Download
Mobile App

android apple
signal

June 21, 2025 3:35 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार :

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा–विश्‍व के विभिन्न हिस्सों में बढ़ते तनाव, अशांति और अस्थिरता के बीच योग शांति का मार्ग दिखाता है। श्री मोदी ने इसे दुनिया को संघर्ष से सहयोग की ओर ले जाने का सामूहिक प्रयास बताया।
  • प्रधानमंत्री ने विशाखापत्तनम में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कहा–योग केवल व्यक्तिगत अभ्यास ही नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे वैश्विक साझेदारी का माध्यम बनना चाहिए।
  • भारत ने ईरान में फंसे नेपाल और श्रीलंका के नागरिकों को निकालने के लिए ऑपरेशन सिंधु के अंतर्गत अपने अभियान को बढ़ाया।
  • चालू वित्त वर्ष में अब तक सकल प्रत्यक्ष कर संग्रह में चार दशमलव आठ-छह प्रतिशत की वृद्धि।
  • और, भारत लीड्स में इंगलैंड के साथ पहले क्रिकेट टेस्‍ट मैच के दूसरे दिन आज दोपहर बाद तीन विकेट पर तीन सौ उनसठ रन से आगे खेलेगा।

 

———————————————–

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा कि विश्‍व के विभिन्‍न भागों में तनाव, अशांति और अस्थिरता की स्थिति है, ऐसे में योग शांति का मार्ग दिखाता है। आंध्रप्रदेश के विशाखापत्तनम में 11वें अंतर्राष्‍ट्रीय योग दिवस समारोह का नेतृत्‍व करते हुए प्रधानमंत्री ने विश्‍व समुदाय से योग दिवस को मानवता के लिए योग टू प्‍वाइंट ओ  की शुरूआत के रूप में मनाने का विशेष आह्वान किया, जहां आंतरिक शांति, वैश्विक नीति बने। उन्‍होंने कहा कि योग अब व्‍यक्तिगत अभ्‍यास न रह कर वैश्विक भागीदारी के माध्‍यम के रूप में उभरा है।

 

योग से हमें शांति की दिशा मिलती है। मैं विश्‍व समुदाय से आज के इस महत्‍वपूर्ण अवसर पर एक आग्रह करूंगा। लेट दिस योगा डे मार्क द बिगनिंग ऑफ योगा फॉर ह्यूमानिटी     टू प्‍वाइंट ओ, वेन इनर पीस बिगेन ग्‍लोबल पॉलिसी।

 

आधुनिक शोध के माध्‍यम से योग के विज्ञान को वैश्विक स्‍तर पर मजबूत करने के भारत के प्रयासों पर प्रकाश डालते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के प्रमुख चिकित्सा संस्थान योग अनुसंधान में सक्रिय रूप से लगे हुए हैं, जिसका उद्देश्य समकालीन चिकित्सा पद्धतियों में इसकी वैज्ञानिक प्रासंगिकता स्थापित करना है।

 

योग की वैज्ञानिकता को आधुनिक चिकित्सा पद्धति में स्थान मिले, ये हमारा प्रयास है। हम देश के मेडिकल और रिसर्च इंस्टीट्यूशन्स में, योगा के क्षेत्र में एविडेंस बेस्ड थेरेपी को भी प्रोत्साहित कर रहे हैं। इस दिशा में दिल्ली के एम्स की रिसर्च में सामने आया है कि योग की कॉर्डियक और न्यूरोलॉजी डिस्ऑर्डर्स के उपचार और वूमन हेल्थ और मेंटल वेलबींग में अहम भूमिका है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस वर्ष योग दिवस का विषय-एक पृथ्‍वी एक स्‍वास्‍थ के लिए योग स्‍मरण कराता है कि किस प्रकार वर्तमान और भावी पीढि़यों का सुखद भविष्‍य सुनिश्चित करने के लिए पूरा विश्‍व एकजुट है। विशाखापत्‍तनम में मुख्‍य योग दिवस कार्यक्रम में दो लाख 72 हजार लोगों ने भागीदारी की।

 

———————————————–

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि वैश्विक समुदाय अब योग के प्रति अधिक सम्मान रखता है और महाद्वीपों के लोग इससे लाभ उठा रहे हैं। वे आज देहरादून में पुलिस लाइन में आयोजित योग शिविर को संबोधित कर रही थी। राष्ट्रपति ने वैश्विक मंच पर योग को बढ़ावा देने में भारत की महत्वपूर्ण भूमिका का भी उल्‍लेख किया।

 

योग पूरी मानवता की साझा धरोहर बन चुका है। यह भारत की सॉफ्ट पॉवर का एक अत्‍यंत महत्‍वपूर्ण उदाहरण है। भारत की पहल पर योग के प्रति विश्‍व समुदाय का सम्‍मान बढ़ा है और दुनियाभर के लोग इससे लाभान्वित हो रहे हैं।

 

———————————————–

 

गृह मंत्री अमित शाह ने आज गुजरात के अहमदाबाद के प्रह्लाद नगर में योग दिवस कार्यक्रम में भाग लिया। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शर्मिष्ठा झील पर आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व किया।

 

महाराष्‍ट्र के पुणे में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में एक विशेष ‘वारकरी भक्ति योग’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

 

अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में राज्यपाल सेवानिवृत्त-लेफ्टिनेंट जनरल के.टी.परनाइक ने योग समारोह का नेतृत्व किया।

 

ओडिशा में केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम, धर्मेंद्र प्रधान और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी विभिन्न स्थानों पर योग शिविरों में शामिल हुए।

 

पश्चिम बंगाल में राज्यपाल डॉ. सी.वी. आनंद बोस ने कोलकाता के राजभवन परिसर में योग सत्र का नेतृत्व किया।

 

हरियाणा के कुरूक्षेत्र में राज्य स्तरीय योग दिवस समारोह आयोजित किया गया। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह, राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, स्वास्थ्य मंत्री आरती राव, योग गुरु बाबा रामदेव, कुरुक्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल, हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन जयदीप आर्य ने इसमें हिस्सा लिया।

 

जम्मूकश्मीर में सभी जिलों में लाखों लोग योग समारोह में शामिल हुए। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने योग समारोह में भाग लिया। जम्मू-कश्मीर की स्वास्थ्य और शिक्षा मंत्री सुश्री सकीना इटू ने भी योग समारोह में हिस्‍सा लिया।

 

लद्दाख में, आज कारगिल के ख्री सुल्तान चू स्पोर्ट्स स्टेडियम में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया।

 

मध्‍य प्रदेश में हमारे संवाददाता ने बताया कि इस अवसर पर राज्‍य स्‍तरीय योग अभ्यास सत्र भोपाल के अटल पथ पर आयोजित किया गया।

 

राज्य स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम भोपाल के अटल पथ पर हुआ। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर कहा कि योग से मन शांत होता है।

 

योग के माध्‍यम से मन शांत होता है, संतोष आता है, संतोष से अहिंसा की तरफ बढ़ते हैं और अहिंसा से जो हमारी ये जो मूल अवधारणा है, वसुधैव कुटम्‍बकम की, ये उसकी पूर्ति होती है।

 

इंदौर के ऐतिहासिक राजवाड़ा पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और धार के ऐतिहासिक स्‍थल मांडू में केंद्रीय राज्‍य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर ने योगाभ्‍यास किया। विश्‍व प्रसिद्ध पर्यटन स्‍थल सांची के बौद्ध स्तूप, भीमबेटका गुफा परिसर, खजुराहो के मंदिर समूह और ओरछा के कंचना घाट पर भी योग के कार्यक्रम हुए। प्रशांत शर्मा, आकाशवाणी समाचार भोपाल।

 

महाराष्ट्र से हमारी संवाददाता ने बताया कि प्रदेश में योग दिवस पर कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।

 

महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन ने आज मुंबई के राजभवन में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में भाग लिया। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मुंबई में योग दिवस समारोह का नेतृत्व किया। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भी मुंबई के कान्हेरी गुफा, दहिसर और कांदिवली में आयोजित तीन योग सत्रों में भाग लिया। केंद्रीय युवा और खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने भुसावल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में भाग लिया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पुणे में वारकरी भक्तियोगकार्यक्रम में भाग लेकर योग दिवस के अवसर पर दैनिक जीवन में योग के महत्व को रेखांकित किया। अली यावर जंग राष्ट्रीय श्रवण एवं वाणी विकलांगता संस्थान ने योग: दिव्यांगजनों के लिए एक स्वस्थ जीवन शैलीशीर्षक से एक विशेष सत्र का आयोजन किया। अंकिता आपटे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।

 

गोवा में योग दिवस पर विशेष कार्यक्रमों की जानकारी दे रहे हैं हमारे संवाददाता-

 

गोवा में 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन भव्यता और आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ किया गया। चर्चेस एंड कॉन्‍वेंट ऑफ पूर्व गोवा के प्रांगण में, जो कि एक यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल है, नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपद नाइक ने योग कार्यक्रम का नेतृत्व किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर का व्‍यायाम ही नहीं हैबल्कि मन और आत्मा का पोषण भी करता है। वहीं, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम ताड़गांव में गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने योग को भारत का सबसे बड़ा वैश्विक उपहार बताया। लेकिन दिन का सबसे अद्भुत दृश्‍य तो हजारों किलोमीटर दूर अंटार्कटिका के बर्फीले, निर्जन भूमि में देखने को मिला। भारत के नेशनल सेंटर फॉर पोलर एंड ओशियन रिसर्च ने अपने भारती और मैत्री स्‍टेशनों पर योग सत्र आयोजित किए और यह सिद्ध किया कि योग की भावना के आगे कोई सीमा नहीं। महेश सूपड़े, आकाशवाणी न्‍यूज, पणजी।

 

इधर, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों, नेताओं और अधिकारियों ने योग प्रेमियों के साथ योग किया। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस अवसर पर स्वास्थ्य और ध्यान के महत्व पर जोर दिया गया।

 

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संसद परिसर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह का नेतृत्व किया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कर्तव्य पथ पर आयोजित समारोह में भाग लिया, जबकि विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने नेहरू पार्क में विभिन्न देशों के राजदूतों के साथ योगाभ्यास किया। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लखपति दीदियों के साथ पूसा में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में भाग लिया। आवास और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने जंतरमंतर पर योगाभ्यास किया और युवा मामले तथा खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने फिट इंडिया एंबेसडर के साथ इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में हिस्‍सा लिया। इस बीच, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सांसद मनोज तिवारी के साथ सोनिया विहार में यमुना तट पर योग किया। अमन यादव, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

———————————————–

 

सूचना और प्रसारण राज्यमंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से योग को संयुक्त राष्ट्र द्वारा मान्यता मिली है। राष्ट्रीय सिद्ध संस्थान में योग सत्र के बाद चेन्नई में आज मीडिया से बातचीत करते हुए श्री मुरुगन ने कहा कि आज दुनिया भर के 125 देशों में योग किया जाता है।

 

———————————————–

 

भारत क्षेत्रीय सम्‍प्रभुता का सम्‍मान करते हुए ऑपरेशन सिंधु के तहत नेपाल और श्रीलंका के लोगों को ईरान से सुरक्षित निकाल रहा है। एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में बताया गया है कि नेपाल और श्रीलंका की सरकार के अनुरोध के बाद भारत ने ये कदम उठाया है। तेहरान में भारतीय दूतावास अपने नागरिकों के साथ-साथ दक्षिण एशिया के दो पडोसी देशों के नागरिकों की निकासी के लिए सहयोग और सहायता प्रदान कर रहा है। अब तक पांच सौ सत्रह भारतीय स्‍वदेश लौट चुके हैं। 290 भारतीयों को लेकर एक विमान कल रात भी दिल्‍ली पहुंचा था।    

 

———————————————–

 

ईरान और इस्राइल के बीच दूसरे सप्‍ताह में भी हवाई हमले जारी हैं। कूटनीतिक प्रयासों के बाद भी दोनों देशों के बीच संघर्षविराम के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं। कल जिनेवा में संघर्ष कम करने के प्रयास निरर्थक साबित हुए, जहां शीर्ष यूरोपीय राजनयिकों ने अपने ईरानी समकक्ष से मुलाकात की, विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि इस्राइली हमलों के बीच ईरान अमरीका के साथ दोबारा बातचीत नहीं करेगा। 

 

ईरान के खिलाफ़ इज़राइल के सैन्‍य अभियान को तेज करने से क्षेत्र में तनाव बढ़ता जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार शनिवार को, इज़राइली सेना ने ईरान के सबसे बड़े परमाणु संयंत्र, मध्य ईरान में इस्फ़हान परमाणु अनुसंधान परिसर को निशाना बनाया। हालाँकि, किसी भी तरह के ख़तरनाक पदार्थों के रिसाव की सूचना नहीं है। इस बीच, अधिकारियों ने निवासियों से एहतियात के तौर पर उस क्षेत्र से दूर रहने का आग्रह किया है।

 

सरकारी मीडिया के अनुसार, ईरानी शहर क़ोम में एक आवासीय इमारत पर सीधे हमले में दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। इज़राइली रक्षा बलों का कहना है कि नवीनतम हमलों में ईरानी मिसाइल भंडारण और प्रक्षेपण स्थलों को निशाना बनाया गया। यह ईरान द्वारा मध्य इज़राइल की ओर मिसाइलें दागे जाने के बाद हुआ है, जिसमें तेल अवीव के पास विस्फोटों की आवाज़ सुनी गई। एक वीडियो संबोधन में, इज़राइल के चीफ़ ऑफ़ द जनरल स्टाफ़, इयाल ज़मीर ने चेतावनी दी कि देश को ईरान के खिलाफ़ लंबे समय तक चलने वाले अभियानके लिए तैयार रहना चाहिए। इससे संकेत मिलता है कि यह संघर्ष लम्‍बे समय तक चल सकता है। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जागृति शर्मा।

 

———————————————–

 

वित्त वर्ष 2025-26 के लिए सकल प्रत्यक्ष कर संग्रह 19 जून तक 4 दशमलव 8-6 प्रतिशत बढ़कर लगभग 5 लाख 45 हजार करोड़ रुपये हो गया। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह लगभग 5 लाख 19 हजार करोड़ रुपये था। आयकर विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार शुद्ध प्रत्यक्ष कर संग्रह में एक दशमलव 3-9 प्रतिशत की मामूली गिरावट देखी गई।

 

———————————————–

 

नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने इनोवेटिव प्रोजेक्ट्स स्टार्ट-अप चैलेंज शुरू किया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इसका उद्देश्य भारत के रूफटॉप सौर और वितरित ऊर्जा पारिस्थितिकी तंत्र में तेजी लाना है।

 

स्टार्टअप चैलेंज नवप्रवर्तकों और स्टार्टअप्स से आवेदन आमंत्रित करता है, जो चार प्रमुख श्रेणियों सामर्थ्य, लचीलापन, समावेशिता और पर्यावरणीय स्थिरता पर ध्यान केंद्रित करता है। आवेदन स्टार्टअप इंडिया की वेबसाइट के माध्यम से जमा किए जा सकते हैं, इसकी अंतिम तिथि 20 अगस्त है। चयनित प्रवर्तक 2 करोड 30 लाख रुपये के कुल पुरस्कार पूल के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे। इसमें प्रथम पुरस्कार के लिए 1 करोड़ रुपये, दूसरे पुरस्कार के लिए 50 लाख, तीसरे पुरस्कार के लिए 30 लाख और 5 लाख रुपये के 10 सांत्वना पुरस्कार शामिल हैं। विजेताओं को इनक्यूबेशन सहायता, पायलट कार्यान्वयन के अवसर और डोमेन विशेषज्ञों और निवेशकों से मार्गदर्शन भी मिलेगा। अमन की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्रशांत कुमार।

 

———————————————–

 

और अब खेल खबरों के साथ हैं निखिल कुमार-

 

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच क्रिकेट टेस्‍ट मैचों की श्रृखंला एंडरसनतेंदुलकर ट्रॉफी के पहले मैच में आज दूसरे दिन का खेल भारतीय समयानुसार दोपहर साढ़े तीन बजे से शुरु होगा। लीड्स के हेंडिग्ले में पहले दिन का खेल खत्‍म होने तक भारत ने कल पहली पारी में तीन विकेट पर 359 रन बनाए थे। स्‍टंप्‍स के समय कप्तान शुभमन गिल 127 और उपकप्तान ऋषभ पंत 65 रन पर खेल रहे थे। इससे पहले यशस्वी जायसवाल ने 101 और के. एल. राहुल ने 42 रन की पारी खेली। इंगलैंड के लिए कप्तान बैन स्‍टोक्‍स ने दो और ब्रायन कार्स ने एक विकेट लिया।

 

उधर, एंटवर्प में एफ. आई. एच. हॉकी प्रो लीग में भारतीय पुरुष और महिला टीम का सामना बेल्जियम से होगा। ये मैच आज और कल खेले जाएंगे।

 

वहीं, दो बार के ओलिंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने कल पेरिस डायमंड लीग जैवलिन थ्रो प्रतियोगिता जीत ली है। उन्‍होंने स्टेड सेबेस्टियन चार्लेटी में आयोजित प्रतियोगिता में 88 दशमलव एकछह मीटर थ्रो के साथ यह खिताब जीता।

 

———————————————–

 

मौसम विभाग ने मध्‍य प्रदेश, पूर्वी उत्‍तर प्रदेश और देश के पूर्वोत्‍तर भागों में अत्यधिक तेज वर्षा का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। पश्चिम बंगाल के हिमालयी क्षेत्र,       छत्‍तीसगढ़, झारखण्‍ड, अंडमान और निकोबार द्वीप, हिमाचल प्रदेश, उत्‍तराखण्‍ड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्‍तर प्रदेश और पूर्वी राजस्‍थान में भी आज तेज बारिश हो सकती है।

 

———————————————–

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-  

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा–विश्‍व के विभिन्न हिस्सों में बढ़ते तनाव, अशांति और अस्थिरता के बीच योग शांति का मार्ग दिखाता है। श्री मोदी ने इसे दुनिया को संघर्ष से सहयोग की ओर ले जाने का सामूहिक प्रयास बताया।
  • प्रधानमंत्री ने विशाखापत्तनम में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कहा–योग केवल व्यक्तिगत अभ्यास ही नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे वैश्विक साझेदारी का माध्यम बनना चाहिए।
  • भारत ने ईरान में फंसे नेपाल और श्रीलंका के नागरिकों को निकालने के लिए ऑपरेशन सिंधु के तहत अपने अभियान को बढ़ाया।
  • चालू वित्त वर्ष में अब तक सकल प्रत्यक्ष कर संग्रह में चार दशमलव आठ-छह प्रतिशत की वृद्धि।
  • और, भारत लीड्स में इंगलैंड के साथ पहले क्रिकेट टेस्‍ट मैच के दूसरे दिन आज दोपहर बाद तीन विकेट पर तीन सौ उनसठ रन से आगे खेलेगा।

 

———————————————–