Download
Mobile App

android apple
signal

May 28, 2024 4:19 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्य समाचार:-

  • लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के लिए प्रचार चरम पर। मतदाताओं को लुभाने के लिए नेता कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर आरक्षण के नाम पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया।
  • चक्रवात रेमल के कारण असम और मिजोरम में तेज बारिश, आइजोल के पास भूस्खलन से कम से कम 12 लोगों की मृत्‍यु।
  • राष्‍ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण -एनआईए ने संगठित मानव तस्करी और साइबर धोखाधड़ी से जुडे एक अभियान में 5 लोगों को गिरफ्तार किया।
  • और पेरिस में आज फ्रेंच ओपन टेनिस में पुरुष युगल स्पर्धा में रोहन बोपन्ना और युकी भांबरी अपना अभियान शुरू करेंगे।

   ****

लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के लिए प्रचार चरम पर है। राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता जनसभाएं और रोड शो कर रहे हैं। इस चरण में पहली जून को आठ राज्‍यों की 57 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। मतगणना 4 जून को होगी।

 

  ****

प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्‍ठ नेता नरेंद्र मोदी ने कहा है कि 4 जून के बाद भ्रष्‍ट लोगों के विरूद्ध कार्रवाई और तेज होगी। झारखंड के दुमका एयरपोर्ट ग्राउंड में एक जनसभा को सम्‍बोधित करते हुए श्री मोदी ने आरोप लगाया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस ने आपने शासन में झारखंड को लूटा और धन संग्रह किया है। उन्‍होंने कहा कि भ्रष्‍ट मंत्रियों, सांसदों और अधिकारियों के ठिकानों पर हुई छापे मारी में विशाल मात्रा में नकदी बरामद हुई है। उन्‍होंने आरोप लगाया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस, आरजेडी और आईएनडीआई गठबंधन भ्रष्‍टाचार और तुष्‍टीकरण का सबसे बडा उदाहरण बन चुके हैं।

****

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता योगी आदित्यनाथ ने आज फिल्म अभिनेता तथा गोरखपुर से भाजपा उम्मीदवार रवि किशन के लिए प्रचार किया। श्री योगी ने कैंपियरगंज क्षेत्र में एक राजनीतिक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने गरीबों और वंचितों के लिए बहुत कुछ किया है। उन्‍होंने कहा कि केंद्र में तीसरी बार मोदी सरकार बनने के बाद 70 साल से अधिक उम्र के लोगों को अलग से आयुष्मान कार्ड दिया जाएगा। जिसके तहत 5 लाख रुपये का कैशलेस स्वास्थ्य इलाज मुफ्त मिलेगा। वह आज मिर्ज़ापुर में एक और रैली को संबोधित करेंगे।

 

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी गोरखपुर जिले के बांसगांव क्षेत्र में एक रैली को संबोधित किया।

 

उधर, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव आज कुशीनगर जिले में एक रैली में भाजपा की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी संविधान बदलना चाहती है। श्री यादव ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के साथ वाराणसी के मोहन सराय इलाके में संयुक्त रूप से एक राजनीतिक रैली को संबोधित किया। वे बांसगांव लोकसभा क्षेत्र में परिवर्तन संकल्प सभा को भी संयुक्त रूप से संबोधित करेंगे।

****

लोकसभा निर्वाचन-क्षेत्रों से परिचय की श्रृंखला में, आज हम बिहार और ओडिसा के बारे में जानकारी दे रहे हैं। सबसे पहले बात बिहार के काराकाट संसदीय क्षेत्र के विषय के बारे में 

 

 

बिहार के काराकाट संसदीय क्षेत्र में इस बार मुकाबला काफी रोचक है। भाजपा से बगावत कर चुनावी मैदान में उतरे भोजपुरी गायक पवन सिंह ने यहां से राजनीतिक लडाई को त्रिकोणीय बना दिया है। इससे एनडीए के प्रत्याशी उपेंद्र कुशवाहा और महागठबंधन के उम्मीदवार राजाराम सिंह के लिए चुनावी लड़ाई काफी कठिन हो गयी है। हाल ही में अपनी नयी पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा का गठन करने वाले उपेंद्र कुशवाहा ने यह सीट एनडीए गठबंधन में हुए समझौते में जदयू से प्राप्त की थी। क्षेत्रीय राजनीतिक समीकरण की बात करें तो छह विधान सभा सीटों पर राष्ट्रीय जनता दल और सीपीआई माले का कब्जा है। निर्दलीय चुनाव लड रहे पवन सिंह को अपनी लोक प्रियता के जरिये जीत का भरोसा है। वहीं उपेंद्र कुशवाहा को विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व से उन्हें काफी चुनावी फायदा मिलने जा रहा है। धर्मेन्द्र कुमार राय, आकाशवाणी समाचार पटना।

****

केंद्रपाड़ा उड़ीसा का एक हाई प्रोफाइल लोकसभा क्षेत्र है। इस क्षेत्र में जननायक बीजू पटनायक और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष रवि राय जैसे कई दिवंगत राजनीतिक दिग्गजों को लोकसभा को भेजा है। हाली महाकाल पड़ा राजनगर चंद्रपाड़ा पटपुर कृष्ण नगर और महंगा विधानसभा क्षेत्र इस लोकसभा क्षेत्र के अधीन आते हैं। 2024 के चुनाव में इस संसदीय क्षेत्र में 17 लाख 91 हजार 112 मतदाता हैं जिनमें 42 हजार 181 पहली बार के मतदाता शामिल है। उद्योगों की कमी बेरोजगारी और कुशल कारीगरों का पलायन केंद्रपाड़ा लोकसभा क्षेत्र में हमेशा से प्रमुख मुद्दे रहे हैं। इस बार चुनाव में लड़ाई मुख्य रूप से बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजन पांडा और बीजेपी की युवा चेहरा अंशुमन मोहन महंती के बीच है। कांग्रेस ने सिद्धार्थ स्वरूप दास को मैदान में उतारा है। केंद्रपाड़ा लोकसभा क्षेत्र में 1 जून को मतदान होगा प्रकाश दास आकाशवाणी समाचार भुवनेश्वर।

****

प्रधानमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता नरेन्‍द्र मोदी ने कांग्रेस पर आरक्षण के नाम पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया है। एक समाचार एजेंसी को दिए साक्षात्‍कार में उन्‍होंने कहा कि विपक्ष वोट बैंक की राजनीति के लिए भारत के संविधान की मूल भावना का उल्लंघन कर रहा है। उन्‍होंने कहा कि वे अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग को यह बताना चाहते हैं कि विपक्ष उन्हें धोखा दे रहा है। श्री मोदी ने कहा कि वह इस समुदाय के लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए लड़ेंगे।

 

देश में अब जो टेंडर होंगे। उस टेंडर में भी वे माइनॉरिटी के लिए आरक्षण करेंगे। मतलब यह हुआ कि आज मान लीजिए कोई कहीं पर बहुत बड़ा महत्वपूर्ण ब्रिज बन रहा है। कौन ब्रिज बनाएगा? उसमें कंपटीशन होती है। कंपटीशन में जो निकलता है उसको टेंडर मिलता है। ये कहते नहीं ये सब बाद में। अब मुझे बताइये अगर इसी प्रकार से सिर्फ धर्म के आधार पर कोटा दे देंगे। वह ब्रिज बनेगा लोग मारे जाएंगे। तो कौन जिम्मेदार होगा क्या वोट बैंक के लिए आप आने वाली पीडियों को भी तबाह करना चाहते हैं।

****

चक्रवाती तूफान रेमाल के कारण असम में मूसलाधार बारिश और तेज हवाऐं चल रही हैं। चिरांग, गोआलपाडा, बक्‍सा, दिमा हसाओ, कछार, हैलाकंडी और करीमगंज जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। धुबरी, दक्षिण सालमारा, बोंगाईगांव, बजाली, तुमुलपुर, बारपेटा, नलबाडी, मोरीगांव, नौगांव, होजाई और पश्चिम कार्बी आंगलोंग जिलो में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

****

वहीं चक्रवाती तूफान से मिजोरम में आज सुबह आइजॉल से करीब चार किलोमीटर दूर ह्लिमेन में भूस्खलन के कारण कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई है। चक्रवात रेमल के कारण कल रात से भारी बारिश और तेज़ हवाएं चल रही हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि बचाव कार्य जोरों पर है।

 

 

मिजोरम में लगातार बारिश ने तबाही मचाई है और जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। कई स्‍थानों पर भूस्खलन और पेड़ों के गिरने से सडको को नुकसान पहुंचा हैं। राजधानी आइजॉल शहर में दुकानें बंद हैं और सार्वजनिक परिवहन भी सड़कों पर नहीं चल रहे हैं। इस बीच, मुख्यमंत्री लालडुहोमा ने आपदा राहत कोष के लिए 15 करोड़ रुपये की घोषणा की है। राज्य सरकार ने सभी सरकारी कार्यालयों और स्कूलों को बंद करने की घोषणा की है। आइजॉल से जिन गंगटे की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से निखिल कुमार।

****

वहीं, पश्चिम बंगाल में चक्रवात रेमल से संबंधित घटनाओं में छह लोगों की मृत्‍यु हो चुकी है। इस बीच, 24 परगना, कोलकाता और आसपास के जिलों में बारिश तथा तेज हवाएं रुक गई हैं। तूफान के प्रभाव से दक्षिण और उत्तर 24 परगना जिलों के तटीय इलाकों में एक बड़ा हिस्सा पानी में डूबा हुआ है।

****

भारतीय तटरक्षक बल ने गंभीर चक्रवाती तूफान से उत्पन्न स्थिति से सफलतापूर्वक निपटने के लिए केंद्रीय और राज्य स्‍तरीय एजेंसियों के साथ बेहतरीन तालमेल किया `है। यह चक्रवाती तूफान 22 मई को कम दबाव वाले क्षेत्र के रूप में उत्पन्न हुआ था और पश्चिम बंगाल तथा बांग्लादेश के तटों पर पहुंचने से पहले गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया था।

****

विनाशकारी भूस्‍खलन के मद्देनजर भारत ने पापुआ न्‍यू गिनी में राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण के प्रयासों को समर्थन देने के लिए एक मिलियन अमरीकी डॉलर की सहायता राशि देने की घोषणा की है। पापुआ न्‍यू गिनी के एंगा प्रांत में इस महीने की 24 तारीख को एक विनाशकारी भू-स्‍खलन हुआ। इस भू-स्‍खलन में सैकडों लोग दब गए और जानमाल को काफी नुकसान पहुंचा। विदेश मंत्रालय ने एक वक्‍तव्‍य में कहा कि इस प्राकृतिक आपदा के कारण हुई तबाही और कठिन घडी में भारत पापुआ न्‍यू गिनी के साथ खडा है।

****

राष्ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण-एनआईए ने मानव तस्करी और साइबर धोखाधड़ी से जुडे गिरोह के खिलाफ एक बड़े अभियान में पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। राज्य पुलिस बलों की संयुक्त कार्रवाई के तहत छह राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कल 15 स्थानों पर तलाशी ली गई।

 

इन आरोपियों को वडोदरा, गोपालगंज, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, गुरुग्राम और चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया गया है। ये सभी उस नेटवर्क के लिए काम करते थे, जो भारतीय युवाओं को नौकरी के झूठे आश्‍वासन देकर विदेश ले जाते थे। विदेश पहुंचने के बाद इन युवाओं को लाओस और कंबोडिया जैसे स्‍थानों पर फर्जी कॉल सेंटरों में अवैध गतिविधियों में काम करने के लिए मजबूर किया जाता था।

****

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि निवर्तमान 17वीं लोकसभा महिला आरक्षण विधेयक, तीन तलाक उन्मूलन और भारतीय न्याय संहिता जैसे विधेयकों को पारित करने के साथ-साथ अपने ऐतिहासिक कानूनों के लिए जानी जाएगी। नई दिल्ली में आज आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में श्री बिरला ने अपने पांच साल के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि ये कानून देश को आगे ले जाएंगे और सकारात्मक बदलाव लाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि 17वीं लोकसभा के दौरान हुई चर्चा और बहस वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लिए एक रोडमैप के रूप में काम करेगी।

 

5 साल का कार्यकाल मेरे लिए अस्मरणिय है क्योंकि हम महत्वपूर्ण ऐतिहासिक विवेक पाए थे। चर्चा, संवाद, सहमतिअसहमति, हमारे लोकतंत्र की ताकत है और महत्वपूर्ण विधायकों के साथ कई महत्वपूर्ण मुद्दों के साथ चर्चा करने के साथ सरकार की नीतियों को, सरकार को मार्गदर्शन करने का काम लोकतंत्र के मंदिर में करते हैं इसलिए संसद भवन के माध्यम से चाहे संविधान पुराना संसद भवन जो हमारा संविधान सदन है, नया संसद भवन संविधान पूर्ण संसद भवन द्वारा संविधान सदन नया एतिहासिक है। और देश को आगे बढ़ाने वाले विधेयक हैं, देश में नए परिवर्तन को करने वाले विधेयक हैं और 2047 में भारत कैसा बनेगा उसके लिए ये चर्चा और डिबेट हुई है आने वाले समय भारत के लिए रोड मैप होगी।

****

फ्रेंच ओपन टेनिस के पुरूष डबल्‍स के पहले दौर में भारतीय खिलाडी रोहन बोपन्‍ना और यूकी भांबरी पेरिस में आज अपने अभियान की शुरूआत करेंगे। दूसरी वरीयता प्राप्‍त बोपन्‍ना और ऑस्‍ट्रेलियाई खिलाडी मैथ्‍यू एब्‍डेन की जोडी का मुकाबला फिनलैण्‍ड के एमिल रुसुवुओरी और हंगरी के मार्टन फुस्कोविक्स की जोडी से होगा। जबकि भांबरी और फ्रांस के अल्बानो ओलिवेटी का मुकाबला आज रूस के रोमन सफीउलिन और ऑस्‍ट्रेलिया के जॉन पियर्स के साथ होगा।

****

आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने आयुष क्षेत्र के विकास के लिए और अधिक शोध करने की आवश्यकता पर बल दिया है। उन्होंने कहा है कि मंत्रालय ने पिछले दस वर्षों में कई शोध आधारित कार्य किये हैं। श्री कोटेचा आज नई दिल्ली में फार्मा रिसर्च इन आयुर्ज्ञान एंड टेक्नो इनोवेशन (प्रगति-2024) का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम का आयोजन केन्‍द्रीय आयुर्वेदीय विज्ञान अनुसंधान परिषद ने किया था, जो आयुष मंत्रालय का एक अनुसंधान निकाय है। श्री कोटेचा ने कहा कि इस क्षेत्र में वैश्विक मानकों पर खरा उतरने के लिए सभी हितधारकों को मिलकर काम करने की आवश्‍यकता है।

****

पुद्दुचेरी की पूर्व उपराज्यपाल डॉ. किरण बेदी ने आज हितधारकों से मासिक धर्म स्वास्थ्य प्रबंधन प्रणाली को मजबूत करने के लिए व्यापक शोध करने का आह्वान किया। डॉ. बेदी ने एसोचैम द्वारा नई दिल्ली में आयोजित मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन सम्‍मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि नीतिगत हस्तक्षेप बेहद महत्वपूर्ण है। उन्‍होंने इस बात पर भी जोर दिया कि पानी और गैस की तरह सेनेटरी पैड भी महिलाओं के लिए आवश्‍यक है। डॉ. बेदी ने जेलों में मासिक धर्म संबंधी उत्पादों की पहुंच के बारे में चिंता व्यक्त की और तत्काल कार्रवाई करने का आह्वान किया।

****

वैश्विक निवेश बैंक गोल्डमैन साक्स ने वर्ष 2024 के लिए भारत की सकल घरेलू उत्पाद वृद्धि का अनुमान बढ़ाकर 6 दशमलव सात प्रतिशत कर दिया है। नवीनतम आंकड़ों के अनुसार भारतीय रिजर्व बैंक से बडी मात्रा में लाभांश हस्तांतरण के कारण अतिरिक्त राजकोषीय बढत के साथ भारत में निरंतर विकास गति की उम्मीद है। इसमें यह भी कहा है कि भारत में विकास की दर सशक्‍त बनी हुई है और मुख्य मुद्रास्फीति के अप्रैल-जून की समयावधि में निचले स्तर पर आने की संभावना है।

****

मुख्य समाचार एक बार फिर:-

  • लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के लिए प्रचार चरम पर। मतदाताओं को लुभाने के लिए नेता कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर आरक्षण के नाम पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया।
  • चक्रवात रेमल के कारण असम और मिजोरम में तेज बारिश, आइजोल के पास भूस्खलन से कम से कम 12 लोगों की मृत्‍यु।
  • राष्‍ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण -एनआईए ने संगठित मानव तस्करी और साइबर धोखाधड़ी से जुडे एक अभियान में 5 लोगों को गिरफ्तार किया।
  • और पेरिस में आज फ्रेंच ओपन टेनिस में पुरुष युगल स्पर्धा में रोहन बोपन्ना और युकी भांबरी अपना अभियान शुरू करेंगे।

****