें और मानव संसाधन व मशीनरी लगाकर यह सुनिश्चित करें कि इस महत्वपूर्ण रेलवे ट्रैक को और नुकसान न पहुंचे, जो मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और असम के बराक घाटी क्षेत्र को जोड़ता है। कुणाल शिंदे, आकाशवाणी समाचार, अगरतला।
———-
लीड्स में एंडरसन तेंदुलकर ट्रॉफी के पहले क्रिकेट टेस्ट मैच में भारत ने इंग्लैंड को 371 रन का लक्ष्य दिया है। जवाब में इंग्लैंड ने कल चौथे दिन तक बिना किसी नुकसान के 21 रन बना लिए हैं। एक रिपोर्ट –
जसप्रीत बुमराह की अगुवाई में भारतीय गेंदबाजों के पास श्रृंखला में बढत बनाने का एक अच्छा अवसर है। बल्लेबाजों के लिए मुश्किल होती लीड्स की पिच पर आज आखिरी दिन इंग्लैंड के सामने तीन सौ 50 रन बनाने की मुश्किल चुनौती है। इससे पहले कल ऋषभ पंत के 118 और के.एल राहुल के 137 रन के सहारे भारत ने दूसरी पारी में 364 रन बनाए। पहली पारी की तरह ही भारतीय मध्य क्रम एक बार फिर बिखरा और अंतिम पांच विकेट सिर्फ 31 रन पर गवा दिए थे। पंत एक ही टेस्ट में दो शतक लगाने वाले पहले भारतीय विकेट कीपर बने। युवा भारतीय टीम ने रोहित शर्मा और विराट कोहली के सन्यास के बाद इस पहले टेस्ट मैच में ही पांच शतक लगाकर नया इतिहास रचा। भारत ने टेस्ट इतिहास में पहली बार यह उपलब्धि हासिल की है। समाचार कक्ष से, शशांक कुमार।
———-
भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला का अंतराराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन-आईएसएस के लिए एक्सिओम-4 मिशन अब कल प्रक्षेपित होगा। इस मिशन को 29 मई को प्रक्षेपित किया जाना था लेकिन इसके प्रक्षेपण में कई बार बदलाव किया गया।
———-
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
———-
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं– मुकेश कुमार बल।
- ईरान द्वारा अमरीकी हमले के जवाब में, कतर और इराक में अमरीकी सैन्य ठिकानों पर हमले की ख़बर को लगभग सभी अख़बारों ने प्रमुखता से देते हुए अपनी सुर्खी बनाया है। दैनिक ट्रिब्यून के शब्द हैं- ईरान ने कहा अमरीका ने जितने बम गिराए, उतनी ही मिसाइल दागी।
- भारत और पाकिस्तान के बीच एयरस्पेस को बंद रखने की अवधि बढ़ाए जाने पर नवभारत टाइम्स लिखता है- भारत ने पाकिस्तान एयरलाइंस की उड़ानों के लिए अपने एयरस्पेस को बंद रखने का फैसला 24 जुलाई तक बढ़ा दिया है। वहीं, पाकिस्तान ने ये प्रतिबंध बढ़ाकर 23 जुलाई तक किया।
- अमरीका में पढ़ने की योजना बना रहे विद्यार्थियों को अपने सोशल मीडिया अकाउंट को करना होगा पब्लिक। अख़बारों ने अमरीकी दूतावास के हवाले से लिखा है- एफ, एम, और जे. श्रेणी के वीज़ा इंटरव्यू से पहले ध्यान रखना होगा कि सभी सोशल मीडिया अकाउंट की सेटिंग पब्लिक हो।
- यू.पी.आई. भुगतान में लेनदेन अटकने और रिफंड में देरी को लेकर 15 जुलाई से नए नियम के लागू होने की ख़बर- हिन्दुस्तान में है। पत्र लिखता है- असफल यू.पी.आई. भुगतान की रकम तुरन्त वापस आएगी।
———-
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का दावा- इजरायल और ईरान युद्ध विराम पर सहमत। ईरान ने इनकार किया; इजरायल की अभी तक कोई टिप्पणी नहीं।
- ईरान ने परमाणु संयंत्रों पर अमरीका के हमले के जवाब में कतर में अमरीका के सैन्य ठिकाने पर हमला किया।
- वैश्विक तेल की कीमतों में पिछले पांच वर्षों में एक दिन में सबसे ज्यादा गिरावट आई।
- ऑपरेशन सिंधु के अंतर्गत ईरान से 290 भारतीय और एक श्रीलंकाई नागरिक नई दिल्ली पहुंचे।
- मौसम विभाग ने कल से उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में मूसलाधार वर्षा में तेजी का अनुमान व्यक्त किया है।
- लीड्स में एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के पहले टेस्ट मैच में भारत ने इंग्लैंड को 371 रन का लक्ष्य दिया।
———-