मुख्य समाचार:
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा–पहलगाम आतंकी हमला देश की नारी शक्ति के लिए एक चुनौती थी और यह अपराधियों के लिए घातक बन गई है।
- प्रधानमंत्री ने कहा–सरकार महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास को शासन का केंद्र बना रही है।
- कोलंबिया ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय हमलों के बाद पाकिस्तान में हुई मौतों पर शोक व्यक्त करने वाला अपना बयान वापस लिया।
- मिजोरम के लॉन्गतलाई शहर में बारिश से हुए भूस्खलन में छह घर क्षतिग्रस्त, कई लोगों के मारे जाने की आशंका।
- और, भारत के युकी भांबरी और उनके अमरीका के जोड़ीदार रॉबर्ट गैलोवे ने सातवीं वरीयता प्राप्त जोडी को हराकर फ्रेंच ओपन टेनिस के पुरूष डबल्स के तीसरे दौर में प्रवेश किया।
——————————————–
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि पहलगाम आतंकी हमला भारत की नारी शक्ति को चुनौती थी और यह इस हमले की साजिश करने वालों के लिए मौत का संदेश साबित हुआ है। भोपाल में आयोजित जनसभा में श्री मोदी ने कहा कि भारत किसी भी तरह का परोक्ष युद्ध बर्दाश्त नहीं करेगा और ऐसी किसी भी आतंकी कार्रवाई से सख्ती से निपटा जाएगा।
ऑपरेशन सिंदूर ने डंके की चोट पर कह दिया है कि आतंकवादियों के जरिए छद्म युद्ध प्रोक्सी वार नहीं चलेगा। अब घर में घुसकर भी मारेंगे और जो आतंकियों की मदद करेगा, उसको भी इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
प्रधानमंत्री भोपाल के जम्बूरी मैदान में लोकमाता देवी अहिल्या बाई की 300वीं जयंती पर आयोजित महिला सशक्तीकरण महासम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों ने नारी शक्ति को चुनौती दी थी लेकिन यही चुनौती उनके लिए और उनके आकाओं के लिए घातक साबित हुई। हमारी सेना ने सैकडों किलोमीटर भीतर जाकर आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया। ऑपरेशन सिंदूर देश के इतिहास में अब तक की सबसे बडी सफलता है।
भारत संस्कृति और संस्कारों का देश है और सिंदूर नारी शक्ति का प्रतीक है और यही सिंदूर अब भारत की शौर्य का प्रतीक बना है।
सरकार की जनकल्याण योजनाओं का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार लोकमाता अहिल्याबाई के नागरिक देवो भव: मत्र को भी शासन में अपना रही है। हमारी सरकार महिला नेतृत्व में विकास के दृष्टिकोण को मुख्य आधार बना रही है। सरकार की हर बडी योजना में महिलाओं की भूमिका मुख्य है।
नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन हो या फिर सीमा पार का आतंक हो, आज हमारी बेटियां भारत की सुरक्षा की ढाल बन रही हैं। मैं आज देवी अहिल्या की इस पवित्र भूमि से देश की नारी शक्ति को फिर से सैल्यूट करता हूं।
श्री मोदी ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई ने कभी भी प्रभुसेवा और जनसेवा में अंतर नहीं किया है।
देवी आहिल्याबाई कैसी थीं के शासन का सही अर्थ जनता की सेवा करना और उनके जीवन में सुधार लाना होता है। आज का कार्यक्रम उनकी इस सोच को आगे बढ़ाता है।
——————————————–
महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले में लोकमाता अहिल्या बाई होल्कर की 300वीं जयंती पर उनकी जन्मस्थली चौंडी में आज विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। अहिल्यादेवी होल्कर के जीवन और कार्यों पर प्रस्तुत है हमारी संवाददाता की रिपोर्ट –
लोकमाता पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होळकर का जन्म 31 मई 1725 को अहिल्यानगर जिले के चौंडी गांव में हुआ था। अपने पति के निधन के बाद अहिल्याबाई ने अपना जीवन लोगों के कल्याण के लिए समर्पित करने का निर्णय लिया। अहिल्याबाई ने महिलाओं, किसानों, कारीगरों और आदिवासियों से सहित समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए प्रगतिशील नीतियां लागू कीं। मध्य प्रदेश के महेश्वर को अपनी राजधानी बनाने के बाद उन्होंने कई कारीगरों और बुनकरों को इस क्षेत्र में आमंत्रित किया, जिससे स्थानीय कपड़ा उद्योग के विकास में मदद मिली। अहिल्याबाई होल्कर का जीवन कर्तव्य, दयालुता, निष्पक्षता, जन-केंद्रित प्रशासन और नेतृत्व का एक शानदार उदाहरण था। पुणे से मनोज क्षीरसागर के साथ आकाशवाणी समाचार से कनकलता।
——————————————–
कोलंबिया ने आधिकारिक तौर पर अपना बयान वापस ले लिया है, जो उसने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय हमलों के बाद पाकिस्तान में हुई मौतों पर संवेदना व्यक्त करते हुए जारी किया था। कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल की कोलंबिया की विदेश उप-मंत्री रोजा योलांडा विलाविसेनियो के साथ हुई बैठक के बाद कोलंबिया ने अपना बयान वापस लिया है। एक रिपोर्ट-
आतंकवाद को जड़े से समाप्त करने के प्रति भारत का संकल्प व्यक्त करने के उद्देश्य से सात बहुदलीय संसदीय शिष्टमंडल विदेशों में उच्च स्तरीय वार्ता कर रहे हैं। कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में कोलंबिया के मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बहुदलीय शिष्टमंडल ने हाल की घटनाओं पर भारत का पक्ष व्यक्त किया और कोलंबिया के बयान पर निराशा व्यक्त की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री थरूर ने कहा कि कोलंबिया के मंत्रियों ने उन्हें आश्वासन दिया है कि बयान वापस ले लिया गया है और भारत की स्थिति को अब ठीक से समझा गया है और उसका दृढ़ता से समर्थन किया गया है। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि भारत ब्रिक्स के साथ संबंधों को बहुत महत्व देता है जिसका भारत संस्थापक सदस्य है। उन्होंने कहा कि भारत ग्लोबल साउथ – विकासशील दुनिया के देशों के विकास से भी बहुत जुड़ा हुआ है।
इस बीच, शिवसेना सांसद डॉ. श्रीकांत एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिष्टमंडल ने सिएरा लियोन की अपनी यात्रा पूरी कर ली है। वहीं, डीएमके सांसद कनिमोझी के नेतृत्व वाले शिष्टमंडल ने लातविया में भारतीय प्रवासियों से मुलाकात की। अमन यादव, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
——————————————–
राष्ट्र, ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जश्न मनाते हुए, भारतीय सैनिकों की वीरता को नमन करता है। सशस्त्र बलों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना से आकाशवाणी समाचार एक विशेष श्रंखला प्रस्तुत कर रहा है। आज हम भारत के पहले परमवीर चक्र विजेता मेजर सोमनाथ शर्मा को याद कर रहे हैं, जिन्होंने 1947-48 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया था।
जनवरी 1923 में हिमाचल प्रदेश में जन्मे मेजर सोमनाथ शर्मा फरवरी 1942 में सेना की कुमाऊं रेजीमेंट में भर्ती हुए। मेजर शर्मा ने अक्टूबर 1947 में जब पाकिस्तान के कबालियों ने जम्मू कश्मीर पर हमला किया तो उन्होंने घाटी की रक्षा में अहम भूमिका निभाई। हाथ में प्लास्टर लगे होने के बावजूद मेजर सोमनाथ शर्मा चार कुमाऊं की डी कंपनी का नेतृत्व करने पर अड़े़ रहे, जिसे 31 अक्टूबर को हवाई मार्ग से श्रीनगर पहुंचा गया। 3 नवंबर को उनकी कंपनी को बडगाम के पास एक पोजीशन संभालने का काम सौंपा गया। उस दिन दोपहर में लगभग ढाई बजे उनकी टुकड़ी पर छोटे हथियारों, मोटार्र और भारी ऑटोमैटिक हथियारों से सुसज्जित दुश्मन के लगभग सात सौ सैनिकों ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले से भारतीयों को काफी नुकसान हुआ। दुश्मन के इस घातक हमले के बावजूद अपने दृढ़ इच्छा शक्ति का परिचय देते हुए मेजर शर्मा अपने जवानों को डटे रहने के लिए लगातार प्रेरित करते रहे। मेजर शर्मा जब दुश्मनों से लड़ रहे थे तभी उनके पास रखे गोला बारूद पर मोर्टार का एक गोल फट गया। इस हमले में युवा मेजर सोमनाथ शर्मा का कैरियर समाप्त हो गया। जिन्होंने अभी अपने जीवन के 25 साल भी पूरे नहीं किए थे। ब्रिगेड मुख्यालय को दिए अपने अंतिम संदेश में उन्होंने कहा कि मैं एक इंच भी पीछे नहीं हटूंगा और आखिरी आदमी और आखिरी राउंड तक लडूंगा। बडगाम की लड़ाई में मेजर शर्मा एक जेसीओ और उनकी कंपनी के 20 अन्य रैंकों ने सर्वोच्च बलिदान दिया। मेजर सोमनाथ शर्मा को उनके शानदार नेतृत्व और बहादुरी के लिए मरणोप्रांत परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया। सकलेन अख्तर आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
——————————————–
रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने कहा है कि रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता देश की सामरिक स्वायत्तता बनाये रखने के लिए ही नहीं, बल्कि विकसित भारत का मुख्य लक्ष्य प्राप्त करने के लिए भी महत्वपूर्ण है। नई दिल्ली में आयोजित रक्षा सम्मेलन में श्री सिंह ने कहा कि 2015 में भारत रक्षा साम्रगी आयात करने वाला प्रमुख देश था जबकि अब वह शीर्ष 25 निर्यातक देशों में शामिल हो चुका है।
——————————————–
भारत और ब्राजील ने शंगरिला संवाद-2025 में हिंद-प्रशांत क्षेत्र को खुला, मुक्त और समग्र बनाने के लिए आपसी संबंध मजबूत करने का संकल्प व्यक्त किया है। रक्षा सेना प्रमुख जनरल अनिल चौहान और ब्राजील की सशस्त्र सेनाओं के प्रमुख एडमिरल एग्यूइर फ्रेयरे ने शंगरिला संवाद-2025 में क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर दोनों देशों के बीच समान विचारों को बढावा देने पर जोर दिया।
——————————————–
सरकार ने विमानन कंपनी इंडिगो से तुर्किए एयरलाइंस के साथ विमान लीज समझौता तीन महीने के अंदर खत्म करने को कहा है। सरकार ने तुर्किए की कंपनी सेलेबी एविएशन की सुरक्षा मंजूरी वापस लेने के कुछ सप्ताह बाद यह कदम उठाया है।
——————————————–
मिजोरम में कल से हो रही तेज बारिश से लॉन्गतलाई में एक होटल सहित छह मकान ढहने से कई लोगों के मारे जाने की आशंका है। अधिकारियों के अनुसार यह घटना सीमा से लगे बाजार वेंद और चांदमारी इलाकों में कल रात साढे दस बजे के करीब हुई। राज्य आपदा मोचन बल और थर्ड इंडियन रिजर्व बटालियन के जवानों की मदद से राहत और बचाव कार्य चलाये जा रहे हैं।
——————————————–
कर्नाटक में, केरल से लगे तटीय जिले दक्षिण कन्नड़ में तेज़ हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हुई है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि दक्षिण कन्नड़ और कोडागु जिलों में सोमवार तक लगातार तेज़ हवाओं के साथ बारिश जारी रहने की उम्मीद है।
दक्षिण कन्नड़ में कल तक बारिश की वजह से सामान्य जनजीवन ग्रस्त था। मगर आज बारिश से लोगों को राहत पहुंची है। एक सप्ताह से बारिश की वजह से मंगलुरु के पंपवेल, कोटारा चौकी, कथैगल में रास्ते पर पानी भर जाने की वजह से वहन संचार पर असर पड़ा था। इंचार्ज डिप्टी कमीश्नर डॉ. आनंद ने बताया कि बारिश की वजह से जिले में 286 घर आंशिक रूप से और 22 घर संपूर्ण ग्रस्त हुए हैं। अच्छे बारिश के कारण केआरएस जलाशय में पानी का स्तर बढ़ा है। काबिनी में भी स्थिति बेहतर हुई है। सुधींद्र आकाशवाणी समाचार बेंगलुरु।
——————————————–
मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिन के भीतर देश के पूर्वी, पश्चिमी, मध्य और पूर्वोत्तर क्षेत्रों में तेज वर्षा होने का अनुमान व्यक्त किया है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में सोमवार तक तेज बारिश होने की संभावना है। विदर्भ, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश, बिहार में कल तक गरज के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है। मछुआरों को तटवर्ती इलाकों में न जाने की सलाह दी गई है।
——————————————–
केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया आज शाम चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया के साथ चंडीगढ़ के अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे। सरकारी प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर 42 स्थित पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज फॉर गर्ल्स में आयोजित समारोह में 8 अंतरराष्ट्रीय और 479 राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।
——————————————–
फ्रेंच ओपन टेनिस में, भारत के युकी भांबरी और अमरीका के रॉबर्ट गैलोवे की जोडी पुरुष डबल्स के तीसरे दौर में प्रवेश कर गई है। तीसरे दौर में भांबरी और गैलोवे का सामना अमरीकी जोड़ी क्रिश्चियन हैरिसन और इवान किंग से होगा।
——————————————–
सिंगापुर ओपन बैडमिंटन के पुरुष डबल्स के सेमीफाइनल में आज भारत के सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी का मुकाबला मलेशिया की तीसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी आरोन चिया और वूई यिक सोह से होगा।
——————————————–
आज विश्व तंबाकू निषेध दिवस है। आकाशवाणी से बातचीत में श्वसन विभाग के चिकित्सक डॉ. करण मदान ने बताया कि तंबाकू का किसी प्रकार से सेवन सेहत के लिए हानिकारक है।
आज जैसे कि वर्ल्ड नो टोबेको या नो तम्बाकू डे है। बड़ा ही महत्वपूर्ण दिन है। ये जरूरी है हमें समझना कि तंबाकू का सेवन किसी भी फार्म में, धूम्रपान के रस्ते हो या स्मौकलेस टोबेको जिसे हम कहते हैं, कई फार्म में इस्तेमाल किया जाता है, दोनों हमारी सेहत के लिए काफी हानिकारक है। टोबेको बहुत बड़ा एक कॉज़ है, जिससे लंग कैंसर, सीओपीडी जैसी बीमारियां ब्रोन्किओल्स, बच्चों में सांस की इंफेंशन और ही इसके दुष्प्रभाव पूरे शरीर पर पढ़ते हैं। अलग तरह के कैंसर का रिस्क भी बढ़ता है, जिसमें की किडनी का कैंसर, पैंक्रियास का कैंसर, ग्लाइडर का कैंसर, ऊपर से खाने की नली और सांस की नली के कैंसर, ये सब जो है टोबेको के सेवन से होता है।
——————————————–
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा–पहलगाम आतंकी हमला देश की नारी शक्ति के लिए एक चुनौती थी और यह अपराधियों के लिए घातक बन गई है।
- प्रधानमंत्री ने कहा–सरकार महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास को शासन का केंद्र बना रही है।
- कोलंबिया ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय हमलों के बाद पाकिस्तान में हुई मौतों पर शोक व्यक्त करने वाला अपना बयान वापस लिया।
- मिजोरम के लॉन्गतलाई शहर में बारिश से हुए भूस्खलन में छह घर क्षतिग्रस्त, कई लोगों के मारे जाने की आशंका।
- और, भारत के युकी भांबरी और उनके अमरीका के जोड़ीदार रॉबर्ट गैलोवे ने सातवीं वरीयता प्राप्त जोडी को हराकर फ्रेंच ओपन टेनिस के पुरूष डबल्स के तीसरे दौर में प्रवेश किया।
——————————————–