मुख्य समाचार :
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एनडीए सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर कहा–सरकार समावेशी विकास के माध्यम से गरीबों के कल्याण और नागरिक सशक्तीकरण के लिए समर्पित है।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विश्व पर्यावरण दिवस पर धरती को हरा-भरा रखने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया, प्रधानमंत्री मोदी ने वृक्षारोपण अभियान का नेतृत्व किया। दिल्ली में दो सौ इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी भी दिखाई।
- बाढग्रस्त सिक्किम में खराब मौसम के कारण पर्यटकों को निकालने में बाधा, अब तक 63 लोगों को बचाया गया। असम में वर्षा की घटनाओं में मरने वालों की संख्या 14 हुई।
- एन.आई.ए. द्वारा जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद से जुड़े मामले में 32 स्थानों पर तलाशी।
- ट्रंप प्रशासन ने सुरक्षा मुद्दों को लेकर 12 देशों के नागरिकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया।
- और फ्रेंच ओपन टेनिस के महिला सिंगल्स सेमीफाइनल में-आज शाम आर्यना सबालेंका का मुकाबला इगा स्वियातेक से और कोको गॉफ का सामना लोइस बोइसन से होगा।
——————————————-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी सरकार को सहानुभूति से परिपूर्ण और गरीब कल्याण के प्रति समर्पित बताया है। श्री मोदी ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर लोगों को गरीबी से उबारने के लिए केंद्र सरकार के सशक्तिकरण, मज़बूत बुनियादी ढांचे तथा समावेशन की दिशा में उठाए गए कदमों का उल्लेख किया। एक रिपोर्ट –
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में, लिखा कि पीएम आवास योजना, पीएम उज्ज्वला योजना, जन धन योजना और आयुष्मान भारत जैसी पहलों ने आवास, खाना पकाने के स्वच्छ ईंधन, बैंकिंग और स्वास्थ्य सेवा तक पहुंच को बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण, डिजिटल समावेशन और मज़बूत ग्रामीण बुनियादी ढांचे ने पारदर्शिता के साथ–साथ अंतिम छोर तक लाभ पहुंचाया है। श्री मोदी ने गरीबी को हराने में 25 करोड़ से अधिक लोगों की मदद करने में इन पहलों की भूमिका पर जोर दिया। भानु की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं लवलीन निगम।
——————————————-
भारत में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के सिद्धांतों से प्रेरित होकर एक दशक में महत्वपूर्ण परिवर्तन हुआ है। आकाशवाणी समाचार आपके लिए पिछले 11 वर्षों में प्रमुख क्षेत्रों में सरकार के प्रयासों पर विशेष श्रृंखला लेकर आया है। आज, हम शिक्षा और खेल पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं जो भारत की अमृत पीढी – युवा पीढ़ी को सशक्त बनाने की कुंजी है।
सरकार शिक्षा और खेल के माध्यम से युवाओं के भविष्य के सपनों की नींव रख रही है। शिक्षा के क्षेत्र में सरकार ने समग्र और समावेशी शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए महत्वाकांक्षी रोड मैप तैयार किया है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत सरकार का लक्ष्य है कि 2030 तक देशभर के स्कूलों में प्री स्कूल से माध्यमिक स्तर तक 100 प्रतिशत और वर्ष 2035 तक उच्च शिक्षा में 50 प्रतिशत नामांकन किए जाएं। वर्ष 2014 में देश के उच्च शिक्षण संस्थानों की संख्या 51 हजार थी जो अब बढ़कर 70 हजार से अधिक हो गई है इसमें आईआईटी, आईआईएम और एम्स जैसे शिक्षण संस्थान की संख्या अधिक है। पीएम श्री योजना के तहत देशभर में साढे 14 हजार स्कूलों का कायाकल्प किया जा रहा है। शिक्षा के साथ-साथ खेल क्षेत्र भी सरकार की राष्ट्रीय प्राथमिकताओं में है। खेलो इंडिया अभियान के तहत देशभर में एक हजार से अधिक प्रशिक्षण केन्द्र खोले गए हैं और 3 हजार युवा खिलाडि़यों को सालाना 6 लाख रुपए से अधिक की मदद दी जा रही है। टारगेट ओलम्कि पोडियम योजना के तहत देश के शीर्ष खिलाडियों को विशेष प्रशिक्षण और संसाधन प्रदान किये जा रहे हैं। भारत ने पिछले दो ओलंपिक में 13 पदक जीते हैं और पेरिस पैरालंपिक में रिकॉर्ड तोड़ 29 पदक अपने नाम किये हैं। भारत अपने युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ उन्हें बड़े सपने देखना, तेज दौड़ना और कभी न रूकना भी सीखा रहा है। रहीसुद्दीन रेहान आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
——————————————-
आज विश्व पर्यावरण दिवस है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व पर्यावरण दिवस पर नागरिकों से पृथ्वी की रक्षा करने की प्रतिबद्धता की पुष्टि करने का आह्वान किया है।
राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पर लोगों से पर्यावरण के अनुकूल व्यवहार को बढ़ावा देने का आग्रह किया। उपराष्ट्रपति धनखड़ ने सभी के लिए हरियाली, स्वच्छ और अधिक सरल भविष्य का आह्वान किया। प्रधानमंत्री मोदी ने पर्यावरण की रक्षा पर एक विशेष वीडियो साझा किया। उन्होंने पर्यावरण को हरा-भरा और बेहतर बनाने के लिए जमीनी स्तर पर काम करने वाले सभी लोगों की सराहना की।
“प्रकृति रक्षति, रक्षित:” अर्थात जो प्रकृति की रक्षा करते हैं, प्रकृति उनकी रक्षा करती है। पर्यावरण में संतुलन, ये हमारी पुरातन परम्परा का एक अहम हिस्सा है। हमारे यहां कहा गया है “यत् पिण्डे तत् ब्रह्माण्डे” यानी जो पिंड, यानी जीव में है, वहीं ब्रह्माण्ड में है।
——————————————-
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने आज नई दिल्ली के भगवान महावीर वनस्थली पार्क में विशेष वृक्षारोपण अभियान का नेतृत्व किया। श्री मोदी ने एक पेड़ माँ के नाम पहल के तहत बरगद का पौधा लगाया। यह पौधा अरावली श्रृंखला परियोजना के एक हिस्से के रूप में लगाया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने दिल्ली सरकार की सतत परिवहन पहल के तहत दो सौ इलेक्ट्रिक बसों को भी झंडी दिखाई, जो स्वच्छ परिवहन आवागमन को बढ़ावा देगी।
——————————————-
प्रधानमंत्री ने आज नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर भी सिंदूर का पौधा लगाया। यह पौधा उन्हें 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान असाधारण साहस और देशभक्ति का परिचय देने वाली गुजरात के कच्छ की वीर माताओं और बहनों ने उपहार में दिया था। गुजरात के अपने हाल के दौरे को याद करते हुए श्री मोदी ने कहा कि सिंदूर का पौधा देश की नारी शक्ति की बहादुरी और प्रेरणा का एक मजबूत प्रतीक बना रहेगा।
——————————————-
रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि भारतीय रेलवे ने कार्बन उत्सर्जन को कम करने के लिए परिवहन के स्वच्छ तरीके को अपनाने का प्रयास तेज कर दिया है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक अंग्रेजी दैनिक में लिखे लेख में श्री वैष्णव ने कहा कि भारतीय रेलवे नेट-जीरो उत्सर्जन लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए बहुआयामी दृष्टिकोण के साथ काम कर रहा है।
——————————————-
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज नई दिल्ली में पौधारोपण किया और एक पेड़ मां के नाम अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मिशन लाइफ के लिए इको क्लबों की गतिविधियों की निगरानी के लिए एक वेबपोर्टल सहित एक पेड़ मां के नाम अभियान के दूसरे चरण पर विशेष मॉड्यूल और एक वेबसाइट का भी शुभारंभ किया। श्री प्रधान ने प्रत्येक जीवित प्राणी के अस्तित्व के लिए पेड़ों के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
हमें पेड़ से ही ऑक्सीजन मिलता है, मनुष्यों को जिंदा रखने के लिए, जीव–जन्तु को जिंदा रखने के लिए ऑक्सीजन बहुत ही अत्यंत, अतिआवश्यक की चीज़ है। तो भारत दुनिया के प्रदूषणकारी देशों में नहीं है। हमारी कार्बन एमिशन्स डिजायरेबल लिमिट के काफी नीचे है, उसके बावजूद भारत ने प्रतिज्ञा किया है 2070 तक हम भारत में जीरो कार्बन एमिशन करेंगे।
——————————————-
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण-एनआईए, जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद से जुड़े मामलों में 32 स्थानों पर तलाशी ले रही है। पुलवामा, कुलगाम, शोपियां, बारामूला और कुपवाड़ा जिलों में छापेमारी की जा रही है। आतंकी साजिश के मामले में विभिन्न आतंकवादी गुटों को वित्तीय और पनाह देने जैसी सहायता पहुंचाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ मिले सुराग के आधार पर सुबह से ही छापेमारी की जा रही है।
——————————————-
कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल ने अमरीका में नेताओं, वरिष्ठ अधिकारियों और भारतीय समुदाय के साथ कई बैठकों के दौरान आतंकवाद के खिलाफ भारत के दृढ़ रुख को मजबूती से सामने रखा है। श्री थरूर ने वाशिंगटन में अमरीकी कांग्रेस के विदेश मामलों की समिति के शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठक के बाद कहा कि आतंकवादी हमलों की निंदा करने और भारत के आत्मरक्षा के अधिकार के मुद्दे पर सभी ने पूरी तरह से सहमति व्यक्त की।
समिति के अध्यक्ष ब्रायन मास्ट ने मीडिया से बात करते हुए आतंकवादी हमले की निंदा की और कहा कि इस तरह के हमलों के लिए दुनिया में कोई जगह नहीं है।
आतंकवाद के खिलाफ भारत के सैद्धांतिक और दृढ़ रुख का संदेश लेकर गए सात बहुदलीय प्रतिनिधिमंडलों में से पांच प्रतिनिधिमंडल अपनी सफल यात्रा पूरी कर भारत लौट आए हैं।
——————————————-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल जम्मू-कश्मीर में उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक परियोजना राष्ट्र को समर्पित करेंगे। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में रेलवे बोर्ड के सूचना और प्रचार विभाग के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने बताया कि पूरी तरह से विद्युतीकृत इस परियोजना में 36 सुरंगें और 943 पुल शामिल हैं।
जो प्रोजेक्ट्स है इसमें कई–कई टनल्स हैं। ब्रिजिज़ हैं। जो टनल्स है उसमें से जो एक टनल्स जो है टनल – 350 उसकी लम्बाई जो है वो 13 किलोमीटर के आसपास है, जबकि जो चिनाब ब्रिज है, वह अपने आप में काफी महत्वपूर्ण है। यह दुनिया का सबसे ऊंचा आर्च ब्रिज है और हमारे इंजीनियरों ने इसको बनाया है। तो ये पूरे देश के लिए गर्व की बात है। इंजीनियरिंग का जो मार्वल है, वह भारत देश में बन करके तैयार हुआ है और अब इसके अलावा इस प्रोजेक्ट में अंजी खडे ब्रिज भी है, जोकि भारत का पहला रेलवे का है ये, केवल स्टेड ब्रिज है।
हमारे संवाददाता ने बताया कि अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी श्री माता वैष्णो देवी कटरा से श्रीनगर और श्रीनगर से कटरा तक दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी झंडी दिखाएंगे।
वंदे भारत ट्रेन कश्मीर घाटी के मौसम को ध्यान में रखकर यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष तकनीक के साथ डिज़ाइन की गई है। इस ट्रेन में सिलिकॉन हीटिंग पैड लगे हुए हैं जो बायो–टॉयलेट टैंक में पानी को जमने से रोकता है। वहीं हीटिंग प्लम्बिंग पाइपलाइन तापमान के शून्य डिग्री से नीचे रहने पर भी पानी को जमने से रोकती है। इस ट्रेन सेवा के शुरु होने के बाद कटरा से श्रीनगर के बीच यात्रा का समय लगभग तीन घंटे कम हो जाएगा। ये ट्रेन स्थानीय निवासियों, पर्यटकों और तीर्थयात्रियों के अलावा सभी लोगों के लिए एक तेज़, आरामदायक और विश्वसनीय यात्रा विकल्प प्रदान करेगी। आनंद कुमार, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
——————————————-
जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद से परिवर्तनकारी सुधार हो रहे हैं। एक रिपोर्ट –
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए, पिछले वर्ष जम्मू में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान और जगती में भारतीय प्रबंधन संस्थान, जम्मू के नए परिसर का उद्घाटन किया। उन्होंने जम्मू हवाई अड्डे पर 40 हजार वर्ग मीटर के नए टर्मिनल भवन की आधारशिला भी रखी। प्रधानमंत्री ने जम्मू और कश्मीर में कई रेलवे परियोजनाओं का भी शुभारंभ किया। इनमें बनिहाल–खारी–सुंबर–संगलदान के बीच नई 48 किलोमीटर की नई रेल लाइन और 185 किलोमीटर लम्बा नव विद्युतीकृत बारामुल्ला–श्रीनगर–बनिहाल–संगलदान खंड शामिल हैं। उन्होंने घाटी की पहली इलेक्ट्रिक ट्रेन को भी झंडी दिखाई और संगलदान और बारामूला स्टेशनों के बीच ट्रेन सेवा का उद्घाटन किया। भूपेन्द्र की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से कनकलता।
——————————————-
सिक्किम में चातेन से फंसे हुए पर्यटकों को निकालने का काम खराब मौसम के कारण रोक दिया गया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि सुबह दो एमआई-17 हेलीकॉप्टरों ने फंसे हुए 109 पर्यटकों में से 63 को चातेन से पाकयोंग हवाई अड्डे तक पहुंचाया।
एनडीआरएफ और सेना की मदद से कल लाचेन से सभी फंसे हुए पर्यटकों को चाटेन पहुंचाया गया। इससे पहले, मंगन जिले के लाचुंग में फंसे एक हजार छह सौ से अधिक पर्यटकों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण यातायात व्यवस्था बाधित हुई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने स्थिति से निपटने के लिए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। मानस प्रतिम सरमा, आकाशवाणी समाचार गंगटोक।
——————————————-
उधर, असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। बाढ़ के कारण 19 जिलों में छह लाख से ज़्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। अब तक मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है।
——————————————-
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने राष्ट्रीय और सार्वजनिक सुरक्षा खतरों का हवाला देते हुए 12 देशों से प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा पर हस्ताक्षर किए हैं। अमरीकी प्रशासन ने बताया कि सात अन्य देशों के लोगों के प्रवेश पर भी आंशिक प्रतिबंध लगाया गया है।
——————————————-
फ्रेंच ओपन टेनिस के महिला सिंगल्स सेमीफाइनल में आज शाम आर्यना सबालेंका का मुकाबला इगा स्वियातेक से होगा और कोको गॉफ का सामना लोइस बोइसन से होगा।
——————————————-
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एनडीए सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर कहा–सरकार समावेशी विकास के माध्यम से गरीबों के कल्याण और नागरिक सशक्तीकरण के लिए समर्पित है।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विश्व पर्यावरण दिवस पर धरती को हरा-भरा रखने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया, प्रधानमंत्री मोदी ने वृक्षारोपण अभियान का नेतृत्व किया। दिल्ली में दो सौ इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई।
- बाढग्रस्त सिक्किम में खराब मौसम के कारण पर्यटकों को निकालने में बाधा, अब तक 63 लोगों को बचाया गया। असम में वर्षा की घटनाओं में मरने वालों की संख्या 14 हुई।
- एन.आई.ए. द्वारा जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद से जुड़े मामले में 32 स्थानों पर तलाशी।
- ट्रंप प्रशासन ने सुरक्षा मुद्दों को लेकर 12 देशों के नागरिकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया।
- और फ्रेंच ओपन टेनिस के महिला सिंगल्स सेमीफाइनल में-आज शाम आर्यना सबालेंका का मुकाबला इगा स्वियातेक से और कोको गॉफ का सामना लोइस बोइसन से होगा।
——————————————-