मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को मॉरीशस की दो दिन की यात्रा पर जाएंगे।
- संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण कल से शुरू होगा।
- दिल्ली सरकार ने पात्र महिलाओं को ढ़ाई हजार रुपये प्रति माह देने के लिए महिला समृद्धि योजना को स्वीकृति दी।
- वित्त मंत्री निर्मला सीतारामण ने कहा- भारत आर्थिक विकास को बढ़ावा देने और सुचारू आपूर्ति श्रृंखला सुनिश्चित करने के लिए अमरीका के साथ एक सुगम व्यापार समझौते को प्रयासरत।
- खेलो इंडिया विंटर गेम्स का दूसरा चरण आज जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में शुरू होगा।
- आई.सी.सी. चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट के फाइनल में आज दुबई में भारत और न्यूजीलैंड आमने-सामने।
*****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को मॉरीशस की दो दिन की यात्रा पर जाएंगे। नई दिल्ली में कल शाम मीडिया से बातचीत में विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया है कि प्रधानमंत्री मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। श्री मोदी मॉरीशस के राष्ट्रपति धर्मवीर गोखुल से भेंट करेंगे और प्रधानमंत्री नवीन चन्द्र राम गुलाम तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ विचार विमर्श करेंगे।
विदेश सचिव ने कहा है कि प्रधानमंत्री की इस यात्रा से दोनों देशों को भागीदारी की समीक्षा करने और इसे मजबूती प्रदान करने का अवसर मिलेगा।
भारतीय सुरक्षाबलों का एक दल, नौसेना का एक जहाज और वायु सेना का आकाश गंगा का स्काईडाइविंग दल मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में शामिल होगा।
*****
संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण कल से शुरू होगा और ये 4 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान सदन की 20 बैठकें होंगी और वर्ष 2024-25 के लिये अनुदान मांगों और विनियोग विधेयक पर चर्चा होगी और मतदान होगा। इसके अलावा बैंकिंग कानून (संशोधन) विधेयक, तटीय नौवहन विधेयक-2024, त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय विधयेक, आव्रजन और विदेशी विधेयक-2025 तथा रेलवे (संशोधन) विधेयक सहित कई विधायी कार्यों पर चर्चा होगी और इन्हें पारित किया जाएगा।
बजट सत्र का पहला चरण 31 जनवरी से 13 फरवरी तक हुआ था। वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने पहली फरवरी को केन्द्रीय बजट पेश किया था।
*****
दिल्ली सरकार ने पात्र महिलाओं को ढाई हजार रुपये देने के लिये महिला समृद्धि योजना को स्वीकृति दे दी है। हमारे संवाददाता ने जानकारी दी है कि इस योजना को लागू करने के लिये पांच हजार एक सौ करोड रुपये का बजटीय प्रावधान किया गया है।
इस योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में एक समिति गठित की गई है। इस समिति में दिल्ली के मंत्री आशीष सूद, प्रवेश साहिब सिंह और कपिल मिश्रा सदस्य के रूप में शामिल हैं। दिल्ली कैबिनेट की मंजूरी के बाद एक प्रेस कांफ्रेंस कर मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला समृद्धि योजना के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करने के लिए एक पोर्टल लॉंन्च किया जाएगा।
चुनाव के अपने संकल्प पत्र में दिल्ली की बहनों से जो वायदा हमने महिला समृद्धि योजना के तहत किया था, उसको हमने कैबिनेट में मुहर लगा दी है। एक पोर्टल बना करके इसके रजिस्ट्रेशन को तुरंत शुरू किया जाएगा। महिलाओं को दिए जाने वाले इस वित्तीय लाभ के लिए पारदर्शिता, दक्षता और निर्बाध वितरण सुनिश्चित करने के लिए आधार आधारित ई–केवाईसी और उन्नत तकनीक का उपयोग किया जाएगा। सकलेन अखतर आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
*****
वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा है कि भारत आर्थिक विकास को बढ़ावा देने और सुचारू आपूर्ति श्रृंखला सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अमरीका के साथ एक सुगम व्यापार समझौते के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कल मुम्बई में एक पुरस्कार समारोह में यह बात कही।
वित्त मंत्री ने कहा कि बढ़ते वैश्विक टैरिफ विवाद के बीच, भारत को अमरीकी टैरिफ का सामना करने वाले देशों से माल की संभावित डंपिंग से बचने के लिए चतुराई से कदम उठाना होगा। उन्होंने कहा कि भारत किफायती आयात पर निर्भर घरेलू उद्योगों के हितों की रक्षा भी करेगा। भारत और अमरीका 2030 तक व्यापार को दोगुना करके 500 अरब डॉलर करने के लक्ष्य के साथ एक द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत कर रहे हैं। वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल कल अमरीका के वाणिज्य मंत्री के साथ व्यापार वार्ता करके वापस आये हैं। वित्तमंत्री ने यह भी कहा कि जीएसटी की दरें और कम होंगी तथा कर दरों और स्लैब को युक्तिसंगत बनाने का कार्य लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुका है। समाचार कक्ष से निखिल कुमार
*****
भारत ने हाल ही में हुए द्विपक्षीय व्यापार समझौतों के तहत ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात, स्विट्जरलैंड और नॉर्वे जैसे विकसित देशों के लिए लागू अपने औसत शुल्क को काफी हद तक घटा दिया है। सूत्रों के अनुसार, वर्तमान में यूरोपीय संघ और ब्रिटेन सहित अन्य भागीदार देशों के साथ भी इसी तरह की बातचीत जारी है।
इस वर्ष फरवरी में, भारत और अमरीका ने इस वर्ष के अंत तक पारस्परिक बहु-क्षेत्रीय द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण की बातचीत करने पर सहमति व्यक्त की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने वार्ता को आगे बढ़ाने के लिए वरिष्ठ प्रतिनिधियों को नामित करने का प्रस्ताव किया है। इसके बाद, वाणिज्य और उद्योग मंत्री, पीयूष गोयल के नेतृत्व में भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने इस सप्ताह वाशिंगटन का दौरा किया और अमरीका के वाणिज्य सचिव और अमरीकी व्यापार प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
*****
सीरिया के तटीय क्षेत्रों में जारी संघर्ष में मरने वालों की संख्या एक हजार से अधिक हो गई है, जिसमें सात सौ 45 नागरिक हैं। जाबलेह में बृहस्पतिवार को शुरू हुई हिंसा भूमध्य सागर तट तक पहुंच गई है। सीरियाई मानवाधिकार संस्था ने बताया है कि मृतकों में 125 सरकारी सुरक्षाकर्मी और 148 असद समर्थक आतंकवादी थे।
*****
श्रम मंत्रालय ने श्रमिकों से आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का लाभ उठाने के लिए स्वयं को पंजीकृत कराने का अनुरोध किया है। हमारी संवाददाता ने बताया है कि इस योजना के अंतर्गत किसी संगठन के साथ काम करने वाले श्रमिक ई–श्रम पोर्टल पर अपना पंजीकरण ऑनलाइन करा सकते हैं।
यह योजना योजना देश के 31 हजार से अधिक सार्वजनिक और निजी पैनलबद्ध अस्पतालों में द्वितीय और तृतीय श्रेणी के स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं के लिए प्रति परिवार प्रति वर्ष पांच लाख रुपये का कवरेज प्रदान करती है। देश की अर्थव्यवस्था में गिग और ऑनलाइन प्लेटफार्म से नौकरी प्राप्त करने वाले श्रमिकों के योगदान को स्वीकार करते हुये केन्द्रीय बजट में ई–श्रम पोर्टल पर इनका पंजीकरण करने, पहचान पत्र जारी करने और स्वास्थ्य देखभाल का प्रावधान किया गया है। नीति आयोग के अनुसार भारत की गिग अर्थव्यवस्था में एक करोड़ से अधिक श्रमिकों को रोजगार मिलने और 2029-30 तक कार्यबल बढ़कर दो करोड़ 35 लाख होने की उम्मीद है। इन बजटीय प्रावधानों का शीघ्र कार्यान्वयन सुनिश्चित करने के लिए मंत्रालय जल्द ही एक योजना शुरू करेगा। आनंद की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जया भारती।
*****
और अगर बात खेलों की जाए दुबई में आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले मैच में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।
म्यूजिक…भारत और न्यूजीलैंड के बीच हाल ही में हुए एक दिवसीय मुकाबलों ने आज एक रोमांचक मैच के लिए मंच तैयार कर दिया है। भारत एक मजबूत रिकॉर्ड के साथ फाइनल में पहुंचा है। मैच से पहले प्रेस वार्ता में भारतीय उपकप्तान शुभमन गिल ने कहा कि 2024 में भारत की ट्वेन्टी–ट्वेन्टी विश्व कप जीत ने टीम पर से दबाव कम कर दिया है।
लास्ट मैच में विराट भाई को देखा कि उन्होंने इतने इम्पोर्टेंट मैचेज इंडिया के लिए खेले हुए हैं और जितनी ज्यादा बार आपने वो प्रेसर हैंडल किया होता है तो आपको पता है कि मैंने ऑलरेडी ये चीज की हुई है तो एक्सपीरियेंस प्लेयर डेफेनट्ली काम आते है वहां पे। हालांकि भारत ने हाल के मैचों में अपना दबदबा दिखाया है, लेकिन दबाव में अच्छा प्रदर्शन करने की न्यूजीलैंड की क्षमता एक महत्वपूर्ण कारक बनी हुई है। आज होने वाले फाइनल मुकाबले के काफी रोमांचक होने की उम्मीद है। जिसमें भारत की मजबूत बल्लेबाजी का सामना न्यूजीलैंड के अनुभवी गेंदबाजी आक्रमण से होगा। दुबई से विनोद कुमार की रिपार्ट के साथ सामाचार कक्ष से मुकेश कुमार बल।
*****
वहीं खेलो इंडिया विंटर गेम्स का दूसरा चरण आज जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में शुरू हो रहा है। इसमें स्कीइंग और स्नोबोर्डिंग में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। दूसरा चरण 22 से 25 फरवरी तक आयोजित होना था, लेकिन गुलमर्ग में बर्फ की कमी के कारण इसे स्थगित करना पड़ा। इन खेलों का पहला चरण इस वर्ष जनवरी में लद्दाख के लेह में आयोजित किया गया था। पहले चरण में केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख विजयी रहा था।
*****
अंतरराष्ट्रीय मास्टर्स लीग ट्वेंटी-ट्वेंटी क्रिकेट टूर्नामेंट में कल छत्तीसगढ़ के रायपुर में इंडिया मास्टर्स ने वेस्टइंडीज़ मास्टर्स को सात रन से हरा दिया। प्रतियोगिता में कल रायपुर में श्रीलंका मास्टर्स का सामना इंग्लैड मास्टर्स से होगा। मैच शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा।
*****
मौसम विभाग ने आज पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ वर्षा होने और बिजली चमकने का अनुमान लगाया है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बारिश की संभावना है।
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ
धन्यवाद फरहत, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कल महिला समृद्धि योजना को मंजूरी मिलने की खबर सभी अखबारों की पहली सुर्खी बनी है – हिन्दुस्तान लिखता है – दिल्ली की महिलाओं को 2500 रुपये मिलेंगे, हर महीने आर्थिक मदद का प्रस्ताव कैबिनेट में पास। भारत और न्यूजीलैंड में आज खिताबी भिडंत, विराट और रोहित के कैरियर का यह हो सकता है आखिरी बड़ा मैच। जनसत्ता सहित कई अखबारों की सुर्खी है। चेन्नई के ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी से देश को मिले एक सौ 33 लेफ्टिनेंट, इनमें 24 महिलाएं और 12 विदेशी सैन्य अफसर की भी ट्रेनिंग पूरी कर चुके – दैनिक भास्कर में है। 22 भाषाओं के रचनाकार साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित, दैनिक जागरण की खबर है। जनसत्ता ने मुख्य अतिथि रंगकर्मी महेश दत्तानी के शब्द प्रकाशित किए हैं। भाषाई विविधता हमारी राष्ट्रीय पहचान भी है। तेल-घी ज्यादा खाने से भूलने की बीमारी-शोधकर्ताओं का दावा भोजन से है इंसान की याददाश्त का नाता-हिन्दुस्तान की सुर्खी है। धन्यवाद देवेंद्र
*****
मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को मॉरीशस की दो दिन की यात्रा पर जाएंगे।
- संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण कल से शुरू होगा।
- दिल्ली सरकार ने पात्र महिलाओं को ढ़ाई हजार रुपये प्रति माह देने के लिए महिला समृद्धि योजना को स्वीकृति दी।
- वित्त मंत्री निर्मला सीतारामण ने कहा- भारत आर्थिक विकास को बढ़ावा देने और सुचारू आपूर्ति श्रृंखला सुनिश्चित करने के लिए अमरीका के साथ एक सुगम व्यापार समझौते को प्रयासरत।
- खेलो इंडिया विंटर गेम्स का दूसरा चरण आज जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में शुरू होगा।
- आई.सी.सी. चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट के फाइनल में आज दुबई में भारत और न्यूजीलैंड आमने-सामने।
*****