मुख्य समाचार :
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा – सरकार ने पिछले 11 वर्षों में देश की प्रगति में महिलाओं की निर्णायक भूमिका तय की।
- सिक्किम सरकार ने भूस्खलन प्रभावित चाटेन में फंसे स्थानीय लोगों और टैक्सी चालकों को सुरक्षित निकाला।
- विदेश मंत्री डॉ० सुब्रह्मण्यम जयशंकर आज से फ्रांस और बेल्जियम की सात दिवसीय यात्रा पर।
- अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अवैध प्रवासियों पर छापे के बाद फैली अशांति नियंत्रित करने के लिए लॉस एंजिल्स में सैनिकों की तैनाती का आदेश दिया।
- आज फ्रेंच ओपन टेनिस के पुरूष सिंगल्स के फाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त यानिक सिनर का मुकाबला पिछले विजेता कार्लोस अल्काराज़ से।
—–
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत को विकसित बनाने में स्त्री-शक्ति की परिवर्तनकारी भूमिका होगी और इसलिए सरकार पिछले ग्यारह वर्षों से महिलाओं के नेतृत्व पर अधिक ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि विज्ञान, शिक्षा, खेलकूद, स्टार्ट-अप और सशस्त्र बल– हर क्षेत्र में महिलाएं उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दूसरों के लिए प्रेरणा-स्रोत बन रही हैं।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए सरकार के 11 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि एनडीए सरकार ने विकास में महिलाओं की सशक्त भूमिका के लिए कई महत्वपूर्ण पहलें की हैं। इनमें स्वच्छ भारत अभियान, जन-धन खातों के ज़रिए वित्तीय समावेशन और ज़मीनी स्तर पर महिलाओं का सशक्तिकरण करना शामिल हैं। श्री मोदी ने कहा कि उज्ज्वला योजना से घरों को धुआं-मुक्त बनाने में मदद मिली है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मुद्रा ऋण से लाखों महिलाओं का उद्यमी बनने का सपना पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत महिलाओं के नाम पर मकान लेने के प्रावधान से महिलाओं में सुरक्षा और सशक्तिकरण की भावना बढ़ी है। श्री मोदी ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को बालिका संरक्षण का राष्ट्रीय अभियान बताया।
—–
हमारे संवाददाता ने बताया कि नारी शक्ति की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए एक रिपोर्ट प्रस्तुत की गई है जो समाजिक परिवर्तन और समावेशन का एक शक्तिशाली आंदोलन है। जहां महिलाओं को जीवन के हर क्षेत्र में सशक्त बनाया जा रहा है।
पिछले दशक में, महिला सशक्तिकरण के प्रति भारत के दृष्टिकोण में उल्लेखनीय परिवर्तन आया है। सरकार की प्रमुख पोषण योजना मिशन पोषण का दूसरा चरण बच्चों, किशोरियों और माताओं पर केंद्रित है। इसका मुख्य हिस्सा पोषण अभियान है, जिसे 2018 में शुरू किया गया था। दो लाख से ज़्यादा आंगनवाड़ी केंद्रों को बेहतर पोषण और प्रारंभिक शिक्षा देने के लिए सुधारा जा रहा है। इसके तहत पोषण भी, पढ़ाई भी जैसी योजनाएं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को अच्छी प्री-स्कूल शिक्षा देने के लिए प्रशिक्षण देती हैं। स्वास्थ्य के क्षेत्र में, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम और जननी सुरक्षा योजना जैसी योजनाओं ने खासकर गांवों और पिछड़े इलाकों में सुरक्षित प्रसव और मां की देखभाल सुनिश्चित की है। महिलाओं को रोज़मर्रा की ज़िंदगी में सम्मान देने की दिशा में भी बड़े कदम उठाए गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 12 करोड़ से ज़्यादा शौचालय बनाए गए हैं, जिससे महिलाओं की सुरक्षा में सुधार हुआ है। उज्ज्वला योजना के ज़रिए 10 करोड़ से ज़्यादा रसोई गैस कनेक्शन दिए गए, जिससे महिलाओं को धुएं से राहत मिली। जल जीवन मिशन ने 15 करोड़ से ज़्यादा ग्रामीण घरों तक नल से जल पहुंचाया है, जिससे पानी लाने का बोझ भी कम हुआ है। शिक्षा के क्षेत्र में लड़कियों के स्कूल में दाखिले की दर 75.5% से बढ़कर 78% हो गई है। सुकन्या समृद्धि योजना के तहत 4.2 करोड़ से ज़्यादा खाते खोले गए हैं, जिससे बेटियों के लिए आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित हो रही है। कानूनी सुधारों में भी बड़ा बदलाव लाया गया है। तीन तलाक को खत्म करना और नारी शक्ति वंदन अधिनियम, जो संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33% सीटें आरक्षित करता है, लैंगिक न्याय और भागीदारी की दिशा में ऐतिहासिक कदम हैं। यह सफर केवल मदद देने का नहीं है, बल्कि एक ऐसा भारत बनाने का है जहां महिलाएं हर क्षेत्र में नेतृत्व कर सकें। अक्षित की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से नेहा गोस्वामी।
—–
विदेश मंत्री डॉक्टर सुब्रह्मण्यम जयशंकर फ्रांस, यूरोपीय संघ और बेल्जियम की सात दिन की यात्रा पर आज रवाना हो रहे हैं। डॉक्टर जयशंकर फ्रांस में विदेश मंत्री और यूरोप मामलों के मंत्री ज्यां नोएल बैरोट के साथ चर्चा करेंगे। वे फ्रांस के वरिष्ठ राजनेताओं, योजनाकारों और मीडिया से भी बातचीत करेंगे। अपनी यात्रा के दौरान डॉ. जयशंकर पहली भूमध्य सागरीय रायसीना वार्ता में भी हिस्सा लेंगे।
यूरोपीय संघ यात्रा के दौरान, डॉक्टर जयशंकर यूरोपीय संघ की उपाध्यक्ष काजा कलास के साथ रणनीतिक वार्ता करेंगे। वे यूरोपीय आयोग के शीर्ष नेतृत्व और यूरोपीय संसद के वरिष्ठ सांसदों से भी मिलेंगे। बेल्जियम में, डॉक्टर जयशंकर उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मैक्सिम प्रीवोट के साथ विचार-विमर्श करेंगे। वे बेल्जियम में भारतीय समुदाय के लोगों से भी बातचीत करेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, डाक्टर जयशंकर की इस यात्रा से यूरोपीय संघ, फ्रांस और बेल्जियम के साथ भारत के मैत्रीपूर्ण संबंध प्रगाढ़ होंगे और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को गति मिलेगी। आदर्श की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अंजुम आलम।
—–
देश में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के सिद्धांतों से प्रेरित एक दशक में महत्वपूर्ण परिवर्तन हुए हैं। आकाशवाणी समाचार पिछले 11 वर्ष में प्रमुख क्षेत्रों में सरकार के प्रयासों पर एक विशेष प्रसारण लेकर आया है। इस श्रृंखला में आज प्रस्तुत है पर्यावरण सरंक्षण और विकास पर केन्द्रित यह विशेष रिपोर्ट…
पिछले दस सालों में, भारत का मिडिल क्लास देश के विकास की यात्रा के केंद्र में रहा है। उनकी उम्मीदों को सिर्फ़ सुना ही नहीं गया, बल्कि उस पर ठोस कदम भी उठाए गए हैं। सरकार ने टैक्स सुधार, टैक्स में छूट, सामाजिक सुरक्षा और कौशल विकास के ज़रिए मिडिल क्लास को सशक्त बनाने का प्रयास किया है। नई टैक्स व्यवस्था में अब 12 लाख रुपये तक की आमदनी टैक्स-मुक्त कर दी गई है। पहले से भरे हुए इनकम टैक्स रिटर्न और फेसलैस मूल्यांकन प्रणाली ने टैक्स भरने की प्रक्रिया को तेज़, आसान और पारदर्शी बना दिया है। यूनिफाइड पेंशन स्कीम के अंतर्गत 25 साल की सेवा वाले सरकारी कर्मचारियों को उनके औसत मूल वेतन का 50 प्रतिशत पेंशन के रूप में सुनिश्चित किया गया है। वहीं, पिछले 10 सालों में महंगाई की दर औसतन 5 प्रतिशत रही है जो कि इससे पहले के 10 सालों में 8 दशमलव दो प्रतिशत थी। कौशल विकास के क्षेत्र में बड़े बदलाव हुए हैं प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत एक करोड़ 63 लाख से ज्यादा युवाओं को उद्योगों से जुड़ी ट्रेनिंग दी गई है। राष्ट्रीय अप्रेंटिस संवर्धन योजना के तहत 2016 से अब तक 40 लाख से अधिक अप्रेंटिस को उद्योगों में काम दिलाया गया है। 2014 में जहां लगभग नौ हजार नौ सौ आईटीआई थे वहीं 2024 तक इनकी संख्या बढ़कर 14 हजार छह सौ से ज्यादा हो गई है। सरकार के इन सभी प्रयासों ने मिडिल क्लास को असली ताकत दी है। अक्षित वैद्यान, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
—–
केंद्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार के 11 वर्ष के दौरान देश के शिक्षा क्षेत्र में भी बड़े बदलाव हुए हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति, पीएम स्कूल्स फॉर राइजिंग इंडिया, सर्व शिक्षा अभियान, पीएम-ईविद्या जैसी अग्रणी पहलों ने देश के शैक्षिक पाठ्यक्रम को नया रूप दिया है। दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति योगेश सिंह ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति से शिक्षा व्यवस्था में कई बदलाव किए गए हैं और मुख्य विषयों के साथ कौशल विकास और मूल्यवर्धन को जोड़ा गया है।
—–
गृह मंत्री अमित शाह आज मदुरै में तमिलनाडु भाजपा की राज्य कोर कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करेंगे और पार्टी के राज्य, जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारियों से भी बातचीत करेंगे। इससे पहले श्री शाह ने ऐतिहासिक मीनाक्षी अम्मन मंदिर में पूजा अर्चना की।
श्री शाह चुनाव तैयारियों पर पार्टी नेताओं तथा पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे और विभिन्न पक्षों के साथ बैठकें भी करेंगे।
—–
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कृषि क्षेत्र के विकास के लिए आसानी से उगाए जा सकने वाले फलों और फसलों की ओर ध्यान देना ज़रूरी है। आज बेंगलुरु में, उन्होंने ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के एक कार्यक्रम में कहा कि ड्रैगन फ्रूट की खेती के लिए खाद ही पर्याप्त होती है। श्री चौहान ने बताया कि ड्रैगन फ्रूट कैक्टस परिवार का है और उसकी उत्पादन लागत कम होती है।
प्रधानमंत्री जी ने कहा विकसित भारत के लिए विकसित कृषि और समृद्धि किसान चाहिए और विकसित खेती के अंतर्गत ही हमको कृषि का विधि करण करके ऐसी कमलम जैसी फसलों की तरफ आना पड़ेगा उगाना भी आसान है हम किसानों को एजुकेट भी करेंगे। इससे तीन फायदे हैं एक ऑरगेनिक उत्पाद मिलेगा दूसरे इतने न्यूट्रिएंट है इसमें जो मनुष्य के स्वास्थ्य को बहुत बेहतर रखेंगे तीसरे इसमें आप 6-7 लाख रुपया भी हर साल कमा सकते हैं।
—–
सिक्किम के चाटेन में फंसे सभी 28 लोगों को राज्य सरकार ने सुरक्षित निकाल लिया है। इनमें तीन नाबालिगों सहित स्थानीय लोग, पर्यटक, टैक्सी ड्राइवर और सरकारी अधिकारी शामिल हैं। सभी लोगों को पाकयोंग ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे सुरक्षित पहुंचाया गया है।
—–
असम में आज बाढ़ की स्थिति में थोड़ा और सुधार हुआ है। असम में ब्रह्मपुत्र सहित प्रमुख नदियों में बाढ़ का पानी घटना शुरू हो गया है, हालांकि कुछ स्थानों पर ये नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
कामरूप जिले में बाढ़ की स्थिति में सुधार होने के बाद ब्रह्मपुत्र नदी में फेरी सेवा आज फिर से शुरू हो गई। राज्य में बाढ़ और भू-स्खलन से जुड़ी घटनाओं में अब तक 23 लोग मारे गए हैं, हालांकि आज किसी के हताहत होने का समाचार नहीं है। राज्य सरकार ने राहत अभियान में राज्य आपदा मोचन बल की सहायता ली है। तीस हजार से अधिक लोग एक सौ तीस राहत शिविरों में रह रहे हैं। राज्य के बारह जिलों के लगभग नौ सौ गांव में तीन लाख से अधिक लोग अभी भी बाढ़ की चपेट में हैं। इस बीच, मौसम विभाग ने कहा है कि बराक घाटी के कछार, श्रीभूमि और हेलाकांडी जिलों के दूर-दराज वाले इलाकों में हल्की वर्षा की संभावना है। गुवाहाटी से अमीनुल की रिपोर्ट के साथ समाचार-कक्ष से वैष्णवी।
—–
मिजोरम में, नवनिर्मित बैराबी-सैरांग रेल मार्ग के हॉर्तोकी-सैरांग खण्ड का आज फिर निरीक्षण किया जा रहा है। हॉर्तोकी, कावनपुई, मुआलखांग और सैरांग-सिहमुई रेलवे स्टेशनों के बीच बड़ी लाइन की इस परियोजना की कुल लंबाई लगभग 51 किलोमीटर है। निरीक्षण प्रक्रिया अगले तीन दिन में पूरी हो जाने की संभावना है। जुलाई के अंत तक इस परियोजना का उद्घाटन होने का अनुमान है। रेल मंत्रालय की बैराबी-सैरांग रेल मार्ग को बढ़ाकर म्यांमा सीमा तक ले जाने की योजना है।
—–
तेलंगाना मंत्रिमंडल में आज तीन और मंत्री शामिल किए गए हैं। इनमें कांग्रेस के श्री जी. विवेक वेंकट स्वामी, श्री ए. लक्ष्मण कुमार और श्री वकिति श्रीहरि शामिल हैं। तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने हैदराबाद में राजभवन में आयोजित समारोह में तीनों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
—–
आकाशवाणी ने आज अपनी सेवा के 90 वर्ष पूरे कर लिए हैं। 8 जून 1936 को, आज ही के दिन भारतीय राजकीय प्रसारण सेवा का नाम बदलकर आकाशवाणी किया गया था। यह देश के सांस्कृतिक, सूचना और प्रसारण के इतिहास में एक ऐतिहासिक क्षण था।
7 जून 1936 को ऑल इंडिया रेडियो की तत्कालीन आधिकारिक पत्रिका द इंडियन लिस्नर के पहले पन्ने पर इस यादगार दिवस की एक दिन पूर्व दुनिया के सामने एआईआर की घोषणा की गई इतिहास में अलंकृत एक पल और एक देश की धरोहर आकाशवाणी का सामान्य सा दिल्ली स्टेशन एक ऐसा केंद्र बन गया जहां आवाज को पंख मिले और इतिहास को मंच मिला। इन शांत दिवारों से ऐसी गूंज निकली जिसने एक राष्ट्र को आकार दिया जो तब से कुसुमय, भावपूर्ण और अविस्मरणीय बना हुआ है। स्वतंत्रता के बाद एआईआर का तेजी से विस्तार हुआ और 1956 में इसे आकाशवाणी नाम दिया गया। आज आकाशवाणी 591 स्टेशनों का संचालन करती है जो भारत की 98% आबादी को 23 भाषाओं और 146 बोलियां में प्रसारण प्रदान करती है। आकाशवाणी का विदेश सेवा प्रभाग सौ से अधिक देशों में भारत की आवाज को विश्व स्तर पर प्रसारित करता है और प्रवासी समुदाय से जुड़ता है बहुजन हिताय बहुजन सुखाय के अपने आदर्शों पर चलते हुए आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग इस विशाल देश के हर निवासी को विभिन्न भू-भागों में 24 घंटे सातों दिन सभी प्रमुख भाषाओं और बोलियां में रेडियो प्रसारण में उच्चतम पेशेवर नैतिकता और मानकों का पालन करते हुए समाचार और विचार प्रदान करता है आकाशवाणी समाचार के लिए आदर्श दिल्ली।
—–
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने बिना दस्तावेज़ वाले प्रवासियों की धरपकड़ के लिए की गई छापेमारी के बाद फैली अशांति पर नियंत्रण के लिए लॉस एंजल्स में दो हज़ार सैनिकों की तैनाती के आदेश दिए हैं। शहर में कल रात स्थानीय लोगों की अधिकारियों के साथ तीखी झड़प हुई। इस सप्ताह लॉस एंजल्स में एक सौ 18 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
—–
इस महीने के पहले सप्ताह में, विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाज़ार में 8 हज़ार 749 करोड़ रूपए की बिकवाली की। माना जा रहा है कि निवेशकों ने यह कदम अमरीका-चीन के बीच नए व्यापारिक तनाव और अमरीकी बॉण्ड से बेहतर लाभ की संभावना को देखते हुए उठाया। विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाज़ार में मई महीने में लगभग 20 हज़ार करोड़ रूपए का निवेश किया था।
—–
फ्रेंच ओपन टेनिस के पुरूष सिंगल्स के फाइनल में आज शीर्ष वरीयता प्राप्त यानिक सिनर का मुकाबला पिछले विजेता कार्लोस अल्काराज़ से होगा।
वहीं, कल अमरीका की कोको गॉफ ने बेलारूस की आर्यना सबालेंका को हराकर महिला सिंगल्स का खिताब जीता।
—–
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा – सरकार ने पिछले 11 वर्षों में देश की प्रगति में महिलाओं की निर्णायक भूमिका तय की।
- सिक्किम सरकार ने भूस्खलन प्रभावित चाटेन में फंसे स्थानीय लोगों और टैक्सी चालकों को सुरक्षित निकाला।
- विदेश मंत्री डॉ० सुब्रह्मण्यम जयशंकर आज से फ्रांस और बेल्जियम की सात दिवसीय यात्रा पर।
- अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अवैध प्रवासियों पर छापे के बाद फैली अशांति नियंत्रित करने के लिए लॉस एंजिल्स में सैनिकों की तैनाती का आदेश दिया।
- और… आज फ्रेंच ओपन टेनिस के पुरूष सिंगल्स फाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त यानिक सिनर का मुकाबला पिछले विजेता कार्लोस अल्काराज़ से।
*****