Download
Mobile App

android apple
signal

March 24, 2024 4:16 PM

printer

Dophare Samachar

मुख्‍य समाचार

  • सरकार ने प्याज निर्यात पर प्रतिबंध अगले आदेश तक बढ़ाया।
  • वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा- उचित समय पर नीतिगत निर्णयों और आर्थिक सुधारों से भारत कोविड संकट से निपटने में सफल रहा।
  • पाकिस्तान के विदेश मंत्री मुहम्मद इशाक डार ने कहा- पाकिस्तान, भारत के साथ व्यापार संबंध बहाल करने पर गंभीरता से विचार करेगा।
  • मॉस्को आतंकी हमले में मृतकों की संख्या बढ़कर 133 हुई।
  • और महाराष्ट्र की नाहिद दिवेचा ने पंचकुला में इंडियन मास्टर्स राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक जीते।

 

******

 

केंद्र सरकार ने प्याज के निर्यात पर प्रतिबंध अगले आदेश तक बढ़ा दिया है। घरेलू उपलब्धता बढ़ाने और प्याज के मूल्यों को नियंत्रण में रखने के लिए यह फैसला लिया गया है। विदेश व्यापार महानिदेशालय ने एक अधिसूचना में कहा कि प्याज के निर्यात पर 31 मार्च 2024 तक रोक लगाई गई थी, जिसे अब अगले आदेश तक बढ़ाया जा रहा है।

 

पिछले साल दिसंबर में सरकार ने प्याज के निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया था। हालाँकि प्रत्‍येक मामले के आधार पर मित्र देशों को प्याज के निर्यात की अनुमति दी गई है।

 

******

 

केंद्रीय वित्‍त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा है कि समुचित और समयबद्ध फैसलों तथा आर्थिक सुधारों ने कोविड संकट से उबरने में भारत की सहायता की। बेंगलूरू में आज विचारक मंच के एक सत्र को संबोधित करते हुए उन्‍होंने कहा कि कोविड महामारी के दौरान वैश्विक समुदाय ने भारत की भूमिका को पहचाना और इसे सबसे तेजी से उभरती अर्थव्‍यवस्‍था के रूप में देखा।

 

वर्ष 2020 और 2022 के बीच कोविड और बाद में रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान पूरी दुनिया में आर्थिक संकट उत्‍पन्‍न हो गया था। खाद्य सामग्री, ईंधन और उर्वरकों के मूल्‍य आसमान छूने लगे थे और राजस्‍व संग्रह में गिरावट हो रही थी। संकट के समय जिन देशों ने अतिरिक्‍त मुद्रा का प्रवाह किया, वह देश आज दो अंकों में महंगाई का सामना कर रहे हैं। बाजार की मांग में गिरावट आई है, ब्‍याज दर में बढोतरी हुई है और अर्थव्‍यवस्‍था मंदी की ओर बढ रही है। लेकिन भारत ने गरीबों को अन्‍न उपलब्‍ध कराया। एमएसएमई की मदद की।  महिलाओं और वरिष्‍ठ नागरिकों  को जीविका प्रदान की और टीके लगवाए। आर्थिक सुधारों ने प्रणाली को पारदर्शी बनाया और उद्यम करना आसान बनाया। देश के उद्यमियों, किसानों और युवाओं की क्षमता से अर्थव्‍यवस्‍था में तत्‍काल सुधार नजर आया। वित्‍त मंत्री ने कहा कि कोविड संकट से उबरने में भारत के सिद्धांत को आज पूरी दुनिया ने पहचाना है।

 

******

 

बिहार में एनडीए गठबंधन के घटक दल, जनता दल यूनाइटेड ने आज सभी 16 लोकसभा सीटों से अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। अधिकांश नामांकित उम्‍मीदवार वर्तमान सांसद हैं। सीवान लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद कविता सिंह और सीतामढी संसदीय क्षेत्र से सांसद सुनील कुमार पिंटू का टिकट पार्टी आलाकमान ने काट दिया है। सीवान से विजय लक्ष्मी देवी और सीतामढी लोकसभा सीट से देवेश चंद्र ठाकुर को उम्‍मीदवार बनाया गया है। पूर्व सांसद लवली आनंद – शिवहर लोकसभा सीट से चुनाव लडेंगी। सीट बंटवारे के समझौते में जनता दल यूनाइटेड को यह सीट भारतीय जनता पार्टी से मिली है। पार्टी से अन्‍य प्रमुख उम्‍मीदवारों में मुंगेर से राजीव रंजन सिंह उर्फ ​​ललन सिंह, मधेपुरा से दिनेश चंद्र यादव, नालंदा से कौशलेंद्र कुमार और पूर्णिया से संतोष कुशवाहा शामिल हैं। भागलपुर संसदीय क्षेत्र से मौजूदा सांसद अजय कुमार मंडल, बांका से गिरिधारी यादव और कटिहार सीट से दुलाल चंद्र गोस्वामी को फिर से टिकट दिया गया है।

 

******

 

पश्चिम बंगाल मार्क्सवादी कम्‍यूनिष्‍ट पार्टी-सीपीआई(एम) ने कल राज्य की चार प्रमुख लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। सीपीआई (एम) के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम- मुर्शिदाबाद, अलकेश दास-राणाघाट, सुकृति घोष-बर्धमान दुर्गापुर और श्यामली प्रधान को बोलपुर निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है।

 

******

 

तमिलनाडु में, भारतीय जनता पार्टी के साथ सीट-बंटवारे का समझौता करने के बाद अम्मा मक्कल मुनेत्र कणगम (एएमएमके) ने आज सात चरण के लोकसभा चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है। उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करते हुए, एएमएमके महासचिव टीटीवी दिनाकरण ने बताया कि एएमएमके-भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के साथ सीट-बंटवारे के समझौते में द्रमुक शासित दक्षिणी राज्य में दो सीटों पर चुनाव लड़ेगी। दिनाकरन, थेनी लोकसभा सीट से और सेंथिलनाथन त्रिची से उम्‍मीदवार होंगे।

 

******

 

निर्वाचन आयोग अपने आदर्श वाक्‍य कोई मतदाता पीछे न छूटे पर ध्‍यान केन्द्रित करते हुए  हर समय सुलभ मतदान के लिए कार्य कर रहा है। इस अभियान पर हमारे संवाददाता की रिपोर्ट-

 

चुनाव आयोग ने घोषणा की है कि 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाता और 40 प्रतिशत विकलांगता वाले दिव्‍यांगजन घर से मतदान कर सकते हैं। प्रत्येक मतदान केंद्रों पर स्वयंसेवक और व्हील चेयर उपलब्ध रहेंगे। आयोग दिव्‍यांगजन और बुजुर्गों के लिए परिवहन सुविधा की भी व्यवस्था कर रहा है। आयोग ने दिव्‍यांगजनों के लिए सक्षम मोबाइल ऐप शुरू किया है। दिव्‍यांगजनों द्वारा प्रबंधित मतदान केंद्र, केवल महिलाओं द्वारा प्रबंधित मतदान केंद्र और मॉडल मतदान केंद्र भी प्रत्‍येक विधानसभा क्षेत्र में भी होंगे। अनुपम मिश्रा, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

******

 

पूर्व वायु सेना प्रमुख आर.के.एस.भदौरिया और आंध्र प्रदेश से युव जन श्रमिक रायक्षू कांग्रेस पार्टी-के पूर्व सांसद वर प्रसाद राव वेलागा पल्ली भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। नई दिल्ली में आज दोनों को भाजपा महासचिव विनोद तावड़े और केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर की उपस्थिति में पार्टी में शामिल किया गया।

 

******

 

दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद भावी रणनीति तय करने के लिए आम आदमी पार्टी की आज प्रमुख बैठक होगी। राज्‍यसभा सदस्‍य संदीप पाठक बैठक की अध्‍यक्षता करेंगे।  केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी की यह पहली बडी बैठक है।

 

प्रवर्तन निदेशालय ने आबकारी नीति से जुडे धनशोधन मामले में बृहस्‍पतिवार को केजरीवाल को  गिरफ्तार किया था।  अदालत ने शुक्रवार को उन्‍हें 28 मार्च तक प्रवर्तन निदेशालय की हिरासत में भेज दिया था।

 

******

 

दिल्‍ली की राउज एवेन्‍यू अदालत ने आबकारी नीति घोटाला मामले में भारत राष्‍ट्रीय समिति की नेता के. कविता की प्रवर्तन निदेशालय की हिरासत 26 मार्च तक बढा दी है। सीबीआई की विशेष न्‍यायाधीश कावेरी बावेजा ने कविता की रिमांड पूरी होने पर अदालत में पेश किए जाने के बाद यह आदेश पारित किया।

 

******

 

राजस्‍थान में जयपुर के बस्‍सी क्षेत्र में एक रसायनिक फैक्‍टरी में आग लगने से छह लोग मारे गये और दो घायल हो गये। आग बुझाने के लिए नौ दमकल गाडियां को लगाई गई।   हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि ग्रामीणों ने मुआवजे और फैक्ट्री मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जयपुर-आगरा राजमार्ग अवरूद्ध कर दिया है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर रहे हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।

 

******

 

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में आग लगने से चार बच्‍चों की मौत हो गई और उनके माता-पिता घायल हो गये। पुलिस ने बताया कि मोबाइल चार्ज करते समय शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी।

 

******

 

पाकिस्तान भारत के साथ व्यापार संबंधों को बहाल करने पर गंभीरता से विचार करेगा। पाकिस्तान विदेश मंत्री मुहम्मद इशाक डार ने लंदन में कहा कि पाकिस्तानी व्यापारी भारत के साथ व्यापार फिर शुरू करना चाहते हैं।  पाकिस्तान और भारत के बीच व्यापार संबंध अगस्त 2019 से निलंबित हैं। एक रिपोर्ट-

 

भारत सरकार द्वारा संविधान के अनुच्छेद 370 को निरस्त करने, जम्मू-कश्मीर की विशेष स्थिति को रद्द करने और राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित करने के बाद पाकिस्‍तान ने भारत के साथ अपने राजनयिक संबंधों को कम कर दिया था। भारत ने पाकिस्तान को स्पष्ट कर दिया कि संपूर्ण केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत के अभिन्न और अविभाज्य हिस्से हैं। भारत ने यह भी कहा है कि केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर में सामाजिक-आर्थिक विकास और सुशासन सुनिश्चित करने के लिए संवैधानिक उपाय करना भारत का आंतरिक मामला है। समाचार कक्ष से मृगनयनी पांडेय।

 

******

 

मॉस्‍को में क्रोकस सिटी हॉल में हुए आतंकी हमले में मरने वालों की संख्‍या बढकर 133 हो गई है। रूस की जांच समिति का हवाला देते हुए रूस के सरकारी मीडिया तास ने खबर दी है कि छानबीन चल रही है और कन्‍सर्ट हॉल से मलबा हटाया जा रहा था। रूस के स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय के अनुसार 147 लोग घायल हुए। रूस ने कहा है कि चार बंदूकधारियों सहित 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

 

इधर, भारत में स्थित रूसी दूतावास ने आतंकी हमले के पीडितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्‍यक्‍त करने वाले लोगों के लिए ऑनलाइन शोक पुस्तिका शुरू की है। इस ऑनलाइन पुस्तिका में लोग कमेंट सेक्‍शन में अपने संवेदना संदेश अथवा मारे गए व्‍यक्ति के प्रति अपना समर्थन और सहानुभूति संदेश पोस्‍ट कर सकते हैं। क्राकस सिटी हॉल में हुए आतंकी हमले की जिम्‍मेदारी आतंकवादी संगठन इस्‍लामिक स्‍टेट खुरासान ने ली है।

 

******

 

और अब खेल की खबरों के साथ स्‍पर्श सक्‍सेना –

 

महाराष्ट्र की नाहीद दिवेचा ने पंचकुला में इंडियन मास्टर्स राष्‍ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक जीते हैं। दिवेचा ने कल हरियाणा की सुनीता सिंह पंवार को लगातार सेट में हराकर महिला सिंग्‍लस खिताब जीता। नाहीद दिवेचा और किरण मोकाडे की जोड़ी ने मिकस्‍ड डबल्‍स का खिताब जीता। फाइनल में नाहीद और किरण ने लगातार सेट में शीर्ष वरीयता प्राप्‍त कर्नाटक को प्रबागरान सुब्‍बैया और जयश्री रघु की जोडी को हराया। लेबनान में बेरूत विश्‍व टेबल टेनिस टूर्नामेंट के मिक्‍स्‍ड डबल्‍स फाइनल में आज दो भारतीय जोडी आमने-सामने होगीं। सत्यन ज्ञानशेखरन और मनिका बत्रा की जोडी का मुकाबला आकाश पाल और पॉयमंती बैश्‍य की जोडी से होगा। आज ही पुरुष डबल्स फाइनल में भारत के मानुष उतपलभाई शाह और मानव विकास ठक्कर की जोड़ी का सामना भारत के ही मुदित दानी और आकाश पाल की जोड़ी से होगा। और आईपीएल क्रिकेट में आज दोपहर साढे तीन बजे जयपुर के सवाई मानसिंह इंडोर स्‍टेडियम में राजस्‍थान रॉयल्‍स का मुकाबला लखनऊ सुपर जायन्‍टस से होगा। वहीं, गुजरात टाइटन्‍स का सामना मुंबई इंडियन्‍स से शाम साढे सात बजे अहमदाबाद में होगा। इससे पहले, कल रात कोलकाता के ईडन गार्डन्‍स में कोलकाता नाईट राइडर्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को चार रन से हरा दिया। कल ही चंडीगढ में खेले गए पहले मैच में पंजाब किंग्‍स ने दिल्‍ली कैपिटल्‍स को चार विकेट से हराया।

 

******

 

आज तपेदिक दिवस है। आज ही के दिन 1882 में डॉ. रॉबर्ट कोच ने क्षय रोग के जीवाणु माइकोबैक्टीरियम ट्यूबरकुलोसिस की पहचान की थी। इसका उद्देश्‍य तपेदिक के बारे में लोगों को जागरूक करना और इसके फैलाव को रोकना है।

 

******

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देशवासियों से भारत को टीबी मुक्त बनाने का आह्वान किया। राष्ट्रपति ने टीबी के बारे में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह दिवस मनाए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे टीबी रोग को नियंत्रित करने की चुनौतियों के बारे में लोग जागरूक हो सकेंगे।

 

******

 

आज दुनिया भर में ईसाई समुदाय पाम संडे मना रहा है। यह यरूशलेम में यीशु मसीह के विजयी प्रवेश की याद में मनाया जाता है और ईस्‍टर रविवार के साथ संपन्‍न होता है। ईसाई बहुल राज्य नागालैंड में पाम संडे पूरे धार्मिक उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने इस अवसर पर अपनी शुभकामनाएं व्यक्त की हैं।

 

******

 

भारत में सिंगापुर दूतावास ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में होली की शुभकामनाएं दीं हैं। भारत में सिंगापुर के उच्चायुक्त श्री साइमन वोंग ने एक्स से बातचीत में कामना व्यक्त की कि यह त्योहार सभी के जीवन में शांति और प्रसन्‍नता लाएगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश के बरसाना से होली समारोह की तस्वीरें भी साझा की।

 

******

 

अंत में मुख्‍य समाचार एक बार फिर

  • सरकार ने प्याज निर्यात पर प्रतिबंध अगले आदेश तक बढ़ाया।
  • वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा- उचित समय पर नीतिगत निर्णयों और आर्थिक सुधारों से भारत कोविड संकट से निपटने में सफल रहा।
  • पाकिस्तान के विदेश मंत्री मुहम्मद इशाक डार ने कहा- पाकिस्तान, भारत के साथ व्यापार संबंध बहाल करने पर गंभीरता से विचार करेगा।
  • मॉस्को आतंकी हमले में मृतकों की संख्या बढ़कर 133 हुई।
  • और महाराष्ट्र की नाहिद दिवेचा ने पंचकुला में इंडियन मास्टर्स राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक जीते।  

 

******