मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली में चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक फॉन्ट के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। विभिन्न क्षेत्रों में कई समझौतों पर हस्ताक्षर हुए।
- सरकार कल लोकसभा में वक्फ संशोधन विधेयक 2024 पेश करेगी।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने डिजिटल भुगतान प्रणाली में भारत को वैश्विक स्तर पर अग्रणी राष्ट्र बनाने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक के प्रयासों की सराहना की।
- गृह मंत्री अमित शाह ने कहा – सरकार नक्सल मुक्त भारत बनने की दिशा में कड़े कदम उठा रही है। कहा वामपंथी उग्रवाद से सबसे अधिक प्रभावित जिलों की संख्या 12 से घटकर 6 हुई।
- भारत ने भूकंप प्रभावित म्यांमा के लिए मानवीय सहायता बढ़ाई। सी-130जे विमान के अलावा भारतीय नौसेना के तीन जहाज राहत सामग्री लेकर रवाना।
- लखनऊ में आईपीएल टी20 क्रिकेट में आज शाम लखनऊ सुपर जायंट्स का मुकाबला पंजाब किंग्स से होगा।
——-
भारत और चिली ने आज आपदा प्रबंधन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान में सहयोग के लिए समझौतों का आदान-प्रदान किया। दोनों पक्षों ने अंटार्कटिका सहयोग पर आशय पत्र का भी आदान-प्रदान किया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज नई दिल्ली में चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक फॉन्ट के साथ भारत-चिली संबंधों के सभी पहलुओं पर बातचीत की। श्री मोदी ने गणमान्य अतिथि के सम्मान में दोपहर भोज का भी आयोजन किया।
श्री मोदी ने संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि चिली लैटिन अमेरिका में भारत का एक महत्वपूर्ण मित्र और साझेदार देश है। उन्होंने कहा कि आज की बातचीत में आने वाले दशक में सहयोग बढ़ाने के लिए कई नई पहलों की पहचान की गई है।
भारत के लिए चिली लैटिन अमरीका में एक महत्वपूर्ण मित्र और पार्टनर देश है। आज की चर्चाओं में हमने आने वाले दशक में सहयोग बढ़ाने के लिए कई नए इनिशियेटिव की पहचान की है। आपसी व्यापार और निवेश में वृद्धि का हम स्वागत करते हैं। हम सहमत हैं कि इसमें और अधिक सहयोग का अन टैप पोटेंशियल भी है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देश पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते पर चर्चा शुरू करने पर सहमत हुए हैं। उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में साझेदारी पर जोर दिया जाएगा। श्री मोदी ने कहा कि भारत डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना, नवीकरणीय ऊर्जा, रेलवे, अंतरिक्ष और अन्य क्षेत्रों में चिली के साथ अपने अनुभव साझा करने के लिए तैयार है।
आज की चचाओं हमने आने वाले दशक में सहयोग बढ़ाने के लिए कई नए इनिशियेटिव की पहचान की है। आपसी व्यापार और निवेश में वृद्धि का हम स्वागत करते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत चिली को अंटार्कटिका के प्रवेश द्वार के रूप में देखता है। प्रधानमंत्री ने इस महत्वपूर्ण क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए दोनों पक्षों के बीच आज आशय पत्र पर हुए समझौते का स्वागत किया।
इससे पहले राष्ट्रपति बोरिक ने राजघाट पर महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने राष्ट्रपति बोरिक से मुलाकात की और भारत-चिली सहयोग को मजबूत करने के लिए उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की।
श्री बोरिक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मिलेंगे। चिली के राष्ट्रपति पांच दिवसीय भारत यात्रा पर आज नई दिल्ली पहुंचे।
—–
लोकसभा में कल वक्फ संशोधन विधेयक 2025 विचार और पारित होने के लिए पेश किया जाएगा। संसदीय कार्य मत्रीं किरेन रिजिजू ने आज संसद भवन में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सदन में विधेयक पर आठ घंटे की चर्चा का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि कार्य मंत्रणा समिति की बैठक के दौरान इस बात पर सहमति बनी है कि सदन की राय जानने के बाद चर्चा का समय बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार विधेयक पर सभी सवालों का जवाब देने के लिए तैयार है।
श्री रिजिजू ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल अपनी तुष्टिकरण की राजनीति के कारण इस विधेयक के खिलाफ हैं।
—–
केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा है कि वक्फ संशोधन विधेयक का उद्देश्य किसी की संपत्ति जब्त करना नहीं, बल्कि न्याय देना है। संसद के बाहर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने विपक्ष पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया।
ये तो पहले ही टेबल हो चुका है जेपीसी से वापस आया है। जहां तक फॉर्मेलिटी है वो तो अभी चर्चा कब होता है, मुझे पता नहीं है, लेकिन ये जो मिसलीड कर रहे हैं। तो ये किसी की प्रोपर्टी हम वापस लेने की बात हमने नहीं की है। अदर मेन्योरिटी और मेज्येरिटी का।
इस बीच, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर इस विधेयक के बारे में एक विशेष अल्पसंख्यक समूह को गुमराह करने का आरोप लगाया है।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी सांसद पी. संदोष कुमार ने भी विधेयक पर चिंता जताते हुए कहा कि वक्फ संशोधन विधेयक के कुछ हिस्से असंवैधानिक हैं।
इस बीच, कांग्रेस सांसद उज्ज्वल रमन ने कहा कि वक्फ संशोधन विधेयक पर विस्तृत चर्चा होनी चाहिए और इसे जल्दबाजी में पारित नहीं किया जाना चाहिए।
संसद चर्चा करने की जगह है, लाएगा तो हम इस पर चाहेंगे कि चर्चा हो। आपाधापी में बिल को पास न किया जाए और जैसे विपक्ष ने संशोधन दिए थे, उन संशोधनों को सरकार को मान लेना चाहिए।
—–
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में उर्वरकों की बढ़ती कीमतों के बावजूद सरकार द्वारा किसानों को सस्ती दरों पर उर्वरक उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि उर्वरक कृषि उत्पादन के लिए आवश्यक घटक है और सरकार ने उर्वरक की बढ़ती कीमतों पर अंकुश लगाने के लिए कई कदम उठाए हैं।
पिछले दिनों लगातार अंतर्राष्ट्रीय बाजार में उर्वरकों की कीमतें बढ़ती रही हैं, लेकिन ये मोदी सरकार का संकल्प है कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार की बढ़ती हुई कीमतों का बोझ किसी भी कीमत पर किसान के ऊपर नहीं आने देंगे। यूरिया की एक बोरी जिसकी कीमत 1744 रुपए 50 पैसे होती है। यह मोदी जी की सरकार है, जो दो सौ 66 रुपया पचास पैसे में उपलब्ध करा रही है।
—–
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि भारतीय रिजर्व बैंक ने देश के भुगतान ढांचे को लगातार आधुनिक बनाकर और फिनटेक की तंत्र को बढ़ावा देकर भारत को डिजिटल भुगतान में वैश्विक स्तर पर अग्रणी देश बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मुंबई में आज आरबीआई के 90वीं वर्षगांठ समारोह में राष्ट्रपति ने कहा कि पिछले नौ दशकों में केंद्रीय बैंक की उल्लेखनीय यात्रा सरकार की दृष्टि और नीतियों के अनुरूप रही है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जैसे-जैसे भारत अपनी आजादी की शताब्दी के करीब पहुंच रहा है, विकसित भारत 2047 मिशन के लिए एक ऐसे वित्तीय पारिस्थितिकी तंत्र की जरूरत है जो अभिनव, अनुकूल और सभी के लिए सुलभ हो।
—–
गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि सरकार नक्सल मुक्त भारत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि देश में वामपंथी उग्रवाद से सबसे अधिक प्रभावित जिलों की संख्या 12 से घटकर छह रह गई है। गृहमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि सरकार नक्सलवाद के खिलाफ दृढ़ दृष्टिकोण के साथ सशक्त, सुरक्षित और समृद्ध भारत का निर्माण कर रही है।
—-
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपराध से निपटने के लिए तकनीकी-कानूनी दृष्टिकोण का आह्वान किया है। उन्होंने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सीबीआई के 62वें स्थापना दिवस के अवसर पर आज नई दिल्ली में 21वें डी पी कोहली स्मारक व्याख्यान के दौरान यह बात कही। श्री वैष्णव ने कहा कि नए युग में एआई द्वारा उठाई गई चुनौतियों को हल करने के लिए, सीबीआई को स्टार्टअप, उद्योग और शिक्षा जगत के साथ मिलकर काम करना चाहिए।
—–
भारत ने भूकंप प्रभावित म्यांमा को मानवीय सहायता बढ़ाई। सी-130जे विमान के अलावा भारतीय नौसेना के तीन जहाज राहत सामग्री लेकर रवाना हुए।
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कहा है कि ऑपरेशन ब्रह्मा के तहत भारतीय वायुसेना का सी-130 जे विमान आज सुबह 16 टन आवश्यक खाद्य सामग्री लेकर दिल्ली से मांडले के लिए रवाना हुआ। उन्होंने कहा कि भारतीय नौसेना के जहाज 442 मीट्रिक टन खाद्य सामग्री लेकर विशाखापत्तनम से रवाना हुआ है। विदेश मंत्री ने बताया कि मांडले में भारतीय सेना की फील्ड अस्पताल इकाई शुरू हो गई है।
—–
युवा कार्यक्रम और खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे ने आज नई दिल्ली में ई-स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव 2025 का उद्घाटन किया। उन्होंने ई-स्पोर्ट्स को एक उभरता हुआ क्षेत्र बताया और इसके प्रचार के लिए सरकार की प्रतिबद्धता की पुष्टि की। खेल राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में एक सशक्त खेल संस्कृति को बढ़ावा दिया जा रहा है।
आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में उन्होंने कहा कि इस तरह के सम्मेलन से खेल मंत्रालय को ई-स्पोर्ट्स के विभिन्न पहलुओं को समझने में मदद मिलती है।
मिनिस्ट्री की तरफ से हम भी प्रयास कर रहे हैं कि ई-स्पोर्ट्स को हम अच्छी तरह से समझें। उसके जो मेन, मेन मुद्दे हैं, कि उसमें हमें किस तरह से आगे बढ़ना है या उसमें फॉल्स क्या है, उसमें हम किस तरह से काम कर सकते हैं। इस तरह से अगर कॉम्प्ले होते हैं, तो काफी चीजें उसमें से निकल के बाहर आती हैं।
—–
भारतीय महिला हॉकी की दिग्गज खिलाड़ी वंदना कटारिया ने 15 साल से अधिक लंबे शानदार करियर के बाद अंतरराष्ट्रीय हॉकी से संन्यास लेने की आधिकारिक तौर पर घोषणा कर दी है।
320 अंतरराष्ट्रीय मैचों और 158 गोल के साथ, वंदना भारतीय महिला हॉकी के इतिहास में सबसे ज़्यादा मैच खेलने वाली खिलाड़ी हैं।
—–
आईपीएल टी20 क्रिकेट में, आज शाम साढ़े सात बजे लखनऊ सुपर जायंट्स का मुकाबला लखनऊ के एकाना क्रिकेट स्टेडियम में पंजाब किंग्स से होगा।
प्रतियोगिता में कल मुंबई इंडियंस ने मुंबई में कोलकाता नाइट राइडर्स को आठ विकेट से हरा दिया।
—-
भारतीय मूल की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स ने भारत के बढते अंतरिक्ष कार्यक्रम को अपना सहयोग देने और अनुभव साझा करने की इच्छा व्यक्त की है। अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से पृथ्वी पर लौटने के कुछ ही दिन बाद कल हुए संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने यह बात कही।
अंतरिक्ष से भारत को देखने के अपने विस्मयकारी अनुभव को उन्होंने अद्भुत बताया।
—–
देश आज प्रोजेक्ट टाइगर के 52 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहा है। यह एक अग्रणी पहल है जिसने वन्यजीव संरक्षण के परिदृश्य को बदल दिया। 1973 में, आज ही के दिन भारत सरकार ने देश की घटती बाघ आबादी की रक्षा के लिए इस अभियान की शुरुआत की थी।
—–
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली में चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक फॉन्ट के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। विभिन्न क्षेत्रों में कई समझौतों पर हस्ताक्षर हुए।
- सरकार कल लोकसभा में वक्फ संशोधन विधेयक 2024 पेश करेगी।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने डिजिटल भुगतान प्रणाली में भारत को वैश्विक स्तर पर अग्रणी बनाने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक के प्रयासों की सराहना की।
- गृह मंत्री अमित शाह ने कहा – सरकार नक्सल मुक्त भारत बनने की दिशा में कड़े कदम उठा रही है। कहा वामपंथी उग्रवाद से सबसे अधिक प्रभावित जिलों की संख्या 12 से घटकर 6 हुई।
- भारत ने भूकंप प्रभावित म्यांमा को मानवीय सहायता बढ़ाई। सी-130जे विमान के अलावा भारतीय नौसेना के तीन जहाज राहत सामग्री लेकर रवाना।
- लखनऊ में आईपीएल टी20 क्रिकेट में आज शाम लखनऊ सुपर जायंट्स का मुकाबला पंजाब किंग्स से होगा।
—–