मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा – सभी के लिए स्वास्थ्य उनकी सरकार के ‘सबका साथ, सबका विकास’ संकल्प का मुख्य स्तंभ। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में बागेश्वर धाम चिकित्सा और विज्ञान अनुसंधान संस्थान की आधारशिला रखी।
- आकाशवाणी पर अपने मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने लोगों से बच्चों और युवाओं में विज्ञान के बारे में जिज्ञासा बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक रूप में एक दिन बिताने का आग्रह किया।
- महिला शांति सैनिकों का पहला सम्मेलन कल नई दिल्ली में शुरू होगा। सैनिक योगदान देने वाले 35 देश सम्मेलन में शामिल होंगे।
- जर्मनी में चांसलर ओलाफ स्कोल्ज़ का गठबंधन टूटने के बाद नई संसद के चुनाव के लिए मतदान जारी।
- क्रिकेट में, पाकिस्तान ने दुबई में आईसीसी पुरुष चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के सामने 242 रन का लक्ष्य रखा। विराट कोहली वनडे में भारत के लिए सर्वाधिक कैच लेने वाले खिलाडी बनें।
****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि ‘सबके लिए स्वास्थ्य’ उनकी सरकार के संकल्प- ‘सबका साथ, सबका विकास’ का एक प्रमुख स्तंभ है। प्रधानमंत्री ने आज मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में बागेश्वर धाम चिकित्सा एवं विज्ञान शोध संस्थान की आधारशिला रखते हुए कहा कि इस संस्थान में गरीब कैंसर रोगियों को मुफ्त इलाज मिलेगा।
कैंसर के इलाज से संबंधित सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए श्री मोदी ने कहा कि इस वर्ष के बजट में कैंसर का मुकाबला करने के लिए कई घोषणाएं की गई है।
कैंसर की दवाओं को और सस्ता किया जाएगा। अगले 3 साल में देश के हर जिले में कैंसर टेक केयर सेंटर खोले जाएंगे। टेक केयर सेंटर में जांच भी होगी और आराम करने की सुविधा भी होगी। आपके पड़ोस में ही जो जिला अस्पताल है, चिकित्सा केंद्र है, वहां कैंसर क्लिनिक भी खोले जा रहे हैं।
सनातन धर्म पर कुछ राजनीतिक दलों के बयानों की आलोचना करते हुए श्री मोदी ने कहा कि नेताओं का एक गुट है जो धर्म का मजाक बनाता है।
गुलामी की मानसिकता से घिरे हुए लोग हमारे मत, मान्यताओं और मंदिरों पर हमारे संत, संस्कृति और सिद्धांतों पर हमला करते रहते हैं। जो धर्म, जो संस्कृति, स्वभाव से ही प्रगतिशील है उसे पर यह कीचड़ उछालने की हिम्मत दिखाते हैं।
श्री मोदी ने कहा कि हमारे सन्तों ने हमें आयुर्वेद और योग का विज्ञान दिया है जिसे आज पूरी दुनिया में स्वीकार किया जा रहा है। मध्य प्रदेश, बिहार और असम की अपनी तीन दिवसीय यात्रा के तहत प्रधानमंत्री आज मध्य प्रदेश पहुंचे। वे भोपाल में दो दिवसीय वैश्विक निवेशक शिखर सम्मेलन 2025 का भी उद्घाटन करेंगे।
कल प्रधानमंत्री बिहार के भागलपुर जाएंगे, जहां वे प्रधानमंत्री किसान योजना की 19वीं किस्त जारी करेंगे। वो बिहार में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण भी करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी झुमोर बिनंदिनी-मेगा झुमोर 2025 कार्यक्रम में भाग लेने के लिए गुवाहाटी जाएंगे।
****
इससे पहले आज सुबह आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम श्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस-ए आई के क्षेत्र में भारत तेजी से अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि भारत के लोग नई प्रौद्योगिकी अपनाने में किसी से पीछे नहीं हैं। उन्होंने हाल ही में पेरिस में आयोजित ए आई सम्मेलन के अपने अनुभव साझा किये।
प्रधानमंत्री ने इस बात पर प्रकाश डाला कि युवाओं की भागीदारी से अंतरिक्ष और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विभिन्न क्षेत्रों में नई क्रांति आ रही है। उन्होंने इस बात पर गर्व व्यक्त किया कि देश ने पिछले महीने इसरो के जरिए अपना 100वां रॉकेट छोड़ा। प्रधानमंत्री ने अंतरिक्ष वैज्ञानिकों की टीम में नारी शक्ति की भागीदारी बढ़ने पर भी संतोष व्यक्त किया। उन्होंने इस बात पर भी प्रसन्नता जताई कि अंतरिक्ष क्षेत्र हमारे युवाओं को बहुत प्रिय है।
इस महीने की 28 तारीख को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाने के परिप्रेक्ष्य में प्रधानमंत्री ने श्रोताओं को सुझाव दिया कि वे अपना एक दिन वैज्ञानिक के रूप में बिताएं।
हमारे बच्चों का, युवाओं का साइंस में इंटरेस्ट और पेंशन होना बहुत मायने रखता है। इसे लेकर मेरे पास एक आईडिया है जिसे आप वनडे एज ए साइंटिस्ट कह सकते हैं। यानी आप अपना एक दिन एक साइंटिस्ट के रूप में बिता कर देखें। आप अपनी सुविधा के अनुसार कोई भी दिन चुन सकते हैं। उस दिन आप रिसर्च में प्लैनेटेरियम या फिर स्पेस सेंटर जैसी जगहों पर जरूर जाएं।
****
महिला शांति सैनिकों के लिए ग्लोबल साउथ के परिप्रेक्ष्य में महिला शांति सैनिकों की भूमिका विषय पर अपनी तरह का पहला सम्मेलन कल नई दिल्ली में शुरू होगा। दो दिन के इस सम्मेलन का आयोजन विदेश मंत्रालय ने रक्षा मंत्रालय और संयुक्त राष्ट्र शांति सैन्य केंद्र के सहयोग से किया है।
सम्मेलन में ग्लोबल साउथ से शांति सेना में योगदान करने वाले 35 देशों की महिला शांति सैनिकों के हिस्सा लेने की संभावना है। विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर इस सम्मेलन में प्रमुख भाषण देंगे।
****
दिल्ली की नवगठित विधानसभा का तीन दिन का पहला सत्र कल से शुरू हो रहा है। सत्र के पहले दिन नए विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी और विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। दूसरे दिन दिल्ली के उप-राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना सदन को संबोधित करेंगे और पिछली सरकार के कामकाज से जुड़ी कैग रिपोर्टें प्रस्तुत की जाएंगी। श्री सक्सेना ने विधायक अरविंदर सिंह लवली को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया है। श्री लवली नव-निर्वाचित विधायकों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलायेंगे।
इस बीच, विधायक दल की बैठक के बाद प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि कल से शुरू होने वाले तीन दिवसीय विधानसभा सत्र में कैग रिपोर्ट को पेश करना सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा होगा।
पहले ही सदन में सीएजी की रिपोर्ट हम सदन के पटल पर रखेंगे। जनता की गाढ़ी खून, पसीने की कमाई, जिसका पिछली सरकारों ने दुरूपयोग किया। एक-एक रूपये का हिसाब जनता को देना होगा।
श्रीमती रेखा गुप्ता ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में श्रीमती रेखा गुप्ता का कार्यकाल दिल्ली को नई ऊंचाइयों की ओर ले जाएगा और लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करेगा।
वहीं, आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी को दिल्ली विधानसभा में विपक्ष का नेता चुना गया है। यह फैसला आज नई दिल्ली में आम आदमी पार्टी विधायक दल की बैठक में किया गया।
****
तेलंगाना में नगर कुरनूल जिले के दोमलापेंटा में श्रीसैलम लैफ्ट बैंक केनाल सुरंग परियोजना के भीतर फंसे लोगों को बाहर निकलने के लिए बचाव अभियान तेज कर दिया गया है। कल सुबह हुई इस घटना में दो इंजीनियर और छह कामगार सुरंग के भीतर फंस गये तथा कई अन्य घायल हो गये।
राज्य के मंत्री कृष्णा राव घटना स्थल पर सिंचाई मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी के साथ मौजूद हैं। हमारे संवाददाताओं को बताया कि बचाव दलों ने सुरंग में फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए कई प्रयास किये हैं।
सेना, आपदा प्रबंधन और सिंगरेनी कोयला खनन टीमों के साथ बचाव दलों के ठोस प्रयासों के बावजूद एसएलबीसी सुरंग में फंसे हुए व्यक्तियों तक पहुंचने में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों के अनुसार, बचाव दल सुरंग के अंदर लगभग 12 किलोमीटर तक पहुंच गए हैं। लेकिन सुरंग का आखिरी हिस्सा खतरनाक स्थिति में है और मलबा हटाने के लिए आगे की खुदाई से सुरंग के ढहने की आशंका है। अभियान की देखरेख कर रहे राज्य के मंत्रियों ने बताया कि इससे बचाव अभियान के लिए गंभीर चुनौती खड़ी हो गई है। हालांकि पानी निकालने का काम शुरू हो गया है, लेकिन यह अनुमान लगाना मुश्किल है कि बचाव दल कब तक फंसे लोगों तक पहुंच पाएगा। उन्होंने बताया कि अंदर फंसे लोगों को बचाने के सभी विकल्पों पर विचार किया जा रहा है। हैदराबाद से लक्ष्मी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मनीषा खन्ना।
इस बीच तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा को बचाव कार्य से अवगत कराया गया है। राज्यपाल ने सुरंग में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए सभी प्रयास करने के निर्देश दिये हैं।
****
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने काशी को भारत का सांस्कृतिक केंद्र बताते हुए कहा है कि काशी तमिल संगमम काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने विशेष संबंध का उत्सव है।
वाराणसी में आज परंपरा, तकनीक और दुनिया पर काशी तमिल संगमम के शैक्षणिक सत्र को संबोधित करते हुए श्री जयशंकर ने कहा कि भारत विविधताओं वाला देश है और विभिन्न संस्कृतियों के बावजूद यह एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना को दर्शाता है।
****
जर्मनी के चांसलर ओलाफ स्कोल्ज़ का गठबंधन टूटने के बाद देश में नई सरकार के गठन के लिए मतदान जारी है। इस चुनाव से नई संसद का फैसला होगा। इस मध्यावधि चुनाव में तकरीबन पांच करोड़ नब्बे लाख पात्र मतदाता हैं। भारतीय समयानुसार मतदान आज रात 10 बजकर तीस मिनट पर समाप्त होगा।
****
इस्राइल ने अपने कब्जे वाले वेस्ट बैंक में टैंक भेजकर सैन्य अभियान तेज करने और फलस्तीनियों द्वारा खाली किये गये क्षेत्र में सेना रखने की घोषणा की है। इससे हजारों फलस्तीनी लोगों को अपने घरों की ओर वापसी करने से रोका जा सकेगा।
इस्राइली रक्षा मंत्री इस्राइल कटज् ने आज कहा कि उन्होंने वेस्ट बैंक के कुछ शरणार्थी शिविरों में सेना को बने रहने के निर्देश दिये हैं।
****
खबरें महाकुंभ से:-
प्रयागराज में महाकुंभ में आज 1 करोड़ 18 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया। महाकुंभ में आज कांची कामकोटि पीठ महाकुंभ मेला महोत्सव का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी महोत्सव में उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने श्री कांची कामकोटि पीठ के शिविर में पहुंचकर शंकराचार्य श्री शंकर विजयेन्द्र सरस्वती जी से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने कांची पीठ के पूर्व शंकराचार्य जयेन्द्र सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर श्री आदित्यनाथ ने कांची कामकोटि पीठ के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इस पूज्य पीठ की परंपरा ने सनातन धर्म के जनजागरण और अभिवृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि अब तक 62 करोड़ श्रद्धालु त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगा चुके हैं और आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकुम्भ सनातन धर्म की दिव्यता और विराटता का प्रतीक है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सनातन धर्म और महाकुम्भ से जुड़े हर आयोजन को भव्यता प्रदान करने के लिए सरकार संकल्पबद्ध है। वहीं, शंकराचार्य शंकर विजयेन्द्र सरस्वती ने महाकुम्भ की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन सरकार और जनता की सहभागिता का अद्भुत उदाहरण है। इसके अलावा श्री आदित्यनाथ विष्णुस्वामी संप्रदाय की सतुआ बाबा पीठ पहुंचे जहां उन्होंने महामंडलेश्वर संतोषाचार्य जी महाराज यानी सतुआ बाबा से भेंट की। आदर्श के साथ अभिषेक कपिल आकाशवाणी समाचार प्रयागराज।
****
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, हिन्दी और अंग्रेजी में अपने साप्ताहिक फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में, कल रात साढे नौ बजे “पुनर्चक्रण और अपशिष्ट प्रबंधन” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। इसमें अपशिष्ट प्रबंधन विशेषज्ञ डॉक्टर सुनील पांडे तथा पर्यावरणविद् मुकुल सनवाल के साथ चर्चा प्रसारित की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान, श्रोता हमारे टेलीफोन नंबर 0 1 1 – 2 3 4 2 1 0 5 0 पर प्रश्न पूछे जा सकते हैं।
****
दुबई में चैंपियंस ट्रॉफी एकदिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता में पाकिस्तान ने भारत को 242 रन का लक्ष्य दिया है। जवाब में भारत ने ताजा समाचार मिलने तक 32वें ओवर में 2 विकेट पर 172 रन बना लिए हैं। विरोट कोहली 65 और श्रेयस अय्यर 38 रन बनाकर खेल रहे हैं। इस बीच, कोहली ने वनडे में सबसे तेजी से 14 हजार रन बनाने वाले बल्लेबाज और सबसे ज्यादा 158 कैच लेने वाले भारतीय खिलाड़ी भी बन गए हैं।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा – सभी के लिए स्वास्थ्य उनकी सरकार के ‘सबका साथ, सबका विकास’ संकल्प का मुख्य स्तंभ। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में बागेश्वर धाम चिकित्सा और विज्ञान अनुसंधान संस्थान की आधारशिला रखी।
- आकाशवाणी पर अपने मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने लोगों से बच्चों और युवाओं में विज्ञान के बारे में जिज्ञासा बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक रूप में एक दिन बिताने का आग्रह किया।
- महिला शांति सैनिकों का पहला सम्मेलन कल नई दिल्ली में शुरू होगा। सैनिक योगदान देने वाले 35 देश सम्मेलन में शामिल होंगे।
- जर्मनी में चांसलर ओलाफ स्कोल्ज़ का गठबंधन टूटने के बाद नई संसद के चुनाव के लिए मतदान जारी।
- क्रिकेट में, पाकिस्तान ने दुबई में आईसीसी पुरुष चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के सामने 242 रन का लक्ष्य रखा। विराट कोहली वनडे में भारत के लिए सर्वाधिक कैच लेने वाले खिलाडी बनें।
****