मुख्य समाचार :-
• प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को इस सदी में मानवता के लिए कोड लिखने वाली एक निर्णायक शक्ति बताया। उन्होंने पेरिस में एआई शिखर सम्मेलन में इसके परिवर्तनकारी प्रभाव को रेखांकित किया।
• विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा- भारत और फ्रांस के बीच द्विपक्षीय संबंध परिपक्व होने के साथ ही व्यापार की भूमिका बढ़ रही है।
• राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा- भारत यूनानी पद्धति में शिक्षा, अनुसंधान, स्वास्थ्य देखभाल और दवाओं के निर्माण में विश्वभर में अग्रणी।
• वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में बताया- सरकार का ध्यान कृषि, एमएसएमई, निवेश और निर्यात को विकास इंजन बनाने के साथ-साथ गांवों में समृद्धि लाने पर है।
• कांगो के इतुरी प्रांत में मिलिशिया लड़ाकों के हमले में 55 लोगों की मौत।
• पंकज आडवाणी ने भारतीय स्नूकर चैम्पियनशिप में 36वां राष्ट्रीय खिताब जीता।
*****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेरिस में एआई शिखर सम्मेलन में, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस-एआई के परिवर्तनकारी प्रभाव पर प्रकाश डालते हुए इसे वर्तमान सदी में मानवता के लिए कोड लिखने वाली एक निर्णायक शक्ति बताया है।
प्रधानमंत्री ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉ के साथ शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता की। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि एआई किसी भी पिछली महत्वपूर्ण तकनीकी उपलब्धि के विपरीत है, जिसके लिए शासन के लिए वैश्विक, दायित्वपूर्ण और समावेशी दृष्टिकोण की आवश्यकता होती है।
प्रधानमंत्री ने स्वास्थ्य देखभाल, शिक्षा और कृषि में क्रांति लाकर, सतत विकास लक्ष्यों की दिशा में प्रगति को तेज और अधिक प्रभावी बनाकर लाखों लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए एआई की क्षमता को रेखांकित किया। उन्होंने प्रौद्योगिकी को लोकतांत्रिक बनाने, जन-केंद्रित अनुप्रयोग बनाने और विशेष रूप से ग्लोबल साउथ में सभी को ए आई यांत्रिक मेधा के लाभ सुनिश्चित करने के महत्व पर बल दिया।
*****
संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुतेरश ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस-एआई के लोकतंत्रीकरण का आह्वान किया है। उन्होंने आगाह किया कि एआई की क्षमताओं का केन्द्रीकरण बढने से भू-राजनीतिक विभाजन के गहराने का जोखिम है। पेरिस में एआई शिखर सम्मेलन में श्री गुतरेश ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल विकसित और विकासशील देशों के बीच खाईं को बढाने के लिए नहीं बल्कि इसे पाटने के लिए किया जाना चाहिए।
*****
विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने आज कहा कि भारत और फ्रांस के बीच द्विपक्षीय संबंधों की परिपक्वता के कारण व्यापार की भूमिका में विस्तार हो रहा है। पेरिस में आज शाम 14वें भारत-फ्रांस मुख्यकार्यकारी अधिकारियों के मंच के उद्घाटन सत्र में डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत और फ्रांस स्वतंत्र विचारधाराओं की परम्परा वाले दो राष्ट्र हैं। उन्होंने कहा कि द्विपक्षीय संबंध विश्वास संचालित और मूल्यों पर आधारित हैं। श्री जयशंकर ने कहा कि भारत और फ्रांस एक-दूसरे की स्थिति को सुदृढ बनाने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।
14वें भारत-फ्रांस मुख्यकार्यकारी अधिकारियों की बैठक में विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने डिजिटल युग में विश्वास और पारदर्शिता के महत्व पर बल दिया। उन्होंने भारत तथा फ्रांस के बीच साझा मूल्यों का आह्वान भी किया। डॉ. जयशंकर ने कहा कि वर्ष 2026 को भारत-फ्रांस के नवाचार वर्ष के रूप में नामित किया गया है।
*****
प्रधानमंत्री मोदी ने आज पेरिस में एआई एक्शन शिखर सम्मेलन से अलग एस्टोनिया के राष्ट्रपति अलार कारिस से मुलाकात की। यह दोनों नेताओं के बीच पहली मुलाकात थी। विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों नेताओं ने आर्थिक, सूचना प्रौद्योगिकी और डिजिटल, सांस्कृतिक, पर्यटन और दोनों देशों के लोगों के सम्पर्क सहित भारत-एस्टोनिया के संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
*****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि इस समय यूनानी पद्धति में शिक्षा, अनुसंधान, स्वास्थ्य देखभाल और औषधि निर्माण के क्षेत्र में भारत का दुनिया में अग्रणी स्थान है। राष्ट्रपति ने आज नई दिल्ली में यूनानी दिवस पर दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि आज युनान और मध्य एशिया के देशों में यूनानी चिकित्सा पद्धति का उपयोग भारत से कम होता है। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि यूनानी प्रणाली से जुड़े शोधकर्ता और चिकित्सक आधुनिक प्रौद्योगिकी को अपना रहे हैं।
हमारे देश में स्वास्थ्य के प्रति समग्र दृष्टिकोण अपनाया जाता है। विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों को समुचित सम्मान देते हुए उन्हें सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। नेशनल हेल्थ पॉलिसी 2017 के अनुसार यूनानी सहित आयुष चिकित्सा प्राणियों को मुख्यधारा में लाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। नेशनल कमिशन फॉर इंडियन सिस्टम ऑफ़ मेडिसिन के दिशा-निर्देश में उन्हें यूनानी चिकित्सा के शिक्षण संस्थानों में अध्ययन और शोध कार्य चल रहा है। यूनानी मेडिकल कॉलेज में एमडी और पीएचडी प्रोग्राम भी शुरू कर रही है।
केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा कि सरकार यूनानी चिकित्सा और अन्य भारतीय औषधि प्रणालियों के विकास को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रत्येक वर्ष 11 फरवरी को यूनानी दिवस मनाया जाता है। यह प्रख्यात यूनानी चिकित्सक, शिक्षक और स्वतंत्रता सेनानी हकीम अजमल खान की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है।
*****
प्रधानमंत्री ने कहा है कि पिछले एक दशक में भारत 10वें स्थान से बढ़कर 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। प्रधानमंत्री ने आज भारत ऊर्जा सप्ताह का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि देश की गैर-जीवाश्म ईंधन ऊर्जा क्षमता तीन गुना बढ़ी है।
*****
केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज नई दिल्ली में आईआईएएस-डीएआरपीजी इंडिया कॉन्फ्रेंस 2025 का औपचारिक उद्घाटन किया। डॉ. सिंह ने कहा कि पहली बार इस सम्मेलन की मेजबानी करना भारत के लिए गर्व का क्षण है। इस वर्ष के सम्मेलन का विषय अगली पीढ़ी के प्रशासनिक सुधार सभी लोगों तक पहुँचना है।
*****
वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा है कि सरकार कृषि, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम, निवेश और निर्यात को विकास इंजन बनाने के साथ-साथ गांवों में समृद्धि लाने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट 2025-26 में देश के 100 सबसे पिछड़े जिलों में कृषि उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया गया है। वित्त मंत्री ने आज लोकसभा में केंद्रीय बजट पर चर्चा का उत्तर देते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रभावी पूंजीगत व्यय चार दशमलव तीन प्रतिशत है और राजकोषीय घाटा सकल घरेलू उत्पाद का चार दशमलव चार प्रतिशत है।
इससे पहले चर्चा में भाग लेते हुए समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर पर लोगों तक नहीं पहुंच रहा है।
कांग्रेस के सालेंग संगमा ने अमरीका से भारतीयों के निर्वासन के मुद्दे पर सरकार से सवाल किया।
भारतीय जनता पार्टी की हेमा मालिनी ने कहा कि महिलाओं और किसानों पर ध्यान केंद्रित करते हुए देश में तेजी से विकास हो रहा है। इसके बाद सदन की कार्यवाही बृहस्पतिवार को सवेरे 11:00 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
*****
राज्यसभा में आज आम बजट 2025 – 26 पर फिर से चर्चा की शुरुआत हुई। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के भागवत कराड ने कहा कि सरकार द्वारा किये गये उपायों के कारण राजकोषीय घाटा शून्य दशमलव चार प्रतिशत तक कम हुआ है। इस चर्चा में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रफुल्ल पटेल ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आने वाले वर्षों में देश विश्व की तीसरी सबसे बडी अर्थव्यवस्था बनेगा। राज्यसभा की कार्यवाही बृहस्पतिवार को सवेरे 11:00 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
*****
खबरें महाकुंभ से…
प्रयागराज के महाकुंभ में कल माघी पूर्णिमा स्नान से पहले आज एक करोड़ 9 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने संगम में पवित्र डुबकी लगाई। इस भव्य उत्सव में इस वर्ष 10 लाख से अधिक कल्पवासी शामिल होंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि अब तक 45 करोड़ 80 लाख से अधिक श्रद्धालु संगम में पवित्र स्नान कर चुके हैं और लाखों श्रद्धालु अभी भी संगम पर पहुंच रहे हैं।
गंगा, यमुना और सरस्वती नदियों के पवित्र संगम पर आस्था और भक्ति का सैलाब उमड़ रहा है। संत, श्रद्धालु, कल्पवासी और हर वर्ग के लोग पवित्र स्नान कर रहे हैं। इसी क्रम में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और मेघालय के राज्यपाल सी. एच. विजयशंकर ने आज त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाई और पूजा-अर्चना की। वरिष्ठ भाजपा नेता और लोकसभा सांसद मनोज तिवारी ने भी पवित्र स्नान किया।
नई दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से शोधकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल आज महाकुंभ में पहुंचा। यह दल अध्ययन प्रमाण पत्र कार्यक्रम के तहत पहुंचा है और आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर शोध कर रहा है। उद्योगपति मुकेश अंबानी ने भी अपने परिवार के साथ त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाई। अभिनेता विद्युत जामवाल ने भी पवित्र स्नान किया।
*****
कांगो के इतुरी प्रांत में विस्थापित लोगों के एक शिविर पर मिलिशिया लड़ाकों के हमले में 55 नागरिक मारे गए।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
• प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को इस सदी में मानवता के लिए कोड लिखने वाली एक निर्णायक शक्ति बताया। उन्होंने पेरिस में एआई शिखर सम्मेलन में इसके परिवर्तनकारी प्रभाव को रेखांकित किया।
• विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा- भारत और फ्रांस के बीच द्विपक्षीय संबंध परिपक्व होने के साथ ही व्यापार की भूमिका बढ़ रही है।
• राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा- भारत यूनानी पद्धति में शिक्षा, अनुसंधान, स्वास्थ्य देखभाल और दवाओं के निर्माण में विश्वभर में अग्रणी।
• वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में बताया- सरकार का ध्यान कृषि, एमएसएमई, निवेश और निर्यात को विकास इंजन बनाने के साथ-साथ गांवों में समृद्धि लाने पर है।
• कांगो के इतुरी प्रांत में मिलिशिया लड़ाकों के हमले में 55 लोगों की मौत।
• पंकज आडवाणी ने भारतीय स्नूकर चैम्पियनशिप में 36वां राष्ट्रीय खिताब जीता।
*****